
संरक्षित खेती का स्मार्ट विज्ञान: मौसम को मात, फलों की खेती Publish Date : 26/11/2026
संरक्षित खेती का स्मार्ट विज्ञान: मौसम को मात, फलों की खेती
प्रो0 आर. एस. सेंगर, डॉ0 शालिनी गुप्ता एवं डॉ0 रेशु चौधरी
कल्पना कीजिए कि किसी किसान ने पूरे वर्ष अपने सेब के बगीचे की देखभाल की है। बाजार में अच्छी कीमत मिलने की आशा में समय पर सिंचाई की, खाद डाली, कीटों और रोगों से पेड़ों का बचाव किया तथा जिसके फलस्वरूप पेड़ों पर आकर्षक सेब लगे, तभी अचानक आसमान में बादल घिरते हैं और कुछ ही मिनटों में तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि शुरू हो जाती है। और देखते ही देखते सुंदर सेबों पर गहरे निशान पड़ जाते हैं। जिन फलों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाना था, वे अब स्थानीय मंडी में भी बहुत कम कीमत पर किसान को बेचने पड़ेंगे। किसान की वर्ष भर की मेहनत कुछ ही मिनटों में व्यर्थ हो जाती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए ‘संरक्षित खेती’ की जाती है।
यह केवल किसी एक किसान की कहानी नहीं है। जलवायु परिवर्तन के इस दौर में भारत सहित दुनिया के अनेक देशों के फल उत्पादक ऐसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। कहीं असमय वर्षा हो रही है, कहीं भीषण गर्मी फलों को झुलसा रही है, कहीं पाला फूलों को नष्ट कर देता है तो कहीं नए कीट और रोग, उत्पादन को प्रभावित कर रहे हैं। मौसम की यह अनिश्चितता अब कृषि वैज्ञानिकों और किसानों, दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
सौभाग्य से विज्ञान ने इस चुनौती का समाधान भी खोज लिया है। आज ऐसी तकनीकें विकसित हो चुकी हैं जो बगीचों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के साथ-साथ फलों की गुणवत्ता भी बेहतर बनाती हैं। इन तकनीकों को सामूहिक रूप से ‘संरक्षित खेती’ (Protected Cultivation) कहा जाता है। यदि सरल शब्दों में समझें तो यह फसलों को एक ऐसा सुरक्षा कवच प्रदान करने की व्यवस्था है, जिससे पौधों को अनुकूल वातावरण मिल सके और वे बदलते मौसम के बीच भी स्वस्थ रहकर बेहतर उत्पादन दे सकें।
लंबे समय तक यह माना जाता था कि संरक्षित खेती केवल सब्जियों और फूलों के लिए उपयोगी है। पॉलीहाउस और ग्रीनहाउस का नाम आते ही लोगों के मन में टमाटर, शिमला मिर्च या विदेशी फूलों की खेती की तस्वीर उभरती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वैज्ञानिकों ने सिद्ध किया है कि फलों की खेती में भी यह तकनीक उतनी ही उपयोगी है। आज सेब, आडू, कीवी, ब्लूबेरी, स्ट्रॉबेरी, अंगूर, अनार और कई अन्य फल संरक्षित खेती के माध्यम से अधिक सुरक्षित और लाभदायक ढंग से उगाए जा रहे हैं। यही कारण है कि फल उत्पादन में संरक्षित खेती को जलवायु-स्मार्ट कृषि की सबसे प्रभावी तकनीकों में गिना जाने लगा है।
संरक्षित खेती का मूल सिद्धांत बहुत सरल है। यदि पौधे को अत्यधिक गर्मी, तेज वर्षा, ओलावृष्टि, तेज हवा या पाले से बचा लिया जाए और उसके आस-पास का वातावरण नियंत्रित रखा जाए, तो वह अपनी पूरी क्षमता के साथ विकसित होगा। इसी उद्देश्य से विशेष प्रकार के जाल (Nets), पॉलीहाउस, हाई टनल, वर्षा-आवरण और ग्रीनहाउस जैसी संरचनाओं का उपयोग किया जाता है। ये संरचनाएं केवल छाया देने का काम नहीं करतीं, बल्कि पौधों तक पहुँचने वाले प्रकाश, तापमान, आर्द्रता और वर्षा की मात्रा को भी संतुलित करती हैं। परिणामस्वरूप, पौधों की संतुलित वृद्धि होती है और उत्पादित फल आकार, रंग, स्वाद तथा गुणवत्ता की दृष्टि से बेहतर बनते हैं।
