कॅरियर में कभी न करें जल्दबाजी      Publish Date : 11/07/2025

                  कॅरियर में कभी न करें जल्दबाजी

                                                                                                                                                         प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

अपनी रुचियों, उपलब्ध अवसरों और बदलते परिदृश्य पर नजर रखते हुए आगे की योजना की ओर करें अपना ध्यान केंद्रित-

अपने कॅरियर की योजना बनाना बिल्कुल किसी ‘रोड ट्रिप’ की योजना बनाने के जैसा है, क्योंकि इसके लिए बहुत अधिक शोध की आवश्यकता होती है। यह जरूरी नहीं कि आपके द्वारा लिया गया हर निर्णय आपके भविष्य के लिए भी जरूरी हो। इसलिए अपने कॅरियर में आपको एक ही ट्रैक पर चलने की जरूरत नहीं है।

इसके लिए आप अपने अनुभवों का एक पोर्टफोलियो तैयार कर सकते हैं। आपको अपने विकल्पों का पता लगाने, अवसरों का मूल्यांकन करने और अपने लिए मौजूद सबसे अच्छा विकल्प चुनने के लिए एक व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना होगा।

अपने आपसे प्रश्न करें

समय से पहले ही अपने भविष्य की योजनाएं बनाने के लिए कतई जल्दबाजी न करें। आपको अपनी रुचियों, उपलब्ध अवसरों और बदलते परिदृश्य पर नजर रखते हुए ही कॅरिअर की आगे की योजना बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जब आप अपने कॅरियर की शुरुआत में धीरे-धीरे आगे बढ़ते हैं, तो आप वास्तव में आनंदित होकर अधिक सीख पाते हैं।

कॅरियर के प्रत्येक पड़ाव पर अपने आपसे प्रश्न करने के लिए समय निकालें, जैसे- मुझे निकट भविष्य के लिए अपने किन कौशलों को निखारना चाहिए? मैं इस समय किस चीज को लेकर अधिक उत्सुक हूं? और मुझे अपने कॅरियर में आगे बढ़ने के लिए क्या अनुभव हासिल करना चाहिए?

असंभावित अवसरों के लिए भी हरदम तैयार रहें

यदि कॅरियर की राह में आपको आगे कोई बाधा दिखाई दे, तो आप एक निःसंकोच नए मार्ग की ओर अपना रूख कर सकते हैं। अपने कॅरियर के मुश्किल पड़ाव पर रुककर आत्म- चिंतन व मूल्यांकन करें कि आप किस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। असंभावित संभावनाओं वाले रास्ते पर चलने के लिए अपने आपको प्रेरित करें। रचनात्मक रूप से अपने कौशल को जोड़े और असंभावित अवसरों का लाभ उठाने के लिए स्वयं को तैयार करें।

सामुदायिक नेटवर्किंग कौशल है बहुत जरूरी

कॅरियर की राह पर आप अपने द्वारा विकसित किए गए कौशल, प्राप्त किए गए अनुभव और बनाएं गए नेटवर्किंग के माध्यम से नई योजनाओं को बनाने में सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जैसे-जैसे आप खोजबीन करते हैं कि आप जीवन के किस पड़ाव पर थे और अब कहां जाना चाहते हैं, तो इनके बीच एक संबंध तलाशने का अभ्यास करें। इन सभी में जरूरी सामुदायिक नेटवर्किंग कौशल के माध्यम से आपको एक ऐसी भूमिका निभाने में मदद मिल सकती है, जिसकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।

थोड़ा सा रुकें और दिशा-निर्देश तय करें

अपने कॅरियर के रोड ट्रिप पर आपको अकेले जाने की जरूरत नहीं है। बल्कि अपने गुरुओं, मित्रों और सहकर्मियों के सुझावों को अपना साथी बनाया जा सकता है। उनसे पूछें कि नई दिशा में जाने के लिए मुझे किन नए कौशलों की आवश्यकता होगी? इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अपनी पृष्ठभूमि का सर्वोत्तम लाभ कैसे उठाया जा सकता है? मेरी स्थिति में आप नौकरी खोजने की क्या सलाह देना चाहेंगे? इन सुझाव के साथ आप अपने कॅरियर को बेहतर दिशा प्रदान कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।