सींगना फार्म में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र, पेरु की शाखा खुलेगी      Publish Date : 10/07/2025

सींगना फार्म में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र, पेरु की शाखा खुलेगी

                                                                                                                         प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं डॉ0 रेशु चौधरी

अब आलू खाने से दूर होगी खून की कमी भी-

अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र, पेरू की नई शोध शाखा सींगना में खुलने जा रही है। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय आलू बोर्ड के अध्यक्ष सहित 14 देशों के विशेषज्ञों ने सींगना में फार्म का निरीक्षण किया। बोर्ड की अध्यक्ष प्रो. हेलेन हैम्बली ने कहा कि यहां आलू की ऐसी किस्में उत्पादित की जाएंगी जो आयरन और जिंक से भरपूर होंगी और इसे खाने से खून की कमी (एनीमिया) दूर हो सकेगी।

सींगना स्थित राजकीय आलू बीज उत्पादन फार्म 138 हेक्टेयर में फैला है। यहां 10 हेक्टेयर में आलू पर शोध कार्य होंगे। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. एल. मीणा के साथ बोर्ड सदस्यों ने फार्म का दौरा किया। बोर्ड सदस्यों में पेरू, जापान, सनेगल, जर्मनी, कनाडा, दक्षिणी अफ्रीका, फिलीपीन्स, चिली, ब्राजील, त्रिनिदाद व टोबैगो, अमेरिका, फ्रांस और भारत के 20 सदस्य शामिल रहे।

कृषि मंत्रालय के सहयोग से खुलने वाले इस केंद्र के विषय में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र, पेरू बोर्ड की अध्यक्ष प्रो. हेलेन हैम्बली ओडेम ने विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से आलू की गुणवत्ता युक्त किस्में विकसित होंगी और नए बीज का उत्पादन होगा। बोर्ड के महानिदेशक डॉ. साइमन हेक ने कहा कि आगरा से भारत के सभी राज्यों में आलू की नई किस्म के बीज भेजे जा सकेंगे। दक्षिण अफ्रीका से आए डीसेन नेदू ने कहा कि इससे आलू किसानों की आय बढ़ेगी और प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। अर्थव्यवस्था में योगदान बढ़ेगा। इस दौरान फार्म पर आलू प्रदर्शनी आयोजित की गई। आलू किसानों से कृषि विशेषज्ञों ने सीधा संवाद किया।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।