
एप से जानें मौसम, सुरक्षित रखें फसल Publish Date : 09/04/2026
एप से जानें मौसम, सुरक्षित रखें फसल
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं अन्य
बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होता है। यहां मौसम आधारित 5 मोबाइल एप्स के बारे में बता रहे हैं, जो समय पर पूर्वानुमान, सही सलाह और जरूरी जानकारी देकर फसलों को सुरक्षित रखने में किसानों की मदद करते हैं। बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं जैसे जलवायु जोखिमों के बीच कई ऐसे मोबाइल एप्स हैं, जो किसानों को मौसम का पूर्वानुमान, फसल सलाह और बाजार की जानकारी देकर खेती को स्मार्ट और सुरक्षित बनाते हैं।
मेघदूत एप पर मौसम की हर जानकारी

केंद्रीय कृषि मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा विकसित मेघदूत एप उपयोगी प्लेटफॉर्म है, जो किसानों को मौसम व खेती से जुड़ी जानकारी देता है। इसमें 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान, फसल आधारित सलाह और पशुपालन, से जुड़ी सटीक जानकारियां मिलती है। यह एप जिला स्तर पर कृषि सुझाव देता है, जिससे किसान बुआई, सिंचाई और छिड़काव जैसे कार्य सही समय पर कर सकते हैं।
खेती की गाइड किसान सुविधा एप
राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित किया गया किसान सुविधा एप किसानों को खेती से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। इसमें मौसम पूर्वानुमान, बारिश और चक्रवात की सूचना, बाजार भाव, उर्वरक, बीज, कीटनाशक, कृषि तकनीक और मशीनरी से जुड़ी जानकारी मिलती है। यह एप किसानों को बेहतर निर्णय लेने और बेहतर फसल प्रबंधन में मदद करता है।
दामिनी एप से पाएं वज्रपात का अलर्ट

दामिनी एप भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत विकसित किया गया एक उपयोगी एप है, जो आकाशीय बिजली गिरने की सटीक चेतावनी देता है। यह एप 40 किलोमीटर के दायरे में संभावित वज्रपात की जानकारी देता है। मानसून और आंधी-तूफान के दौरान यह किसानों को पहले से अलर्ट कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करता है, जिससे वे समय रहते सावधानी बरत सकें।
इफको एप पर कृषि विशेषज्ञों से सीधे जुड़ें
इफको किसान एप किसानों के लिए उपयोगी प्लेटफॉर्म है, जिसे इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव (इफको) ने विकसित किया है। यह एप मौसम की जानकारी, मंडी भाव, उन्नत बीज, उर्वरक और पोषण प्रबंधन की सलाह देता है। किसान ऑडियो-वीडियो, कॉल सेंटर और कृषि विशेषज्ञों से सीधे जुड़कर समस्याओं का समाधान पा सकते हैं, जिससे आधुनिक और लाभकारी खेती को बढ़ावा मिलता है।
मौसम का मिजाज जानें, करें फसल की देखभाल
मौसम की जानकारी देने वाले एप्स किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। इन एप्स को अपनाकर किसान सही समय पर सटीक निर्णय ले सकते हैं। वे फसल और मवेशियों को होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं। इससे न केवल लागत घटती है, बल्कि उत्पादन और मुनाफा भी बढ़ता है। जरूरत सिर्फ इतनी है कि किसान इन तकनीकों का सही तरीके से इस्तेमाल करें।
स्मार्टफोन पर पाएं सही सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मोबाइल एप मौसम बनाया है, जो पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत काम करता है। यह एप तापमान, वर्षा, हवा की गति, रडार इमेज और 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान देता है। यह ग्रीष्म लहरों व भारी बारिश जैसी चेतावनियां देता है, जिससे किसान कृषि कार्यों की बेहतर योजना बना सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
