
सकारात्मक परिवर्तनों का दौर ले कर आ रहा दीपों का पर्व Publish Date : 22/10/2025
सकारात्मक परिवर्तनों का दौर ले कर आ रहा दीपों का पर्व
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
दीपावली का पर्व भगवान राम के अयोध्या लौटने अर्थात राम राज्य के आने के शुभ संकेत हैं। राम राज्य में सभी सुखी रहेंगे किसी को किसी प्रकार का भय और कष्ट नहीं रहेगा, अपना देश इस दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।
प्रयागराज में त्रिवेणी के संगम पर आयोजित होने वाले महाकुंभ ने अपने हिंदू समाज को एक नई दिशा दी, विश्व भर में फैले करोड़ों हिन्दुओं की एक आवाज बनकर सभी संतों और सभी धर्म प्रेमियों ने एक स्वर में कहा हिन्दव: सोदरा सर्वे न हिंदू पतितो भवेत्। अब हिंदू समाज में किसी प्रकार के भेदभाव को स्थान नहीं है। कुंभ में थाली थैला अभियान ने पर्यावरण के प्रति जागृति का एक दृष्टिकोण हमे दिया है कि करोड़ों हिंदू समाज एक स्थान पर अपने धार्मिक आयोजनों में प्रकृति की सुरक्षा को ले कर कितना सजग है और इसका परिणाम यह रहा कि एक स्वच्छ कुंभ का आयोजन हो सका।
अमेरिका जैसे देश की परवाह भी नहीं करते हुए हमने अपनी शर्तों पर व्यापार करना शुरू कर दिया है, भारत की शक्ति भारत के लोगों के ध्यान में आने लगी है। आधुनिक जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली मशीनों के लिए चिप का निर्माण भारत में होना न केवल आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ता कदम है बल्कि किसी प्रकार की चुनौती के समय किसी पर निर्भर न रहते हुए अपनी सुरक्षा करने की सक्षमता भी हममें है यह विश्वास भारत के वैज्ञानिकों, व्यावसायिक जगत के लोग और राजनैतिक नेतृत्व ने दिखाया है। हाल के महीनों में जब पाकिस्तान का मुखौटा लगा कर विश्व के कुछ देश मिलकर भारत के साथ युद्ध कर रहे थे तब भारतीय सेनाओं ने अपने देश में निर्मित हथियारों और अपने हौसलों से अदभुत पराक्रम दिखाते हुए उनको मुंह तोड़ उत्तर दे रहे थे।

इसके परिणाम स्वरूप भारत का प्रत्येक नागरिक उस काल का अनुभव कर रहा है जब भगवान कृष्ण ने ब्रज की रक्षा के लिए पूरा गोवर्धन ही उठा लिया था और पूरे व्रज वासी उसके नीचे खड़े हो गए थे। आज स्व के भाव जागरण का जो वातावरण बन रहा है यह सभी प्रकार से हमारा सुरक्षा कवच है। दीपावली पर देवी लक्ष्मी की बात न हो तो दीपावली पूरी नहीं हो सकती और भारत तेज गति से दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है। हाल के दिनों में कम हुई GST की दरों ने सामान्य परिवारों की खुशयों को बढ़ाते हुए उनके सपनो के प्रति उनके भीतर विश्वास पैदा किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के समय सभी भारतीय नागरिकों ने जिस प्रकार एकजुटता का परिचय दिया है उससे देश को बहुत बड़ी शक्ति प्राप्त हुई है और उसका अनुभव अब परिवारों में भी होने लगा है कि हम एक साथ होते हैं तो बड़ी चुनौती से लड़ना आसान हो जाता है, अतः हमारी अगली पीढ़ियों में भी यह संस्कार रहे कि एकता में ही शक्ति है कि चर्चा परिवारों में स्वाभाविक होनी चाहिए। जिन जिन क्षेत्रों में हमे अभी प्रकाश के अभाव का अनुभव हो रहा है उन क्षेत्रों में एक दीपक अपने व्यवहार का हम जला सकेंगे तो राम राज्य का चित्र और स्पष्ट होता चल जाएगा। आपको दीपोत्सवों की अनेक अनेक शुभकामनाएं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
