अब तोड़ने के बाद भी फूल कई दिनों तक रहेंगे ताजा, बिखेरेंगे सुगंध      Publish Date : 19/08/2025

अब तोड़ने के बाद भी फूल कई दिनों तक रहेंगे ताजा, बिखेरेंगे सुगंध

                                                                                                                                                 प्रोफेसर आर. एस. सेंगर एवं अन्य

गुलाब, गेंदा, कुमुदिनी जैसे फूल अक्सर कुछ घंटों के अंदर ही मुरझा जाते हैं, लेकिन अब यह तोड़े जाने बाद कई दिनों तक ताजा बने रहेंगे। पेड़ से अलग होने के बाद भी फूलों की न केवल सुंदरता बनी रहेगी, बल्कि आसपास का वातावरण भी ताजगी से भरा हुआ बना रहेगा।

ऐसा संभव हो पाया है लखनऊ स्थित राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (सीएसआइआर-एनबीआरआई) की नई खोज चलते। संस्थान ने एक विशेष हर्बल छिड़काव विकसित किया है, जिसे ‘एनबीआरआइ फ्लोरी गार्ड’ का नाम दिया गया है। यह हर्बल छिड़काव फूलों की ताजगी को दोगुने से अधिक समय तक बनाए रखने में सक्षम है।

                                                            

इस अभिनव उत्पाद को विकसित करने में विज्ञानी डॉ0 बी. एन. सिंह और उनकी शोध टीम को तीन वर्ष का समय लगा। इसका सूत्र पूरी तरह वनस्पति विज्ञान पर ही आधारित है, जिससे यह पर्यावरण के प्रति भी पूरी तरह से सुरक्षित है। यह बाजार में पहले से उपलब्ध रासायनिक छिड़कावों की तुलना में अधिक प्रभावी और सुरक्षित सिद्ध हुआ है। फ्लोरी गार्ड फूलों में मुरझाने के लिए जिम्मेदार हॉर्मोन एथिलीन के उत्पादन को 33 से 56 प्रतिशत तक कम कर देता है। साथ ही, यह फूलों की कोशिकाओं को क्षति पहुंचाने वाले क्रियाशील आक्सीजन अणुओं के निर्माण को भी प्रतिबन्धित करता है। इसके कारण फूल अधिक समय तक ताजगी, रंग और चमक के साथ सुगन्धित और सुरक्षित बने रहते हैं।

इस छिड़काव में मौजूद प्राकृतिक जीवाणुनाशक तत्व फूलों को बैक्टीरिया जनित सड़न और दुर्गंध से भी बचाते हैं। यह पंखुड़ियों के समय से पहले झड़ने, उनका रंग फीका होने, पानी की कमी और सूखने जैसी समस्याओं को भी रोकता है। इस तकनीक को व्यावसायिक उत्पादन और विपणन के लिए प्रेसिजन प्राइवेट लिमिटेड, पुणे को सौंपा गया है। कंपनी के अनुसार, यह उत्पाद तीन से छह माह के भीतर बाजार व आनलाइन प्लेटफार्म पर उपलब्ध होगा। एनबीआरआइ के निदेशक डॉ. अजीत कुमार शासनी ने बताया कि यह छिड़काव इस बात का उदाहरण है कि कैसे वैज्ञानिक नवाचार हमारे दैनिक जीवन को सरल, सुंदर और सतत बना सकते हैं। यह शोध भारतीय विज्ञान की हरित और जैविक खेती की दिशा में बड़ा कदम है

एनबीआरआइ विज्ञानियों ने तीन वर्ष की मेहनत से तैयार किया विशेष रसायन:-

                                                       

फ्लोरी गार्ड की प्रमुख विशेषताएं

  • फूलों की ताजगी और जीवन अवधि को कई गुना तक बढ़ा देता है।
  • यह पूरी तरह से वनस्पति आधारित एक उत्पाद है जो कि पर्यावरण के अनुकूल भी है।
  • यह रसायन बैक्टीरिया से सुरक्षा के साथ ही वातावरण में ताजगी को भी बनाए रखता है।
  • इस हर्बल उत्पाद का मनुष्य के स्वास्थ्य पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है।
  • यह हर्बल उत्पाद घरों, होटलों, पूजा-पाठ एवं अन्य आयोजनों के लिए भी उपयुक्त है।
  • पहले से उपलब्ध हर्बल छिड़कावों की तुलना में यह अधिक प्रभावी सिद्व होता है।
  • यह खोज भारत के वैज्ञानिक प्रयासों को नई दिशा देने वाली और पुष्प संरक्षण के क्षेत्र में एक हरित क्रांति का संकेत है।

लेखकः डॉ0 आर. एस. सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग और प्लेसमेंट, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मेरठ।