
धान का अच्छा भाव भर रहा किसानों की पोटली Publish Date : 06/10/2026
धान का अच्छा भाव भर रहा किसानों की पोटली
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता
देश की मंड़ियों में अब नए धान की आवक शुरू हो चुकी है। लोकल मंडी में रोजाना 10 हजार कुंतल तक धान पहुंच रहा है। इस बार पिछले साल की तुलना एक हजार रुपये प्रति कुंतल अधिक भाव मिल रहा है, जिससे धन के किसानों की बल्ले-बल्ले हो रही है। 1509, 1692 प्रजाति के बासमती धान का ताजा भाव 3400 से 3800 रुपये प्रति कुंतल मिल रहा है।
धान के बढ़ते भाव का एक प्रमुख कारण निर्यात खोल दिया जाना माना जा रहा है। वैसे अभी तक की स्थिति तो यह है कि राइस मिलें ही धान अधिक खरीद रही हैं। हरियाणा और पंजाब में अधिक धान जा रहा है। राइस मिलें धान से चावल निकालकर उसे विदेश निर्यात करती हैं। मंडी में अभी धान की खरीद व्यापारी कर रहे हैं, जबकि सरकारी क्रय केंद्रों पर मोटा धान खरीदा जा रहा है। सरकारी खरीद केन्द्रों पर धान खरीद की शुरुआत एक अक्टूबर से हो चुकी है। इस बार सरकारी खरीद में धान की कीमत 2441 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित की गई है।
जिले में इस बार 1.64 लाख हेक्टेयर में धान की बोआई की गई है। लगभग 90-95 लाख कुंतल धान का उत्पादन होने का अनुमान है। इस बार किसानों के लिए अच्छी खबर यह है कि शुरुआती सीजन में ही धान का भाव अच्छा मिल रहा है। पिछले वर्ष इन दिनों धान का भाव 2800 रुपये प्रति कुंतल था। हालांकि, धान में अभी 20-25 प्रतिशत नमी बाकी है, लेकिन राइस मिल उसे भी खरीद रही हैं।
कच्चा बासमती चावल इसी धान से तैयार होता है। आढ़ती जयवीर सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में धान के भाव में एक हजार रुपये का अंतर है। निर्यात खुला होने के कारण पंजाब और हरियाणा की राइस मिलें भी धान खूब खरीद रही हैं। आने वाले दिनों में यह आवक 40 हजार कुंतल रोजाना तक भी पहुंच सकती है।
आंकड़े एवं मुख्य बिंदु
- 3,800 रुपये प्रति कुंतल तक मिल रहा बासमती का दाम।
- 1.64 लाख हेक्टेयर में खेती, 95 लाख कुंतल उत्पादन का अनुमान।
- 40 हजार कुंतल धान रोज मंडी पहुंचने लगेगा आने वाले दिनों में।
मंडी में आ रहे आसपास जिलों के किसान
धनीपुर मंडी आसपास के क्षेत्र में बड़ी गल्ला मंडी मानी जाती है। यहां जिले के ही नहीं, एटा, मैनपुरी, हाथरस के किसान भी अपना धान बेचने के लिए आते हैं। आढ़ती बताते हैं कि एटा और मैनपुरी में धान 3100 रुपये प्रति कुंतल में खरीदा जा रहा है, इसलिए किसान यहां पर आ रहे हैं। मंडी में इस बार कंबाइन मशीन से कटा हुआ धान अधिक आ रहा है।
किसानों के बयान
- इस बार पिछले वर्ष की तुलना में धान का भाव अच्छा मिल रहा है। पिछले वर्ष इसी धान का एक हजार रुपये कम भाव रहा था।
- पिछले वर्ष धान को घाटे में बेचना पड़ा था। इस बार अच्छा भाव मिल रहा है। इससे धान उत्पादक किसानों को फायदा हो रहा है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।