संरक्षित खेती की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह प्रकृति से संघर्ष नहीं करती, बल्कि उसके साथ तालमेल स्थापित करती है। उदाहरण के लिए, यदि किसी क्षेत्र में ओलावृष्टि की संभावना अधिक है, तो पूरे बगीचे को मजबूत जाल से ढक दिया जाता है। यदि अधिक वर्षा से फल फटने या रोग फैलने का खतरा है, तो विशेष वर्षा-आवरण लगाए जाते हैं। यदि तेज धूप फलों की सतह को नुकसान पहुँचा सकती है, तो ऐसे जाल लगाए जाते हैं जो प्रकाश को नियंत्रित कर पौधों तक पहुँचाते हैं। इस प्रकार मौसम को बदला नहीं जाता, बल्कि पौधों के लिए उसके प्रभाव को अनुकूल बनाया जाता है।
इसी कारण आधुनिक बागवानी में संरक्षित खेती को केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि प्रबंधन की नई सोच माना जा रहा है। पहले किसान मौसम का इंतजार करता था और जो परिस्थितियां मिलती थीं, उसी के अनुसार उत्पादन करता था। अब वैज्ञानिक तकनीकों की सहायता से मौसम के दुष्प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इससे न केवल उत्पादन स्थिर रहता है, बल्कि फलों की गुणवत्ता भी लगातार बेहतर होती है।
इस तकनीक का एक और महत्वपूर्ण पक्ष पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा है। जब पौधे सुरक्षित वातावरण में उगते हैं तो उन पर कीटों और रोगों का प्रकोप अपेक्षाकृत कम होता है। परिणामस्वरूप रासायनिक कीटनाशकों का उपयोग घटता है। इसी प्रकार सूक्ष्म सिंचाई और फर्टिगेशन जैसी प्रणालियों के साथ संरक्षित खेती अपनाने पर पानी और उर्वरकों का उपयोग भी अधिक दक्षता से किया जा सकता है। इसका लाभ केवल किसान को ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और उपभोक्ताओं को भी मिलता है, क्योंकि कम रसायनों के उपयोग से अधिक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध होते हैं।
एक समय था जब किसान केवल अच्छी उपज को सफलता का मापदंड मानता था। आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अब बाजार में वही फल अधिक मूल्य प्राप्त करता है जो देखने में आकर्षक हो, आकार में एक समान हो, लंबे समय तक सुरक्षित रह सके और गुणवत्ता के मानकों पर खरा उतरे। संरक्षित खेती इन सभी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यही कारण है कि विकसित देशों के साथ-साथ भारत में भी फल उत्पादकों की रुचि इस दिशा में तेजी से बढ़ रही है।
सेब के बगीचों का सुरक्षा कवच
भारत के पर्वतीय क्षेत्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल में सेब की खेती का विशेष महत्व है। लेकिन यही फसल मौसम की अनिश्चितताओं से सबसे अधिक प्रभावित भी होती है। मार्च और अप्रैल में यदि पाला पड़ जाए तो फूल झुलस जाते हैं। मई-जून में ओलावृष्टि हो जाए तो तैयार हो रहे फल क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। कई बार तेज धूप भी फलों की सतह पर ऐसे दाग छोड़ देती है, जिन्हें ‘सनबर्न’ के नाम से जाना जाता है।
इन्हीं समस्याओं का समाधान है ओला-रोधी जाल (Anti-hail Nets)। पहली दृष्टि में ये साधारण जाल दिखाई देते हैं, किंतु इनके पीछे वर्षों का वैज्ञानिक अनुसंधान छिपा है। मजबूत खंभों और तारों के सहारे पूरे बगीचे के ऊपर फैलाए गए ये जाल ओलों को सीधे फलों से टकराने नहीं देते। साथ ही ये तेज हवा की तीव्रता को भी कम कर देते हैं। इससे फलों के गिरने और शाखाओं के टूटने की संभावना घट जाती है।
