नीलगाय से फसलों को बचाने के उपाय      Publish Date : 03/06/2026

नीलगाय से फसलों को बचाने के उपाय

                                                                 प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता

अधिकतर किसान खेतों में नीलगाय के आतंक से परेशान किसानों के लिए सड़े अंडे का देसी घोल और पुरानी साड़ियों की फेंसिंग सबसे कारगर इलाज माना जाता है, क्योंकि इसकी तेज गंध से नीलगाय फसलों से दूर रहती हैं।

                          

किसानों के लिए रात-दिन मेहनत करके फसल उगाना जितना बड़ा काम है. उतना ही बड़ा सिरदर्द आज फसल को आवारा पशुओं और नीलगाय से बचाना बन चुका है। नीलगाय अक्सर झुंड में आती हैं और देखते ही देखते हरी-भरी खड़ी फसल को चरकर या रौंदकर पूरी तरह से बर्बाद कर देती हैं। इनसे अपनी फसल को बचाने के लिए कई किसान भाई महंगे कटीले तार या फेंसिंग आदि का सहारा भी लेते हैं. जिसमें भारी-भरकम खर्च आता है और यह कार्य हर किसान के बजट में यह फिट भी नहीं बैठता है।

लेकिन अब आपको नीलगाय की समस्या परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि हमारे पास ऐसा बेहद सस्ता और असरदार देसी नुस्खा है जो बिना किसी खर्च के नीलगाय को आपके खेत से कोसों दूर रखता है। इस आसान और घरेलू तरीके को अपनाकर आप अपनी फसलों की 100 प्रतिशत सुरक्षा कर सकते हैं। तो चलिए अब हम आपको इस देसी तरीके के बारे में पूरी जानकारी देते हैं।

सड़े अंडे के घोल वाला नुस्खा

नीलगाय को खेत से दूर रखने का सबसे पहला और सबसे अच्छा देसी तरीका है सड़े हुए अंडों का एक खास घोल तैयार करना। इसके लिए आपको बस कुछ अंडे लेकर उन्हें पानी में फोड़कर कुछ दिनों के लिए धूप में छोड़ देना होता है, जिससे वह पुरी तरह से सड़ जाएं और उनमें से बहुत अधिक बदबू आने लगे।

पत्तियों पर करें इसका छिड़काव

इसके बाद इस बेहद बदबूदार पानी में थोड़ा वाशिंग पाउडर और पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लेना चाहिए, जिससे यह फसलीय पौधों की पत्तियों पर आसानी से चिपक जाए। अब इस कड़क मिक्चर को स्प्रे मशीन की मदद से अपने खेत के चारों तरफ मेड़ों पर और फसलों की बाहरी बाउंड्री वाले पौधों पर अच्छी तरह छिड़क दें।

सूंघते ही नीलगाय भागती हैं खेत से दूर

                         

इस सड़े हुए अंडे की असहनीय और तीखी गंध को सूंघते ही नीलगाय को उल्टी जैसा महसूस होने लगता है और वे आपके खेत की तरफ देखना भी बंद कर देती हैं। इस सड़े अंडे के स्प्रे करने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह पूरी तरह नेचुरल होता है और इससे फसलों को कोई नुकसान नहीं पहुंचता जबकि नीलगाय इसकी स्मेल से ही दूर भागती हैं।

जीरो बजट का तरीका भी है उत्तम

इसके साथ ही आप एक और जीरो बजट तरीका भी अपना सकते हैं, इस जीरो बजट तरीके के अन्तर्गत आप अपने खेत के चारों ओर बांस गाड़कर उसके ऊपर रंग-बिरंगी पुरानी साड़ियों की एक दीवार जैसी फेंसिंग बना सकते है। हवा चलने के दौरान जब यह साड़ियाँ हिलती हैं, तो इससे नीलगाय को दूर से ही किसी इंसान के होने का भ्रम होता है। इसके अलावा आप अपने खेतों की मेड़ पर चमकीली टेप या रिबन बांधते है, जो कि धूप में चमकते हैं और हवा से आवाज करते हैं नीलगाय इनसे डरकर तुरंत ही अपना रास्ता बदल लेती हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।