डीएसआर मशीन से करें कम लागत में धान की बुवाई      Publish Date : 10/08/2024

                   डीएसआर मशीन से करें कम लागत में धान की बुवाई

                                                                                                                                                                                 प्रोफेसर आर. एस. सेंगर

डीएसआर मशीन की कीमत, विशेषता और इसके लाभ

                                                                   

धान की खेती (Paddy farming) का सीजन चल रहा है। कई किसान धान की बुवाई का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में एक ऐसी धान बुवाई की मशीन है जो कम लागत में धान की बुवाई कर सकती है। इस मशीन की सहायता से किसान कम समय और श्रम में धान की बुवाई का कार्य पूरा कर सकते हैं।

खास बात यह है कि इस मशीन से धान की बुवाई करने पर खर्चा कम आता है और पैदावार अच्छी होती है। इस मशीन की सहायता से बिना नर्सरी तैयार किए हुए सीधी धान की बुवाई खेत में की जा सकती है। इससे रोपाई के लिए मजदूरों की मजदूरी का खर्च बचता है। इस मशीन का नाम डीएसआर मशीन (DSR Machine) है। बाजार में केएस एग्रोटेक, लैंडफोर्स सहित कई कंपनियों की डीएसआर मशीन आती है किसान अपने बजट व सुविधा के अनुसार डीएसआर मशीन का चुनाव कर सकते हैं।

कैसे काम करती है धान बुवाई की डीएसआर मशीन (How does DSR paddy sowing machine works)

                                                                    

डीएसआर मशीन (DSR Machine) का पूरा नाम डायरेक्ट सीडेड राइस मशीन (Direct Seeded Rice Machine) है। यह मशीन धान की हाथ से बुवाई की अपेक्षा बहुत कम समय और श्रम में धान की बुवाई का काम करती है। इस मशीन से धान की बुवाई करने से पहले खेत को लेजर लैंड लेवलर मशीन (Laser Land Leveler Machine) से समतल करना जरूरी होता है। इसके बाद डीएसआर मशीन (DSR Machine) की सहायता से धान की बुवाई की जाती है। इस मशीन से खाद और बीज (Fertilizer and Seeds) को एक साथ डाला जाता है। यह मशीन बुवाई करते समय खेत की जमीन पर पतली लाइन चढ़ाती है। वहीं मशीन के साथ लगी दो अलग- अलग पाइप से खाद और बीज अलग-अलग गिरते हैं। इस तरह इस मशीन से धान की बुवाई की जाती है। इसमें आप धान के बीजों के बीच की दूरी को भी निर्धारित कर सकते हैं।

डीएसआर मशीन से धान की बुवाई के लाभ (Benefits of sowing paddy with DSR machine)

डीएसआर मशीन (DSR Machine) से धान की बुवाई करने पर किसान को बहुत से लाभ मिलते हैं, इसमें से कुछ लाभ इस प्रकार से हैं-

हाथ से धान की बुवाई करने की अपेक्षा डीएसआर मशीन से बुवाई करने पर समय कम लगता है।

डीएसआर मशीन (DSR Machine) से बुवाई करने पर खेत की गहरी जुताई करने की आवश्यकता नहीं होती है। बस लैंड लेवलर मशीन से खेत को समतल किया जाता है।

डीएसआर मशीन से बुवाई करने पर मजदूरी का खर्चा बचता है। इस मशीन से बुवाई करने के लिए दो या तीन आदमी की ही आवश्यकता होती है। कई मजदूर नहीं रखने पड़ते हैं।

डीएसआर मशीन से धान की बुवाई करने पर मेहनत कम लगती है।

परंपरागत तरीके से धान की बुवाई करने पर पहले नर्सरी तैयार की जाती है और उसके बाद उसकी खेत में रोपाई की जाती है। जबकि डीएसआर मशीन से सीधे खेत में धान की बुवाई हो जाती है।

डीएसआर मशीन से धान की बुवाई (Paddy sowing with DSR machine) करने पर धान की फसल जल्दी तैयार होती है। परंपरागत तरीके से रोपाई की अपेक्षा डीएसआर मशीन से धान की बुवाई करने पर फसल 7 से 10 दिन पहले तैयार हो जाती है जिससे अगली फसल को समय पर लगाया जा सकता है।

डीएसआर मशीन विशेषता (Features of DSR Machine)

                                                              

डीएसआर मशीन (DSR Machine) 11, 13 और 15 टाइन्स में आती है। इसमें बीज मापन के लिए मशीन की परिधि में घूमती डिस्क होती है जिसकी सहायता से बीज भूमि पर गिरता है। इस मशीन द्वारा आप पंक्ति से पंक्ति की दूरी को भी निर्धारित कर सकते हैं। इतना ही नहीं इसकी मशीन की सहायता से आप बीज से बीज की दूरी को भी तय कर सकते हैं। इस मशीन से बीज की गहराई को भी फसल के अनुसार नियंत्रित किया जा सकता है।

डीएसआर मशीन की कीमत (Price of DSR Machine)

ब्रांड और फीचर्स के अनुसार अलग-अलग डीएसआर मशीन की कीमत (DSR Machine Price) भी अलग-अलग ही होती है। बाजार में आज कई कंपनियों की डीएसआर मशीन उपलब्ध हैं। अतः आप बाजार में संपर्क कर और इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर इसकी ऑनलाइन खरीद भी कर सकते हैं।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल   कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।