दिलचस्प बात यह है कि इन जालों का लाभ केवल ओलों से सुरक्षा तक सीमित नहीं है, ये धूप की तीव्रता को भी संतुलित करते हैं, जिससे फलों पर धूप से होने वाले दाग भी कम पड़ते हैं, साथ ही पक्षियों द्वारा होने वाली क्षति से भी फलों को बचाया जा सकता है। परिणामस्वरूप फल अधिक चमकदार, एकसमान रंग वाले और निर्यात योग्य गुणवत्ता के बनते हैं। वैज्ञानिक अध्ययनों से स्पष्ट हुआ है कि जिन क्षेत्रों में बार-बार ओलावृष्टि होती है, वहां इन जालों पर किया गया निवेश कुछ ही वर्षों में किसानों को बेहतर आय के रूप में वापस मिल जाता है।
जब जाल केवल सुरक्षा नहीं, बल्कि उत्पादन भी बढ़ाने लगे
विज्ञान की प्रगति ने साधारण जालों को भी स्मार्ट बना दिया है। आज ऐसे प्रकाश-चयनात्मक (Photo-selective) जाल विकसित किए जा चुके हैं, जो केवल छाया नहीं देते, बल्कि पौधों तक पहुँचने वाले प्रकाश की गुणवत्ता को भी बदल देते हैं।
हम जानते हैं कि सूर्य का प्रकाश अनेक रंगों का मिश्रण होता है। प्रत्येक रंग की तरंगदैर्ध्य अलग होती है और पौधे उन पर अलग-अलग प्रकार से प्रतिक्रिया करते हैं। वैज्ञानिकों ने इसी सिद्धांत का उपयोग करते हुए विभिन्न रंगों के विशेष जाल विकसित किए हैं। लाल रंग के जाल कुछ परिस्थितियों में फलों को जल्दी पकने में सहायता करते हैं। नीले जाल पौधों की बढ़वार को संतुलित रखते हैं और उनकी शाखाओं के विकास को बेहतर बनाते हैं। मोती जैसे हल्के रंग के जाल प्रकाश को समान रूप से फैलाकर पूरे वृक्ष को पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराते हैं तथा पीले रंग के जाल कुछ कीटों के व्यवहार को प्रभावित करने में भी सहायक पाए गए हैं।
यह सुनने में किसी विज्ञान कथा जैसा लगता है कि केवल जाल का रंग बदलने से फलों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, लेकिन आधुनिक बागवानी में यह सिद्ध हो चुका है। वैज्ञानिकों ने पाया है कि उपयुक्त रंग के जाल के चयन से फल का आकार, रंग, मिठास और उत्पादन सभी में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। इस प्रकार संरक्षित खेती केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं रही, बल्कि पौधों के विकास को वैज्ञानिक ढंग से नियंत्रित करने की तकनीक बन चुकी है।
जब बारिश भी बन जाती है दुश्मन
आमतौर पर वर्षा को कृषि के लिए वरदान माना जाता है, लेकिन फल उत्पादकों के लिए असमय वर्षा हानिकारक होती है। लगातार होने वाली बारिश से पेड़ों की पत्तियां लंबे समय तक गीली रहती हैं, जिससे अनेक फफूंदजनित रोग तेजी से फैलते हैं। सेब में स्कैब जैसे रोग इसी कारण गंभीर रूप ले लेते हैं। अधिक वर्षा से कई बार फल फट भी जाते हैं और स्वाद भी पनीला हो जाता है।
देश के विभिन्न राज्यों में फल उत्पादक नई तकनीकों को अपनाने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सेब के बगीचों में ओला-रोधी जाल तेजी से लगाए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि को किसानों का सबसे बड़ा शत्रु माना जाता था, लेकिन अब वही किसान वैज्ञानिक सुरक्षा संरचनाओं की सहायता से अपनी फसल को सुरक्षित रखने में सफल हुए हैं।
इसी समस्या के समाधान के लिए वर्षा-आवरण (Rain Shelters) विकसित किए गए हैं। ये पारदर्शी संरचनाएं पेड़ों को सीधे वर्षा से बचाने के साथ पर्याप्त प्रकाश भी अंदर आने देती हैं। पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं, जिससे रोग फैलने की संभावना कम हो जाती है। कीटनाशकों और फफूंदनाशकों का प्रयोग भी घटता है। इस प्रकार किसान कम रसायनों का उपयोग करके स्वच्छ और सुरक्षित फल पैदा कर सकता है।
