
सुगम्य भारत एप का नया अवतार Publish Date : 29/06/2025
सुगम्य भारत एप का नया अवतार
प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं इं0 कार्तिकेय
एआई-संचालित चैटबॉट और यूजर-फ्रेंडली इंटरफेस से दिव्यांगजन और बुजुर्ग होंगे सशक्त एवं लाभान्वित।
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने सुगम्य भारत एप को नया रूप देकर दिव्यांगजनों और बुजुर्ग नागरिकों के लिए सुगम्यता को और अधिक सशक्त कर दिया है। एआई-संचालित चैटबॉट और यूजर फ्रेंडली इंटरफेस के साथ यह एप अब वास्तविक समय में सरकारी योजनाओं और सुगम्यता संबंधी तमाम जानकारियाँ प्रदान करेगा।
सुगम्य भारत एप, जो 2021 में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) द्वारा आरम्भ किया गया था, अब यह एक नए और उन्नत स्वरूप में उपलब्ध है। यह एप दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए सार्वजनिक स्थानों, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी तक पहुंच को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई सुविधाओं के साथ यह एप समावेशी और बाधा-मुक्त भारत के सरकारी दृष्टिकोण को साकार करने में सहायक होगा।
उन्नत सुगम्य भारत एप की खासियत
अपडेटेड इस एप में विभिन्न आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जो इसे अधिक प्रभावी और उपयोग में आसान बनाती हैं:
आसान इंटरफेस: नया डिज़ाइन उपयोगकर्ताओं के लिए नेविगेशन को सरल बनाता है।
एआई चैटबॉट: यह एप वास्तविक समय में सहायता और जानकारी प्रदान करता है।
योजनाओं का एकीकरण: दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं और संसाधनों की जानकारी तत्काल प्रदान करता है।
अधिसूचनाएं: सुगम्यता से संबंधित नई पहलों के परिपत्र और अपडेट।
एप की पहुंच और प्रभाव
25 जून 2025 तक, सुगम्य भारत ऐप के 14,358 पंजीकृत उपयोगकर्ता हैं, और इसे एंड्रॉइड (82,291 डाउनलोड) और आईओएस (1,500 डाउनलोड) पर कुल 83,791 बार डाउनलोड किया गया है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर मुफ्त उपलब्ध है। उपयोगकर्ता जियो-टैग की गई तस्वीरों के माध्यम से सुगम्यता संबंधी समस्याएं दर्ज कर सकते हैं, जिसके आधार पर अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हैं। अब तक 2,705 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1,897 का निस्तारण किया जा चुका है।
सुगम्य भारत ऐप सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी में सुगम्यता में आने वाली बाधाओं को दूर करने का एक प्रभावी मंच है। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को समस्याओं की तस्वीरें अपलोड करने की सुविधा भी प्रदान करता है, जिससे प्रशासन तुरंत सुधारात्मक कदम उठा सकता है। यह पहल दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के लिए बाधा-मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सरकारी योजनाओं तक आसान पहुंच
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नागरिकों को एप के माध्यम से सुगम्यता संबंधी मुद्दों की जानकारी देने और बाधा-मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करता है। यह एप न केवल समस्याओं के समाधान में मदद करता है, बल्कि सरकारी योजनाओं और संसाधनों तक दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की पहुंच को भी सुनिश्चित करता है।
लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।