
गेहूं की खेती में भरपूर पैदावार के लिए विशेष तरीके Publish Date : 14/11/2026
गेहूं की खेती में भरपूर पैदावार के लिए विशेष तरीके
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी
-
गेहूं की बुआई करने से पहले अपने क्षेत्र के लिए उन्नत किस्में, सही बुआई का समय और बीज दर की जानकार प्राप्त करना किसानों के लिए हितकर है।
रबी सीजन में गेहूं की बुआई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (IIWBR) करनाल के द्वारा महत्वपूर्ण सलाह जारी की गई है। देश के इस शीर्ष संस्थान ने देश के अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों के अनुसार गेहूं की उन्नत किस्मों, बुआई के समय, उचित बीज दर और खाद प्रबंधन आदि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की है। इसके साथ ही धान की पराली वाले खेतों में गेहूं की बुआई और शुरुआती खरपतवार नियंत्रण के उपाय भी बताए गए हैं। अगर किसान अपने क्षेत्र के अनुसार सही किस्म का चुनाव करने के साथ वैज्ञानिक तरीके से गेहूं खेती करें, तो इससे फसल की बेहतर पैदावार प्राप्त करने में काफी मदद मिल सकती है।
1. अपने क्षेत्र के लिए उपयुक्त गेहूं की उन्नत किस्मों का चयन करें
गेहूं की अच्छी पैदावार प्राप्त करने के लिए सबसे अधिक जरूरी है कि किसान अपने क्षेत्र और बुआई के समय के अनुसार अनुशंसित किस्म का ही गेहूं की बुवाई हेत चयन करें। IIWBR ने सिंचित परिस्थितियों में नवंबर के पहले पखवाड़े तक अगेती बुआई के लिए उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में DBW 187, DBW 303, DBW 1270, DBW 327, DBW 332, PBW 872 और DBW 370 जैसी किस्मों की सिफारिश की है। मध्य क्षेत्र यानी मध्य प्रदेश, गुजरात तथा राजस्थान के उदयपुर और कोटा क्षेत्र के लिए DBW 187, DBW 303, DBW 327, DBW 445, JW 1399, PBW 906, HD 3463 और GW 543 आदि किस्मों को प्राथमिकता दी गई हैं। वहीं, समय पर बुआई के लिए उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में HD 3471, DBW 187, DBW 222, HD 3406, PBW 826 और SWH 1105 जैसी किस्में शामिल हैं। मध्य क्षेत्र के किसानों के लिए HI 1636, HI 1669, MACS 6768, GW 366 और GW 555 जैसी किस्मों की बुवाई करने की सलाह दी गई है। किसान अपने क्षेत्र के लिए अनुशंसित की गई किस्मों का ही चुनाव करें।
2. उचित समय पर करें गेहूं की बुआई

समय पर बुआई करने से फसल को पकने के दौरान अधिक तापमान के नुकसान से बचने में मदद मिलती है। संस्थान ने सिंचित परिस्थितियों में समय पर बुआई के लिए 20 नवंबर तक की अवधि को ध्यान में रखते हुए किस्मों की सिफारिश की है। वहीं, अगेती बुआई के लिए नवंबर के प्रथम सप्ताह तक अनुशंसित किस्में दी गई हैं। किसान अपने क्षेत्र की जलवायु और उपलब्ध सिंचाई सुविधा के अनुसार बुआई का समय तय करना चाहिए।
3. बीज दर और खाद की मात्रा का रखें विशेष ध्यान
IIWBR की सलाह के अनुसार सिंचित और समय पर बुआई की स्थिति में गेहूं की बीज दर 100 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रखनी चाहिए। खाद की मात्रा क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्रों में प्रति हेक्टेयर 150 किलोग्राम नाइट्रोजन, 60 किलोग्राम फॉस्फेट और 40 किलोग्राम पोटाश की सिफारिश की गई है। मध्य और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के लिए नाइट्रोजन की मात्रा 120 किलोग्राम, फॉस्फेट 60 किलोग्राम और पोटाश 40 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर बताई गई है।
नाइट्रोजन की पूरी मात्रा एक साथ देने के बजाय इसे तीन हिस्सों में देना चाहिए। एक-तिहाई नाइट्रोजन और फॉस्फेट-पोटाश की पूरी मात्रा बुआई के समय डालें। बची हुई नाइट्रोजन पहली और दूसरी सिंचाई के समय बराबर मात्रा में दें। यूरिया का इस्तेमाल सिंचाई से ठीक पहले करने की सलाह दी गई है।
4. धान की पराली जलाने के बजाय निस्तारण की आधुनिक मशीनें
जिन किसानों के खेत में कंबाइन से धान की कटाई हुई है, वे पराली जलाने के बजाय हैप्पी सीडर या स्मार्ट सीडर की मदद से सीधे गेहूं की बुआई कर सकते हैं। इससे फसल अवशेषों का बेहतर प्रबंधन होता है और मिट्टी का स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद मिलती है। संस्थान के द्वारा किसानों को बुआई से पहले मिट्टी की जांच कराने और जरूरत के अनुसार ही सिंचाई करने की सलाह भी दी गई है।
5. शुरुआती खरपतवार नियंत्रण पर दें विशेष ध्यान
गेहूं की फसल में गुल्ली डंडा सहित अन्य खरपतवारों को नियंत्रित करने के लिए IIWBR ने बुआई के 0 से 3 दिन के भीतर कुछ विकल्प बताए हैं। इनमें पायरोक्सासल्फोन 85 WG की 60 ग्राम प्रति एकड़ मात्रा, पायरोक्सासल्फोन 85 WG की 60 ग्राम के साथ पेंडिमेथालिन 30 EC की 2 लीटर मात्रा और एक्लोनिफेन, डिफ्लुफेनिकेन व पायरोक्सासल्फोन के तैयार मिश्रण की 800 मिलीलीटर मात्रा शामिल है। तैयार मिश्रण को 150 से 200 लीटर पानी में मिलाकर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। किसान ध्यान रखें कि ये खरपतवारनाशक अलग-अलग विकल्प हैं, इन्हें एक साथ इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। सही फॉर्मुलेशन, उत्पाद के लेबल पर दिए निर्देश और स्थानीय कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही छिड़काव करें। बारिश, कोहरा या ओस के समय छिड़काव करने से बचना ही उचित रहता है।
ऐसे में यदि इन पांच बातों का ध्यान रखकर किसान गेहूं की बुआई से लेकर शुरुआती फसल प्रबंधन तक बेहतर तैयारी कर सकते हैं। सही किस्म, समय पर बुआई, संतुलित खाद, पराली प्रबंधन और खरपतवार नियंत्रण फसल का अच्छा प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।