
उत्तम लाभ के लिए करें गेंदे की खेती Publish Date : 28/11/2026
उत्तम लाभ के लिए करें गेंदे की खेती
प्रो0 आर. एस. सेंगर एवं अन्य
फूलो की खेती की तकनीक
फूलो की खेती दो प्रकार से की जाती है, पहली जिसमे खुले खेत में अन्य फसलों की तरह फूलो के पौधे लगाए जाते है और दूसरी संरक्षित खेती की तकनीक जिसमें ऐसा वातावरण कृतिम रूप (पॉलीहाउस) से तैयार किया जाता है जिससे फसल को फायदा होता है। संरक्षित खेती में किसान पौधों के अनुसार वातावरण में बदलाव कर सकते हैं और बदले हुए वातावरण में सालभर बेमौसमी फूलों और सजावटी पौधों आदि का उत्पादन भी आसानी से कर सकते हैं।
संरक्षित खेती का मुख्य उदेश्य फसल को जैविक और अजैविक कारकों से बचाना भी है, जिसे दवा और खाद दोनों के खर्च में कमी आती है और किसान का लाभ बढ़ता है, यदि किसान पॉलीहाउस में फूलो की खेती करते है तो वह सिंचाई के लिए टपक सिंचाई प्रणाली स्थापित करवा सकते है, जिससे पानी की कमी की समस्या और गर्मी दोनों का हल एक साथ ही मिल जाता है, साथ ही खाद और उर्वरक की भी कम आवश्यकता हो जाती है।
खुले में फूलों की खेती करने के कुछ जैविक और अजैविक खतरे भी होते हैं, जो फसल की उत्पादकता और गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। जैविक खतरे में पौधों को कई तरह की बीमारियों का खतरा रहता है। वहीं अजैविक खतरों में जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ते तापमान, बहुत ज्यादा गर्मी, बरसात का न होना या बाढ़ जैसी स्थिति का होना शामिल होता हैं, जो हमारी फसलों को प्रभावित करते है। इन तमाम कारकों से किसानों की कमाई कम का स्तर हो जाता है।
भारत मे गेंदें की प्रचलित व उन्नत किस्में

अफ्रीकन गेंदा:- गेंदे की इस किस्म के फूल बड़े गठीले पीले, सुनहरी पीले से नारगी रंग के होते है जो वर्ष भर फूल देते है, यह किस्म बुआई के 90-100 दिनों में फूल देना प्रारंभ कर देती है। इस किस्म के पौधों की ऊंचाई 75-85 सें. मी. तक होती है।
फ्रेंच गेंदा:- फ्रेंच गेंदा क्रमशः बीज बोने के 75-85 दिन बाद फूलने लगता है, इसके पौधे अनेक शाखाओं से युक्त लगभग 1 मीटर तक ऊँचे होते हैं, इनके फूल गोलाकार, बहुगुणी पंखुड़ियों वाले तथा पीले व नारंगी रगं के होते है। बड़े आकार के फूलों का व्यास 7-8 सेमी. होता है।
पूसा संतरा:- यह किस्म लगाने के 123-136 दिन बाद फूलने लगती है। फूल का रंग सुर्ख नारंगी रंग का होता है और लंबाई 7 से 8 सेमी. के बीच का होती है। इस किस्म की उपज औसतन प्रति हेक्टेयर 35 मी. टन/हेक्टेयर तक हो जाती है।
पूसा बसंती:- खेत में लगाने के बाद गेंदे की यह यह किस्म 135 से 145 दिनों में तैयार हो जाती है। इसका फूल पीले रंग का होता है, और फूल का व्यास 6 से 9 सेंटीमीटर का होता है।
गेंदे की खेती के लिए खेत की तैयारी
गेंदे की खेती विभिन्न प्रकार की मिट्टियों में की जा सकती है लेकिन 7.0 से 7.6 के बीच पीएच मान और वाली अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी इसके उत्पादन के लिए अच्छी मानी जाती है। भूमि तैयार करते समय गहरी जुताई करें तथा जुताई के समय जमीन में 15-20 टन सड़ा हुआ गोबर या कम्पोस्ट मिलाकर खेत को समतल बना लें।
छह बोरी यूरिया, 10 बोरी सिंगल सुपर फास्फेट और तीन बोरी पोटाश प्रति हेक्टेयर की दर से खेत में मिला देनी चाहिए। यूरिया को तीन बराबर भागों में बाँटकर तथा सिंगल सुपर फास्फेट एवं पोटाश की पूरी मात्रा रोपण के समय दे देनी चाहिए। यूरिया की दूसरी और तीसरी खुराक रोपाई के 30 और 45 दिन बाद पौधों के चारों ओर कतारों के बीच में देने से लाभ प्राप्त होता है। ध्यान रखें कि गेंदे की खेती के लिए सूरज की रोशनी बहुत जरूरी होती है।
किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और उत्पादन बढ़ाने के लिए रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर एज़ोटोबैक्टर, एज़ोस्पिरिलम आदि जैव उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए। जैव उर्वरक के प्रयोग से लागत भी कम आती है और इससे किसान का मुनाफा बढ़ जाता है। अगर आप पहली बार गेंदे की खेती करने की तैयारी कर रहे हैं तो बीज के स्थान नर्सरी से तैयार पौधे लेकर लगाना ही बेहतर होता है।
पौधे तैयार करने का तरीका
वैसे किसान खुद भी पौधो की नर्सरी तैयार कर सकते है, एक एकड़ भूमि के लिए लगभग 600-800 ग्राम बीज की आवश्यकता होती है। जो 100 से 1500 प्रति पैकट होता है, बारिश के मौसम में इसकी बिजाई मध्य जून से मध्य जुलाई में करें। सर्दियों में इसकी बिजाई मध्य सितंबर से मध्य अक्तूबर में पूरी कर लेनी चाहिए। नर्सरी बैड 3Û1 मीटर आकार के तैयार करें या ट्रे का उपयोग करे जिसमे गोबर खाद और मिट्टी या कोकोपिट का उपयोग करे, बीजों को अंकुरित होने में लगभग 5 से 10 दिन लगते हैं, और पौधे 15 से 20 दिनों में रोपाई के लिए तैयार हो जाते है। लेकिन यदि आप तैयार पौधे लेते है तो समय की बचत होती है, और स्वस्थ पौधे मिल जाते है सामान्यतः एक पौधा 4 से 10 रूपये तक हो सकता है।
पौधारोपण की विधि
गेंदे के पौधों की रोपाई शाम के समय करनी चाहिए, अफ्रीकन गेंदा को 45’45 सेमी की दूरी पर लगाएं। एक हेक्टेयर में रोपाई करने पर 50 से 60 हजार पौधों की आवश्यकता होती है।
इसी तरह फ्रेंच गेंदे को 25’25 पौधे से कतार एवं कतार से कतार की दूरी पर रोपे। इसमें प्रति हेक्टेयर डेढ़ से दो लाख पौधें की जरूरत पड़ती है और रोपाई के बाद हल्की सिंचाई अवश्य ही करनी चाहिए।
सिंचाई व्यवस्था

