समय और शिक्षा का सही उपयोग ही जीवन को सफल बनाता है      Publish Date : 25/08/2025

समय और शिक्षा का सही उपयोग ही जीवन को सफल बनाता है

                                                                                                                                                           प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

जीवन के हर क्षण में खुशी महसूस करना ही सच्ची सफलता होती है-

आपने कभी अपने आप को किसी बड़े संकल्प के साथ लक्ष्य के पीछे इस विश्वास के साथ भागते हुए पाया है कि बस एकबार मैं इसको प्राप्त कर लूं तो फिर मेरी जिंदगी खुशियों से भर जाएगी। यह लक्ष्य पदोन्नति, अपने किसी खास क्षेत्र में नाम या पैसे कमाने आदि के समेत कुछ भी हो सकता है।

अब ऐसे में जरा सोचिए कि जब आप अपनी मंजिल तक पहुंच जाते हैं तो क्या आपको वास्तव में वह खुशी मिलती है, जिसकी आपने कल्पना की थी। संभवत नहीं, क्योंकि यह पूरी प्रक्रिया एक भ्रम की स्थिति होती है, जिससे आपको भरोसा हो जाता है कि खुशी हमेशा सफलता प्राप्त कर लेने से ही मिलती है। जबकि सच्चाई यह है कि खुशी हमारे भीतर ही कहीं छिपी हुई होती है, जो हर पल को जीने से प्राप्त होती है।

आपको सफलता और खुशी दोनों मिल सकती हैं, परन्तु इसके लिए आपको अपनी सोच बदलनी होगी। इसलिए सफलता के पीछे भागने के बजाय पहले खुशी को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि केवल यही एक ऐसी चीज है जो कि आपको बड़ी सफलता तक पहुंचा सकती है।

जीवन के प्रत्येक क्षण का भरपूर आनंद ले

खुशी पाने का सबसे सरल तरीका है कृतज्ञता, जिसकी शुरुआत जीवन में पहले से मौजूद खुशियों को पहचान करने से होती है। अतः आप अपने जीवन में प्रत्येक पल का आनंद लेना सीखे। हर दिन उन चीजों के लिए आभार व्यक्त किया जाता है, जो आपके पास पहले से ही उपलब्ध हैं। जब आप अच्छे फलों पर ध्यान केंद्रित करना सीख जाएंगे तो वर्तमान क्षण में रहना और उसे जीना आपके लिए काफी आसान हो जाएगा।

केवल मंजिल तक पहुंचने पर ध्यान केंद्रित करने से बचें, क्योंकि वहां तक पहुंचने में अपने सफ़र के प्रत्येक कदम को अपनी इच्छाशक्ति के साथ जीना सीखें, क्योंकि इस यात्रा में आपको नई सीख और अनुभव तो मिलेगा ही साथ ही आपका हौसला और भी बढ़ेगा। इस यात्रा के दौरान आपने रास्ते में आए प्रत्येक पल को पूरी तरह जीएं और उसके साथ खुश रहें।

अपने अंदर विद्यमान आंतरिक शांति को तलाशें

अपने आप से यह पूछे कि मैं अभी ऐसा क्या कर सकता हूं जिससे मुझे खुशी मिल सके और इसका सबसे अच्छा तरीका है कि आप प्रतिदिन माइंडफूलनेस का अभ्यास करें। खुशी केवल बाहरी उपलब्धियों से ही नहीं मिलती, बल्कि यह ध्यान का अभ्यास करने और आंतरिक शांति पाने से भी मिलती है। याद रखें खुश रहना ही सफलता की शुरुआत है, इसलिए समय और शिक्षा का सही उपयोग करते हुए अपने को आप सफल बनाने की कोशिश करें।

साथ ही जीवन के हर क्षण में महसूस करना ही आपके लिए सच्ची सफलता होती है। खुशी को बाहर खोजने की कोई आवश्यकता नहीं है, यह तो आपके भीतर ही उपलब्ध है, इसलिए सफलता के लिए खुश रहें और आगे बढ़े।

खुशी प्राप्त करने के लिए इन बातों से सीख ले

  • सपनों की कीमत साधनों से नहीं बल्कि हौसले से होती है।
  • सफल लोग बहाने नहीं बनाते वरन् रास्ते ढूंढते हैं।
  • अपने प्रोफेशन में ईमानदारी और ग्राहक सेवा या समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है, के सूत्र को मानते हुए काम करें।
  • छोटी-छोटी शुरुआत से ही बड़ी कहानियों का पहला अध्याय शुरू होता है।
  • जीवन में संघर्ष का सामना करना चाहिए, क्योंकि यही संघर्ष एक दिन आपको मंजिल तक लेकर जाएगा।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।