ओती आडू की खेती से लाभ
यदि किसी फल को दूसरे से पाँच या छह दिन पहले बाजार में पहुँचा दिया जाए तो उसकी कीमत कई गुना बढ़ सकती है। यही कारण है कि आडू उत्पादक देशों में संरक्षित खेती तेजी से लोकप्रिय हुई है।
ग्रीनहाउस और हाई-टनल जैसी संरचनाओं के भीतर तापमान बाहरी वातावरण की तुलना में अधिक अनुकूल रहता है। फलस्वरूप पेड़ों में फल जल्दी आते हैं, फल तेजी से विकसित होते हैं और तुड़ाई भी सामान्य समय से पहले हो जाती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, कई परिस्थितियों में आडू की फसल 10 से 20 दिन पहले तक तैयार की जा सकती है। इसका सीधा लाभ किसान को मिलता है, क्योंकि बाजार में उस समय फलों की उपलब्धता कम, एवं कीमत अधिक मिलती है।
हालांकि संरक्षित वातावरण में एक नई चुनौती भी सामने आती है। खुले बगीचों में मधुमक्खियों और अन्य परागणकर्ता स्वाभाविक रूप से फूलों तक पहुँच जाते हैं, लेकिन बंद संरचनाओं में ऐसा हमेशा संभव नहीं होता। इसलिए वैज्ञानिकों ने भौंरों (Bumblebees) जैसे प्रभावी परागणकर्ताओं का उपयोग प्रारंभ किया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि संरक्षित खेती केवल ढाँचा बनाने का नाम नहीं, बल्कि सम्पूर्ण बाग प्रबंधन का विज्ञान है।
कीवी: जब एक जाल बीमारी से भी बचाए
कीवी विश्व के सबसे लोकप्रिय फलों में गिना जाता है, लेकिन इसकी खेती अनेक जीवाणुजनित रोगों से प्रभावित होती है। इनमें बैक्टीरियल कैंकर सबसे गंभीर माना जाता है। यह रोग तेजी से फैलता है और पूरे बगीचे को नुकसान पहुँचा सकता है। वैज्ञानिकों ने पाया कि विशेष रूप से मोती रंग के प्रकाश-चयनात्मक जाल इस समस्या को कम करने में सहायक हो सकते हैं। ये वर्षा की बूंदों के सीधे संपर्क को कम करते हैं और बगीचे के भीतर ऐसा वातावरण बनाते हैं जिसमें रोग का प्रसार अपेक्षाकृत धीमा हो जाता है। साथ ही बेलों की वृद्धि संतुलित रहती है और फलों की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।
यह उदाहरण बताता है कि भविष्य की खेती केवल दवाओं पर निर्भर नहीं रहेगी। कई बार किसी रोग का समाधान रसायनों में नहीं, बल्कि बगीचे के सूक्ष्म वातावरण को बदलने में भी छिपा होता है।
ब्लूबेरी: स्वाद भी, स्वास्थ्य भी
पिछले कुछ वर्षों में ब्लूबेरी जैसे विदेशी फलों की मांग भारत में तेजी से बढ़ी है। अपने उच्च एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण इसे ‘सुपर फूड’ कहा जाता है। लेकिन यह पौधा अधिक वर्षा, तेज हवा और तापमान के उतार-चढ़ाव के प्रति संवेदनशील होता है।
हाई-टनल और अन्य संरक्षित संरचनाओं में उगाई गई ब्लूबेरी बड़े व समान आकार वाली, तथा आकर्षक होती है। वैज्ञानिकों ने यह भी देखा कि ऐसी संरचनाओं में पौधों को कम पर्यावरणीय तनाव झेलना पड़ता है, जिससे उत्पादन स्थिर रहता है।
हालांकि कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया कि खुले वातावरण में उगी ब्लूबेरी की तुलना में संरक्षित परिस्थितियों में एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा कुछ कम हो सकती है। यही कारण है कि वैज्ञानिक अब एलईडी प्रकाश, स्मार्ट फर्टिगेशन और विशेष प्रकाशीय फिल्मों जैसी तकनीकों पर कार्य कर रहे हैं, ताकि उत्पादन और पोषण गुणवत्ता दोनों को एक साथ बढ़ाया जा सके।
