
तापमान दो डिग्री बढ़ा तो हिंदू-कुश हिमालय की 75 प्रतिशत बर्फ होगी गायब Publish Date : 26/01/2026
तापमान दो डिग्री बढ़ा तो हिंदू-कुश हिमालय की 75 प्रतिशत बर्फ होगी गायब
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 शालिनी गुप्ता
दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वतीय इलाकों में शामिल हिंदू-कुश हिमालय (एचकेएच) और हाई माउंटेन एशिया (एचएमए) के ग्लेशियरों के सामने अब एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रायोस्फीयर क्लाइमेट इनिशिएटिव (आइसीसीआइ) की ताजा रिपोर्ट 'स्टेट आफ द क्रायोस्फीयर 2025' के अनुसार, अगर धरती का तापमान औद्योगिक युग से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया तो इस क्षेत्र की केवल 25 प्रतिशत बर्फ ही बच पाएगी।
यह रिपोर्ट ब्राजील में होने वाले सीओपी (कांफ्रेंस आफ द पार्टीज) 30 जलवायु सम्मेलन से ठीक पहले जारी की गई है। हिंदू-कुश हिमालयऔर आसपास का पहाड़ी इलाका, जिसे विज्ञानी थर्ड पोल (तीसरा ध्रुव) भी कहते हैं, वह दुनिया की कुछ सबसे बड़ी नदियों जैसे- गंगा, सिंधु, ब्रह्मपुत्र, यांग्त्सी और मेकान्ग को पानी देता है। इन नदियों पर लगभग दो अरब आबादी का जीवन निर्भर है। यही कारण है कि रिपोर्ट को लेकर विज्ञानियों की चिंता साफ नजर आ रही है। क्योंकि, यदि तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ा तो भी करीब 15 प्रतिशत बर्फ हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। वहीं, तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने पर सिर्फ 25 प्रतिशत बर्फ ही बच पाएगी। यही नहीं, तापमान बढ़ोतरी से हिंदू-कुश और काराकोरम क्षेत्र में बर्फ का 40 प्रतिशत हिस्सा तक खत्म हो सकता है।
चार डिग्री की बढ़ोतरी पर समूची बर्फ होगी गायब

रिपोर्ट के अनुसार, अगर तापमान चार डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बढ़ गया, तो साल 2100 तक लगभग सारी मौसमी हिम (स्नो) गायब हो जाएगी। इस कारण नदियों में पानी का प्रवाह असंतुलित होगा, पहले भारी बाढ़ आएंगी और बाद में सूखे और जल-संकट की स्थिति बन जाएगी।
तापमान बढ़ोतरी से हिंदू-कुश हिमालय की बर्फ पिघलने की दशा में भारत पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। लेकिन, इसके लिए विकसित राष्ट्र अधिक जिम्मेदार है और उन्हें तापमान कम रखने की दिशा में बड़े कदम उठाने होंगे। क्योंकि, भारत में प्रति व्यक्ति ऊर्जा खपत बेहद कम है और इतनी नहीं है, जिससे वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी जैसे खतरे उत्पन्न हो सकें।
पेरिस समझौते की शर्तों से आगे बढ़कर काम करना होगा
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2015 के पेरिस समझौते में लक्ष्य तय किया गया था कि तापमान को दो डिग्री सेल्सियस से नीचे रखना होगा। हालांकि, मौजूदा चुनौतियों के मद्देनजर अब यह नाकाफी है। क्योंकि इस लक्ष्य के बावजूद एशिया के ग्लेशियरों को बचाना मुश्किल विज्ञानियों के अनुसार संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) की इमीशन्स गैप रिपोर्ट 2025 के अनुसार, सदी के अंत तक तापमान 2.3 से 2.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की आशंका है। तब भी जब देश अपने उत्सर्जन घटाने के वादे को पूरे कर लें।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।
