आंकड़ों की दुनिया में नौकरियां      Publish Date : 05/06/2025

                 आंकड़ों की दुनिया में नौकरियां

                                                                                                                                                      प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

12वीं के बाद आंकड़ों और डेटा एनालिसिस पर अच्छी पकड़ रखने वालों के लिए देश के साथ ही विदेश में भी अवसर उपलब्ध हैं।

सूचना क्रॉन्ति के इस युग में केवल आर्थिक जगत ही नहीं, प्रत्येक क्षेत्र में आंकड़ों को सांख्यिकी की सहायता से गणितीय रूप से निर्धारित किया जाता है।

इस क्षेत्र के पेशेवर वास्तविक दुनिया की समस्याओं को हल करने के लिए डेटा एकत्र करने, उसकी व्याख्या करने और विश्लेषण करने के लिए सांख्यिकीय विधियों का उपयोग करते हैं। आंकड़ों और डेटा एनलिसिस पर अच्छी पकड़ और विशेषज्ञता रखने वालों के लिए स्टैटिस्टिक्स के क्षेत्र में देश और विदेश में नौकरी के अच्छे अवसर मौजूद हैं। वर्तमान समय में ‘‘स्टैटिस्टिक्स’’ छात्रों के बीच कॅरियर के रूप में चुनने के लिए सबसे अच्छे विकल्पों में से एक बन चुका है।

स्टैटिस्टिक्स है क्या

स्टैटिस्टिक्स एक ऐसी गणितीय विधि है, जिसमें न्यूमेरिकल डेटा जुटाने, विश्लेषण और प्रस्तुतीकरण जैसे कार्य बहुत प्रभावी ढंग से किए जाते हैं। अर्थशास्त्र में स्टैटिस्टिक्स की काफी अहमियत होती है। प्रति व्यक्ति आय, बेरोजगारी, जनसंख्या वृद्धि मापने जैसे कई कार्य स्टैटिस्टिक्स की मदद से किए जाते हैं। स्टैटिस्टिक्स में डेटा और टेक्निक आधारित आर्थिक समस्याओं के समाधान, जैसे-वेज प्राइस, टाइम सीरीज एनालिसिस और डिमांड एनालिसिस जैसे कार्य भी किए जाते हैं।

12वीं के बाद प्रवेश प्रक्रिया

अच्छे अंकों के साथ 10+2 परीक्षा कॉमर्स या गणित के साथ सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद, सांख्यिकी में किसी भी स्नातक डिग्री पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए इंडियन स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट के सर्वाेच्च संस्थान में दाखिला लेने के लिए आपको प्रवेश परीक्षा से होकर गुजरना पड़ता है।

कोर्स की विविधता

सांख्यिकी के लिए कई कोर्स उपलब्ध हैं, इसलिए आपको अपने कौशल और ज्ञान के अनुसार अपने स्नातक पाठ्यक्रम को समझदारी से चुनना चाहिए। स्नातक कोर्स करने के बाद आप उसी क्षेत्र में मास्टर डिग्री पाठ्यक्रम ले सकते हैं। अधिक विशेषज्ञता हासिल करने के लिए एमफिल या पीएचडी किया जा सकता है। इसके अलावा सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स भी कर सकते हैं। आप चाहें, तो 12वीं विज्ञान के बाद पांच साल का इंटीग्रेटेड स्टैटिस्टिक्स एमएससी कोर्स में भी प्रवेश ले सकते हैं।

विदेश में भी हैं अवसर

आप भारत के साथ-साथ विदेश में भी स्टैटिस्टिशियन, रिस्क एनालिस्ट, डाटा एनालिस्ट, मैथमेटिशियन आदि पदों पर नौकरी की तलाश कर सकते हैं। सेंसर्स, मार्केट रिसर्च, फार्मास्यूटिकल, टीचिंग और बैंकिंग क्षेत्र में भी छात्रों के लिए रोजगार के अवसर मौजूद हैं। इसके अतिरक्त आप सिविल सेवा, भारतीय सांख्यिकी सेवा और भारतीय आर्थिक सेवा परीक्षाओं के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, निदेशक प्रशिक्षण, सेवायोजन एवं विभागाध्यक्ष प्लांट बायोटेक्नोलॉजी संभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।