‘खेत बचाओ’ अभियान का शुभारम्भ, किसानों को मिलेंगे विभिन्न लाभ      Publish Date : 05/06/2026

‘खेत बचाओ’ अभियान का शुभारम्भ,     किसानों को मिलेंगे विभिन्न लाभ

                                                                                     प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

देश में मिट्टी की सेहत सुधारने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने और किसानों को टिकाऊ खेती के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के द्वारा ‘खेत बचाओ’ अभियान’ की शुरुआत कर दी गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के ग्राम रामसिया से इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। 1 जून से 30 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान का मूल मंत्र है- “स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान, समृद्ध भारत।”

धरती हमारी माँ हैः शिवराज सिंह चौहान

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय संस्कृति में धरती के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कारों के अनुसार धरती केवल खेती का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी माता है। उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा में बुवाई पूरी होने और फसल कटाई के बाद धरती माता की पूजा की जाती रही है। यही धरती हमें अन्न देती है और हमारा पालन-पोषण करती है। उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ धरती माता की उर्वरता बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए मिट्टी की सेहत सुरक्षित बनाए रखने का एक संकल्प है।

मिट्टी की सेहत सुधारने पर रहेगा फोकस

                         

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश के कई हिस्सों में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। ऐसे में किसानों को मिट्टी परीक्षण आधारित खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना जरूरी है। अभियान के तहत किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास अभी तक सॉयल हेल्थ कार्ड नहीं है, उनका कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इससे किसानों को अपनी मिट्टी की वास्तविक स्थिति और उसमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी मिल सकेगी।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।