दीपावली की रौनक के बीच कर्तव्य का उजास      Publish Date : 12/11/2026

दीपावली की रौनक के बीच कर्तव्य का उजास

दीवाली अपनों के साथ खुशियां बांटने और घर-आंगन रोशन करने का त्योहार है, लेकिन कुछ लोगों की दीपावली दूसरों की जिंदगी और खुशियां सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाते हुए गुजरती है। पुलिस कर्मी अथवा अधिकारी हो या अस्पताल के बर्न वार्ड में तैनात डाक्टर, वे त्योहार पर अपने परिवार से दूर रहकर समाज के प्रति अपने दायित्व को सर्वोपरि रखते हैं।

इस दूरी में अपनों के साथ त्योहार न मना पाने की कसक भी मौजूद रहती है और किसी की जान बचाने, किसी परिवार को सुरक्षित रखने का सुकून भी। उनकी इस जिम्मेदारी में परिवार का त्याग, समझ और मौन सहयोग भी शामिल है। आखिर अपनों से दूर रहकर दूसरों के घरों की दीपावली रोशन करने वालों और उनके परिवारों के मन में क्या चलता है, इस बार के रविवार विशेष में दो कहानियों के माध्यम से इसी को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

जब लोग मना रहे होते हैं त्योहार, तब मरीजों की सांसें बचाने में जुटी होती हैं

दीपावली पर जब देश दीयों की रोशनी में जगमगा रहा होता है, परिवार एक-दूसरे के साथ खुशियां बांट रहे होते हैं, तब कुछ डाक्टर-नर्स मरीजों की जिंदगी बचाने में जुटे होते हैं। उनके लिए त्योहार का मतलब छुट्टी नहीं, दूसरों की खुशियां और जिंदगी सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी है।

  • 15,35,155 एलोपैथिक डाक्टर देश में पंजीकृत हैं भारतीय चिकित्सा रजिस्टर के अनुसार।
  • देश में इस समय 7, 51, 768 आयुष चिकित्सक देश में पंजीकृत हैं। इनमें आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी पद्धति के चिकित्सक भी शामिल हैं।
  • शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 86,360 पीजी मेडिकल सीटें देश में उपलब्ध थीं।
  • 1: 778 है देश में डाक्टर और आबादी का अनुमानित अनुपात। इसमें एलोपैथिक और आयुष चिकित्सकों को शामिल किया गया है।
  • 39.40 लाख नर्सिंगकर्मी देश में उपलब्ध हैं। इनमें नर्स और अन्य नर्सिंग पेशेवर शामिल हैं।
  • शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 1, 28, 976 एमबीबीएस सीटें देश के मेडिकल कालेजों में उपलब्ध थीं।

जालंधर के सिविल अस्पताल में 11 साल से सेवाएं दे रहीं डा. हरवीन कौर ऐसी ही मिसाल हैं। इस सेवाकाल में आठ बार त्योहार पर स्वजन के साथ नहीं रहीं। उन्होंने ड्यूटी को वरीयता दी।

                                 

डा. हरवीन कहती हैं कि डाक्टर बनने के बाद ली गई शपथ में मरीज की सेवा सबसे ऊपर है। दीपावली पर ड्यूटी की बात आती है तो खुद आगे आकर हामी भर देते हैं, क्योंकि बर्न वार्ड व इमरजेंसी में अनुभवी स्टाफ की जरूरत होती है। परिवार के साथ त्योहार मनाने की इच्छा तो होती है, पर जब इलाज के बाद कोई बच्चा मुस्कुराता हुआ लौटता है तो बहुत खुशी मिलती है। मेरे लिए यह जिम्मेदारी मजबूरी नहीं, सेवा का संकल्प है।

डा. हरवीन कहती हैं कि दीपावली की रात पटाखों से झुलसे बच्चों, बड़ों और धुएं से सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। मरीज की पीड़ा के साथ स्वजन की बेचैनी को संभालना भी जिम्मेदारी होती है। पांच साल पहले की घटना का जिक्र करते हुए वह कहती हैं कि दीपावली की शाम ड्यूटी पर निकलने से पहले वह बेटी तनुप्रीत के साथ पटाखे चला रही थीं, तभी एक पटाखा उनके पैर पर फूट गया और वह घायल हो गईं। परिवार ने आराम करने की सलाह दी, पर उन्होंने पट्टी बंधवाई और ड्यूटी पर पहुंचीं।

बेटी को मां पर गर्व, कहा-उनका पहला कर्तव्य सेवा है

                                 

डा. हरवीन की बेटी तनुप्रीत कौर कहती हैं कि मां एक डाक्टर हैं और आज भी उनका पहला कर्तव्य मरीजों की सेवा है। परिवार ने कभी उनकी ड्यूटी को लेकर मलाल नहीं किया। दीपावली साहब ही मनाते हैं, बस समय बदल जाता है। मां ड्यूटी पर जाने से पहले या लौटने के बाद त्योहार मनाती है। परिवार को उनके समर्पण पर गर्व है।

इस तरह के डाक्टर होते हैं बड़ी ताकत: मेडिकल सुपरिंटेंडेंट

सिविल अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. नमिता घई कहती हैं कि स्वास्थ्य सेवाएं 24 घंटे चलती हैं और त्योहारों पर आपात स्थितियों के कारण डाक्टरों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। डा. हरवीन जैसी अनुभवी और समर्पित डाक्टर अस्पतालों की ताकत हैं। सभी को उनके जैसा ही सोचना चाहिए। त्योहारों पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए रोटेशन, क्षतिपूर्ति अवकाश और सम्मान की व्यवस्था भी की जाती है।