स्वास्थ्य को लगातार बिगाड़ता हुआ एनालाग पनीर      Publish Date : 28/11/2026

स्वास्थ्य को लगातार बिगाड़ता हुआ एनालाग पनीर

                                                                                                    डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

कई राज्यों में एनालाग पनीर और गैर-डेयरी सामग्री से तैयार खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने के बाद भी इन खाद्य पदार्थों का कारोबार गहरे तक जड़ें जमाए हुए है और लोगों के स्वास्थ्य पर निरंतर कुप्रभाव डाल रहा है।  उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार व झारखंड से प्राप्त हुए आंकड़े अवगत कराते हैं कि इसका नेटवर्क कई राज्यों के बाजारों और थोक कारोबारियों तक भी फैला हुआ है। कहीं हजारों किलो की खेप पकड़ी जा रही है तो कहीं बड़े पैमाने पर लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने फेल हो रहे हैं। कई राज्यों के द्वारा तो इन प्रकार के खाद्य पदार्थों के उत्पादन, भंडारण और बिक्री तक पर प्रतिबंध भी लगाया गया है, परन्तु वहां अब भी एनालाग पनीर पकड़ा जा रहा है।

                                      

हरियाणा में एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच पनीर के 285 नमूने लिए गए। इनमें 200 मानकों पर खरे नहीं उतरे। 171 निम्नस्तरीय और 29 असुरक्षित पाए गए। विभाग के अनुसार बाजार में बिकने वाले इस पनीर में करीब 70 प्रतिशत तक नकली होने का अनुमान है। हिमाचल में भी एनालाग पनीर की बिक्री पर एक साल के लिए रोक भी लगा दी गई है।

उत्तर प्रदेश में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने एक वर्ष में 5,643 छापे मारकर 1,517 नमूने लिए। इनमें 346 असुरक्षित मिले। 18 मामलों में एफआईआर और 446 मामलों में अदालतों में वाद दायर किए गए हैं। लखनऊ से जुड़ी दो बड़ी कार्रवाइयों में आगरा एक्सप्रेसवे पर अप्रैल 2025 में 4,800 किलो और नवंबर 2025 में करीब 1,800 किलो एनालाग पनीर पकड़ा गया था।

यह होता है एनालाग पनीर

                             

एनालाग पनीर एक गैर-डेयरी उत्पाद है, जो देखने और इस्तेमाल करने में सामान्य पनीर की तरह ही दिखता है। इस पनीर को बनाने के लिए दूध का उपयोग नहीं किया जाता है। इसमें दूध में मिलाने वाले पारंपरिक फैट और सालिड्स भी नहीं होते हैं।

ऐसे किया जाता है तैयार यह पनीर

वनस्पति तेल और वनस्पति फैट के साथ-साथ सोया या मटर से मिलने वाले प्रोटीन के द्वारा यह पनीर तैयार किया जाता है। साथ ही स्टार्च, डिटर्जेंट, चूना, पाउडर वाला दूध और केमिकल्स भी इसमें मिलाए जाते हैं।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।