
योग करता है गर्मी को डिलीट Publish Date : 05/06/2025
योग करता है गर्मी को डिलीट
गर्मी से बचने के लिए हम सब कई तरकीबें आजमाते हैं। दिन में कई लीटर पानी पीते हैं। दही और फल खाते हैं। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि योग भी गर्मी भगाने में आपकी मदद कर सकता है। दरअसल योग के कई ऐसे आसन हैं, जिन्हें करने से शरीर को गर्मी कम लगती है। शरीर न केवल गर्मी कम महसूस करता है, बल्कि गर्मी से होने वाली कई बीमारियों से भी बचाव होता है। होंठ सूखना, बार-बार प्यास लगना और डिहाइड्रेशन कुछे ऐसी ही बीमारियां हैं, जिनसे योग हमें निजात दिलाता है।आइए जानें योग के कुछ ऐसे आसन, जो हमें गर्मी से आराम दिलाते हैं। योग में एक आसन होता है शीतली प्राणायाम।
योगगुरु सुनील सिंह बताते हैं कि जैसा कि नाम से ही साफ है, यह आसन हमारे शरीर को शीतलता देता है। इसे करना भी बेहद आसान है। सबसे पहले मुंह खोलें, फिर जुबान को कौए की चोंच के आकार में बाहर निकालें और मुंह से शी-शी की आवाज करते हुए सांस खींचे। सांस नाक के जरिए बाहर छोड़ें। ऐसा 20 बार करें।
ऐसा ही एक दूसरा योग आसन है शीतकारी प्राणायाम। सुनील सिंह बताते हैं कि इसमें पद्मासन की मुद्रा में बैठकर दोनों हाथ ज्ञान मुद्रा में बांधें। मुंह की दंत-पंक्तियों को-आपस में मिला लें। मुंह से शी –शी की आवाज निकालते हुए सांस अंदर लें और नाक से छोड़ें। इसे भी 20 बार करें। इससे भी शरीर को शीतलता मिलती है। एक खासबात का खयाल रखें कि निम्न रक्तचाप के रोगियों, अस्थमा के रोगियों और ठंडे प्रदेश के निवासियों को शीतकारी और शीतली दोनों प्राणायाम नहीं करने चाहिए।
योगगुरु सुनील सिंह एक और व्यायाम के बारे में बताते हैं, जिसे करने से हमारा पाचन तंत्र मजबूत रहता है।। यह आसन है वज्रासन। इसमें दोनों पैर घुटनों से मोड़कर बैठ जाएं। पीठ और गर्दन सीधी रखें। सुनील सिंह कहते हैं, 'इसे खाने के बाद भी करते हैं। यह योग का अकेला आसन है, जिसे खाने के बाद किया जाता है। इससे खाना जल्दी पच जाता है।' वरुण मुद्रा करने से भी शरीर ठंडा रहता है। सुनील सिंह बताते हैं कि इसमें पैर के अंगूठे को तर्जनी उंगली से छुएं और बाकी उंगलियां सीधी रखें। ये दोनों हाथों से एक साथ करें। 45 सेकेंड से 45 मिनट तक यह व्यायाम कर सकते हैं। इसे करने से शरीर में पानी बना रहता है।
“वरुणमुद्रा, वज्रासन, शीतली और शीतकारी प्राणायाम योग के कुछ ऐसे आसन हैं, जिन्हें नियमित रूप से करने पर गर्मी नहीं लगती। ये आसन गर्मी की कई बीमारियों से भी हमारा बचाव करते हैं।“