सिंचाई मौसम पर अधिक निर्भर करती है, गेंदे के पोधो को अधिक नमी की आवश्यकता नहीं होती बेहतर जल निकासी होने पर गर्मी के दिनों में 7-8 दिन के अंतराल से तथा सर्दियों में 11-14 दिन के अंतराल पर सिंचाई करना उचित माना जाता है। गेंदे के पौधे कमजोर तने वाले होते है, इसलिए इन्हे सहारा देना आवश्यक होता है और समय समय पर मिट्टी चढ़ाना भी जरुरी होता है।
खरपतवार प्रबंधन
बारिश और ठण्ड में गेंदे की फसल में खरपतवार बड़ी समस्या होती है, जो कि सीधे-सीधे गेंदे की उपज को प्रभावित करती है, इसलिए समय पर आवश्यकता अनुसार हाथो से या उचित खरपतकार नाशक का उपयोग कर इसका नियत्रण करना बहुत जरूरी है।
रोग और कीट प्रबंधन
वैसे गेंदे की फसल में यदि जल निकासी की व्यवस्था अच्छी हो और समय पर खरपतवार का नियंत्रण किया जाये तो कीट एवं रोग की समस्या कम होती है। लेकिन कभी कुछ किट जैसे घुन या ऐफिड फसल को प्रभावित कर सकते है, जिसके नियंत्रण के लिए ओबेरोन, और कॉन्फिडर या कॉन्फिडर सुपर जैसे कीटनाशक का उपयोग निर्देशानुसार किया जा सकता है।
यदि फसल में पत्ता लपेटक या पॉवडरी फफूंद का प्रभाव दिखाई दे तो फफूंद के लिए एविएटर एक्सप्रो जैसे फफूंदनाशक का उपयोग निर्देशानुसार किया जाना चाहिए। यदि किसान चाहे तो नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से भी संपर्क कर सकते है।
फूलों की तुड़ाई और मुनाफा
फूलों की तुड़ाई उनके अच्छी तरह से खिलने के बाद ही करनी चाहिए। फूल तोडऩे का सबसे अच्छा समय सुबह या शाम का होता है। फूलों को तोडऩे से पहले खेत में हल्की सिंचाई करनी चाहिए जिससे फूलों का ताज़ापन बना रहता है। तुड़ाई के बाद यदि संभव हो तो फूलो को कागज से ढक दे जिसे उसकी नमी कम न होने पाए, एक एकड़ खेत में हर हफ्ते 3 क्विंटल तक फूल की पैदावार प्राप्त हो जाती है। खुले बाजार में इसके फूल की कीमत 70-80 रुपए प्रति किग्रा तक मिल जाती है, यानी हर हफ्ते 20-25 हजार रुपए तक की आमदनी हो सकती है, साथ ही गेंदे की फसल को सब्जियों के साथ फसल चक्र में उगाने से सूत्र कृमियों को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है, साथ ही इसमें कई औषधीय गुण होते हैं, इसलिए मेडिकल व्यवसाय और सौन्दर्य सामग्री बनाने वाली कंपनी में भी फसल की अच्छी मांग होती है।

लेखकः प्रोफेसर आर. एस. सेंगर, अधिष्ठाता जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय एवं निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ।