
एक वर्षीय बीएड कोर्स लाने की चल रही तैयारी Publish Date : 06/03/2026
एक वर्षीय बीएड कोर्स लाने की चल रही तैयारी
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर
मेरा ग्रेजुएशन अगले वर्ष पूरा होगा। आगे बीएड कर किसी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर करिअर बनाना चाहती हूं। बीएड की अवधि में भी संशोधन होने की सूचना थी। कृपया मार्गदर्शन करें।
देश में टीचिंग पाठ्यक्रम संचालित करने वाली वैधानिक संस्था नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजुकेशन यानी एनसीटीई जल्दी ही 2 वर्षीयं बीएड पाठ्यक्रम के अतिरिक्त 1 वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम लाने की योजना पर काम कर रही है, क्योंकि नई शिक्षा नीति के अंतर्गत ग्रेजुएशन कोर्स 3 वर्ष से बढ़ाकर 4 वर्ष कर दिया गया है। 4 वर्षीय ऑनर्स ग्रेजुएशन डिग्री पूरा करने वाले छात्रों को बीएड 1 वर्ष में ही पूरा करने का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त, 10+2 के बाद 4 वर्षीय आईटेप यानी इंटिग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम को प्रारंभ किया जा चुका है।
एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कई सरकारी एवं कुछ निजी बीएड कॉलेजों में आईटेप प्रारंभ हो चुका है। ऐसी भी संभावना है कि कुछ वर्षों के बाद 2 वर्षीय बीएड को बंद कर दिया जाए। जहां तक बीएड में दाखिले की प्रक्रिया का प्रश्न है, प्रत्येक राज्य में बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए प्रवेश जांच परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को ही उस राज्य के सरकारी व निजी कॉलेजों में प्रवेश मिलता है। प्रवेश जांच परीक्षा को संचालित करने की जिम्मेदारी उस राज्य के शिक्षा विभाग या किसी एक विश्वविद्यालय को सौंपी जाती है। अमूमन मोर्च में आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होती है, जिसे पूरा कर मई-जून में प्रवेश जांच परीक्षा आयोजित की जाती है।

अपने राज्य के समाचार पत्रों पर नजर बनाए रखें और अगले कुछ माह में होने वाली बीएड प्रवेश जांच परीक्षा में बैठने की तैयारी करें। बीएड प्रवेश जांच परीक्षा से संबंधित गाइड आसानी से मिल जाएगी, जिससे आपको परीक्षा में शामिल विषय और पुराने वर्षों के प्रश्न पत्र भी मिल जाएंगे, इनके आधार पर अपनी तैयारी का आकलन कर सकती हैं।
मैंने आर्ट्स से 10+2 किया है। क्या मैं नर्सिंग का कोई कोर्स कर सकता हूं? कृपया जानकारी दें।
नर्सिंग में कई पाठ्यक्रम होते हैं, जिनमें दाखिले की अलग अलग योग्यताएं हैं। इन पाठ्यक्रमों में 2 वर्षीय एएनएम (औक्सिलिअरी नर्सिंग एंड मिडवाइफरी), 3 वर्षीय जीएनएम (जेनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) एवं 4 वर्षीय बीएससी (नर्सिंग) शामिल हैं। जिन छात्र-छात्राओं का विषय 10+2 में आर्ट्स रहा है, वैसे छात्र एएनएम और जीएनएम पाठ्यक्रमों में दाखिला ले सकते हैं, जबकि बीएससी (नर्सिंग) के लिए 10+2 में जरूरी है। विशेष जानकारी के लिए काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट देखें -indiannursingcouncil.org.

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