आज स्पष्ट हो चुका है कि संरक्षित खेती किसी एक फल या एक क्षेत्र तक सीमित तकनीक नहीं है। सेब, आडू, कीवी और ब्लूबेरी के अनुभव यह सिद्ध करते हैं कि यदि स्थानीय जलवायु और फसल की आवश्यकता के अनुसार उचित संरचना का चयन किया जाए तो उत्पादन, गुणवत्ता और किसानों की खेती में सार्थक सुधार संभव है। यही कारण है कि भारत में भी अब इस दिशा में रुचि तेजी से बढ़ रही है।
भारत में संभावनाओं का नया क्षितिज
कुछ दशक पहले तक भारत में संरक्षित खेती का नाम मुख्यतः पॉलीहाउस में उगाई जाने वाली सब्जियों और फूलों से जुड़ा था। फलों की खेती में इसका उपयोग बहुत सीमित था। किंतु जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों ने परिस्थितियों बदल दी है। अब किसानों को यह समझ आने लगा है कि यदि उत्पादन को स्थिर बनाए रखना है और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बने रहना है, तो केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं होगा।
देश के विभिन्न राज्यों में फल उत्पादक नई तकनीकों को अपनाने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सेब के बगीचों में ओला-रोधी जाल तेजी से लगाए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में एक समय ओलावृष्टि को किसानों का सबसे बड़ा शत्रु माना जाता था, लेकिन अब वही किसान वैज्ञानिक सुरक्षा संरचनाओं की सहायता से अपनी फसल को सुरक्षित रखने में सफल हुए हैं।
महाराष्ट्र, हरियाणा और पंजाब में स्ट्रॉबेरी उत्पादकों ने पॉलीहाउस और लो-टनल जैसी संरचनाओं का सफल उपयोग करके न केवल बेहतर गुणवत्ता के फल प्राप्त किए हैं, बल्कि उन्हें समय से पहले बाजार में भी पहुँचाया है। इसी प्रकार महाराष्ट्र और कर्नाटक के अंगूर उत्पादक वर्षा-आश्रयों का उपयोग कर फलों के फटने और रोगों की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित कर रहे हैं। अनार के बगीचों में छाया-जालों के प्रयोग से तेज धूप से होने वाले नुकसान में कमी आई है और फलों का रंग तथा बाहरी आकर्षण बेहतर हुआ है। ये उदाहरण बताते हैं कि संरक्षित खेती अब किसी प्रयोगशाला तक सीमित अवधारणा नहीं रही। यह धीरे-धीरे भारतीय किसानों के खेतों तक पहुँच रही है और उनके अनुभवों का हिस्सा बनती जा रही है।
विदेशी नहीं, भारतीय परिस्थितियों के अनुकूल तकनीक
अक्सर यह धारणा बनाई जाती है कि संरक्षित खेती केवल विकसित देशों के लिए ही उपयुक्त है। वास्तव में ऐसा नहीं है। भारत जैसे विविध जलवायु वाले देश में इस तकनीक की उपयोगिता और भी अधिक है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याएं भिन्न हैं और संरक्षित खेती इन्हीं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार अपनी जा सकती है।
उदाहरण के लिए, राजस्थान और गुजरात जैसे गर्म एवं शुष्क क्षेत्रों में सूर्य की तीव्र किरणों से फलों की रक्षा अधिक महत्वपूर्ण है, जबकि हिमालयी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और पाला प्रमुख चुनौती हैं। पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी घाट में अत्यधिक वर्षा से रोगों का प्रकोप बढ़ जाता है, इसलिए वहां वर्षा-आवरण और बेहतर वायु-संचार वाली संरचनाएं अधिक उपयोगी सिद्ध हो सकती हैं। यही कारण है कि वैज्ञानिक अब एक ही प्रकार की संरचना के बजाय स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग मॉडल विकसित करने पर बल दे रहे हैं।
