धान समेत 14 खरीफ फसलों का बढ़ा एमएसपी, कृषि ऋण पर छूट बरकरार      Publish Date : 06/08/2025

धान समेत 14 खरीफ फसलों का बढ़ा एमएसपी, कृषि ऋण पर छूट बरकरार

                                                                                                                                              प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

  • दलहन-तिलहन का न्यूनतम समर्थन मूल्य नौ फीसदी बढ़ा।

  • धान का तीन फीसदी बढ़ाकर 2369 रुपये/क्विंटल किया गया।

केंद्र सरकार ने धान, कपास, सोयाबीन, अरहर समेत खरीफ की 14 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ा दिया है। वर्ष 2025-26 के धान का एमएसपी तीन प्रतिशत बढ़ाकर 2369 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की है।

किसानों को बड़ी राहत देते हुए दलहन-तिलहन के एमएसपी में नौ फीसदी तक की वृद्धि की गई है। वहीं, संशोधित ब्याज सहायता योजना जारी रखने का भी फैसला किया है, जिससे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से सात प्रतिशत की रियायती दर पर ऋण सुविधा मिलती रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठका में यह फैसला किया गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ विपणन सत्र वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत एमएसपी की अनुमानित लागत 207000 करोड़ रुपये होगी।

वैष्णव ने बताया कि एमएसपी बढ़ाने का फैसला कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिशों पर आधारित है, जिसमें उत्पादन लागत पर कम से कम 50 फीसदी लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया था। सबसे अधिक एमएसपी रामतिल (820 रुपये प्रति क्विंटल) के लिए बढ़ाया गया है। इसके बाद रागी (596 रुपये प्रति क्विंटल), कपास (589 रुपये प्रति क्विंटल) और तिल (579 रुपये प्रति क्विंटल) के लिए सबसे ज्यादा वृद्धि हुई है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।