भारत में ड्रैगन फ्रूट, ब्लूबेरी, रसभरी, एवोकाडो और अन्य उच्च मूल्य वाले फलों की खेती भी धीरे-धीरे बढ़ रही है। इन फसलों के लिए नियंत्रित वातावरण विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो सकता है। यदि वैज्ञानिक संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय और किसान मिलकर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कम लागत वाली संरचनाएं विकसित करें, तो आने वाले वर्षों में इन फसलों का उत्पादन भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ सकता है।
जब बगीचे बनेंगे स्मार्ट
संरक्षित खेती की अपनी पीढ़ी केवल जाल और पॉलीहाउस तक सीमित नहीं रहने वाली। आने वाले समय में बगीचे स्वयं निर्णय लेने में सक्षम होंगे। यह सुनने में भविष्य की कल्पना जैसा लगता है। किंतु इसकी शुरुआत हो चुकी है।
कल्पना कीजिए कि किसी बगीचे में लगे सेंसर लगातार तापमान, आर्द्रता, मिट्टी की नमी और प्रकाश की मात्रा माप रहे हैं। जैसे ही मिट्टी में नमी कम होती है, सिंचाई प्रणाली स्वतः सक्रिय हो जाती है। यदि वातावरण में रोग फैलने की संभावना बढ़ती है, तो किसान के मोबाइल फोन पर तुरंत संदेश पहुँच जाता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रणाली पौधों की तस्वीरों का विश्लेषण कर प्रारंभिक अवस्था में ही रोग की पहचान कर सकती है। इससे समय रहते उपचार संभव हो जाता है और फसल को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है।
इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ड्रोन, स्वचालित फर्टिगेशन और सौर ऊर्जा से संचालित प्रणालियां भविष्य की स्मार्ट बागवानी का आधार बन रही हैं। इन तकनीकों का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि पानी, उर्वरक और ऊर्जा जैसे संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना भी है।
जलवायु परिवर्तन के युग में यही संसाधन दक्षता भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता होगी। यदि कम पानी में अधिक उत्पादन और कम संसाधनों के साथ बेहतर गुणवत्ता प्राप्त की जा सके, तो इससे किसान की आय भी बढ़ेगी और पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
चुनौतियाँ भी कम नहीं हैं
संरक्षित खेती जितनी आकर्षक दिखाई देती है, उसके सामने कुछ महत्वपूर्ण चुनौतियाँ भी हैं। सबसे पहली चुनौती प्रारंभिक निवेश की है। मजबूत जाल, पॉलीहाउस, वर्षा-आवरण या हाई-टनल जैसी संरचनाएं स्थापित करने में पर्याप्त पूँजी की आवश्यकता होती है। भारत में अधिकांश किसान छोटे और सीमांत हैं। उनके लिए बिना आर्थिक सहायता के इन संरचनाओं में निवेश करना आसान नहीं है।
दूसरी चुनौती तकनीकी जानकारी की है। केवल संरचना स्थापित कर देना पर्याप्त नहीं होता। उसके भीतर सिंचाई, फर्टिगेशन, तापमान, वायु-संचार, परागण और रोग प्रबंधन की वैज्ञानिक समझ भी आवश्यक होती है। यदि इनका समुचित प्रबंधन न किया जाए तो अपेक्षित लाभ प्राप्त नहीं हो पाता।
जाल रख-रखाव भी एक महत्वपूर्ण पक्ष है। जाल और प्लास्टिक शीट समय के साथ क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। उन्हें समय-समय पर बदलना पड़ता है। कई क्षेत्रों में तेज आंधी या भारी बर्फबारी संरचनाओं को नुकसान पहुँचा सकती है। इसलिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप टिकाऊ और कम लागत वाली सामग्री का विकास भी चुनौती ही आवश्यक है।
इन चुनौतियों के बावजूद विशेषज्ञों का मानना है कि उचित सरकारी सहायता, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, किसान उत्पादक संगठनों और अनुसंधान संस्थानों के सहयोग से इन बाधाओं को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। वास्तव में चुनौती तकनीक की नहीं, बल्कि उसके व्यापक प्रसार की है।
भविष्य की खेती कैसी होगी?
यदि आने वाले बीस वर्षों की कल्पना करें तो संभव है कि बगीचे पहले जैसे न दिखें। पेड़ों को सघाई हुई अलग-अलग तरह के ट्रेलिस प्रणालियों तथा उनके ऊपर वैज्ञानिक रूप से डिजाइन किए गए जाल होंगे। प्रत्येक पौधे की जल आवश्यकता सेंसर बताएंगे। मोबाइल फोन से किसान पूरे बगीचे की निगरानी कर सकेगा। ड्रोन समय-समय पर फसलों का निरीक्षण करेंगे और कृत्रिम बुद्धिमत्ता यह बताएगी कि किस पेड़ को कब पोषक तत्व या उपचार की आवश्यकता है।
यह सब सुनने में आधुनिक विज्ञान की कहानी लग सकती है, लेकिन इसके अनेक घटक पहले से ही विकसित हो चुके हैं। भारत में भी अंगूर, अनार, स्ट्रॉबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसे उच्च मूल्य वाले फलों की खेती में इन तकनीकों का प्रयोग प्रारंभ हो चुका है। आने वाले वर्षों में इनके और अधिक सुलभ तथा किफायती होने की संभावना है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भविष्य की खेती केवल अधिक उत्पादन की नहीं होगी, बल्कि सतत् उत्पादन की होगी। अब लक्ष्य केवल अधिक फल उगाना नहीं है, बल्कि ऐसे फल उगाना है जो सुरक्षित हों, गुणवत्तापूर्ण हों, कम प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करें और बदलती जलवायु का सामना कर सकें।
प्रकृति और प्रौद्योगिकी का संतुलित संगम
मानव सभ्यता की शुरुआत से किसान प्रकृति का सबसे निकटतम साथी रहा है। यह मौसम के संकेत पढ़ता रहा है और ऋतुओं के साथ अपना जीवन जोड़ता रहा है और लेकिन आज जलवायु परिवर्तन ने इस संबंध को नई चुनौती दी है। मौसम अब पहले जैसा अनुमानित नहीं रहा। ऐसे समय में विज्ञान किसान का प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि सहयोगी बनकर सामने आया है।
संरक्षित खेती इसी सहयोग का सबसे सुंदर उदाहरण है। यह प्रकृति को हराने का प्रयास नहीं करती, बल्कि उसकी अनिश्चितताओं को समझकर पौधों के लिए बेहतर परिस्थितियां निर्मित करती है। इसमें आधुनिक विज्ञान, पारंपरिक कृषि अनुभव और पर्यावरणीय प्रकृति का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
जब किसी बगीचे पर ओला-रोधी जाल तना होता है, तब वह केवल प्लास्टिक या धागे का जाल नहीं होता; वह किसान की वर्षभर की मेहनत की रक्षा करता है। जब वर्षा-आवरण किसी फल को रोग से बचाता है, तब वह केवल एक संरचना नहीं होती; वह सुरक्षित भोजन और बेहतर आय की संभावना है। जब कोई स्मार्ट सेंसर मिट्टी की नमी बताता है, तब वह केवल एक यंत्र नहीं, बल्कि भविष्य की वैज्ञानिक खेती का संकेत होता है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि अनुसंधान संस्थानों में विकसित इन तकनीकों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाया जाए। यदि वैज्ञानिक ज्ञान, नवाचार और किसानों का अनुभव एक साथ आगे बढ़ें, तो भारत न केवल विश्व का दूसरा सबसे बड़ा फल उत्पादक बना रहेगा, बल्कि उच्च गुणवत्ता वाले, जलवायु-स्मार्ट और टिकाऊ फल उत्पादन में भी अग्रणी देशों की श्रेणी में स्थान बना सकता है।
शायद आने वाले वर्षों में किसी किसान को अचानक हुई ओलावृष्टि देखकर निराश नहीं होना पड़ेगा। उसके बगीचे पर विज्ञान का सुरक्षा कवच होगा और वही सुरक्षा कवच भारतीय फल उत्पादन के एक नए, अधिक सुरक्षित और अधिक समृद्ध भविष्य की कहानी लिखेगा।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।