
सर्दी के मौसम में बालों के लिए सबसे बेहतर तेल Publish Date : 20/11/2026
सर्दी के मौसम में बालों के लिए सबसे बेहतर तेल
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
सर्दियों में बालों के लिए कौन सा तेल है सबसे बेहतर रहता है, सरसों का तेल अथवा नारियल का तेल, किससे मिलती है रूखेपन और फ्रिजीनेस से राहत
वर्तमान समय की इस आधुनिक एवं भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने बालों की केयर करना तो कहीं न कहीं भूल ही जाते हैं और इस दौरान मौसम बदलने पर भी बालों पर अधिक असर पड़ता है और इससे बहुत से लोगों के बालों का झड़ना शुरु हो जाते हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल आता हैं कि सर्दियों के मौसम में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए कौन से तेल का प्रयोग करें, सरसों का तेल या नारियल तेल? अगर आपको भी यही जानना है, तो हमारा आज पूरा लेख तक पढ़ें और इसका भरपूर लाभ उठाएं।

सर्दी का मौसम शुरु होते ही कई लोगों को बाल झड़ने की परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कई लोग अपने तेल और शैम्पू को बदलते रहते हैं, लेकिन फिर भी उनके बालों की झड़ने की समस्या खत्म नहीं होती है, बल्कि और बढ़ जाती है। इस परेशानी को वह लोग अधिक झेलते हैं, जिनकों यह बिल्कुल भी अंदाजा नहीं होता है कि किस मौसम में कौन सा तेल अपने हेयर्स में अप्लाई करें, क्योंकि सर्दियों के मौसम में स्कैल्प में रूखापन, खुजली और फ्रिजीनेस की समस्या एक आम समस्या होती है, जिससे बाल झड़ना लाजमी है। इसी के चलते आइए अब हम आगे बताते हैं कि कौन से तेल का उपयोग करना अधिक सही रहता है।
सर्दियों में बालों में कौन सा तेल लगाएं
आजकल देशभर में सर्दी दस्तक दे चुकी है और इस मौसम के शुरु होते ही लोगों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सर्दियों के मौसम के दौरान कई लोगों को बालों के झड़ने की समस्या की सामना करना पड़ सकता है, यानी की इस मौसम में बालों और स्कैल्प में रूखापन, खुजली और फ्रिजीनेस की समस्या होना शुरु हो जाती है और साथ ही आपके बाल बहुत अधिक उलझे हुए नजर आने लगते हैं। ऐसे में बालों की परेशानी को देखते हुए अधिकतर घरों में तेल लगाने की सलाह दी जाती है और कई लोग सरसों का तेल लगाते हैं, तो कई नारियल का तेल भी लगाते हैं, लेकिन ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह आता है कि आखि रवह कौन सा तेल है जो उनके बालों को स्वस्थ बनाण् रखता है।
अगर सरसों और नारियल दोनों ही तेलों की तुलना आपस में की जाए तो स्कैल्प के अंदर तक पहुंचने और प्रोटीन की कमी को कम करने के मामले में नारियल तेल के पक्ष में बेहतर वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध हैं। खासकर ऐसे लोगों के लिए नारियल तेल एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है, जिनके बाल रूखे, कमजोर और डैमेज्ड होते हैं।
वहीं, सरसों का तेल ऐसे लोगों के लिए एक विकल्प हो सकता है, जो कि सरसों के तेल से मालिश करना पसंद करते है और जिनकी त्वचा इसे आसानी से सहन भी कर लेती है। हालांकि सरसों के तेल को डैंड्रफ या स्कैल्प इंफेक्शन का इलाज नहीं समझा जाना चाहिए।
बालों की समस्या के अनुसार ही करें उपयुक्त तेल का चुनाव
हर व्यक्ति के बालों और स्कैल्प की आवश्यकताएं अलग अलग होती हैं, इसलिए केवल मौसम को देखकर ही किसी भी तेल का चुनाव करना कोई समझदारी वाला फैंसला नहीं है।
ज्यादा रूखे और बेजान बालों के लिएः अगर आपके बालों की लंबाई रूखी है और उनमें टूटने की अधिक समस्या है, तो ऐसी स्थिति में आप अपने बाल धोने से पहले थोड़ी मात्रा में नारियल तेल अपने बालों में लगाएं, इससे आपके बालों को होने वाले प्रोटीन के नुकसान को कुछ कम करने में मदद मिल सकती है।
स्कैल्प में रूखापनः अगर आपको अपने सिर की त्वचा सूखी महसूस होती है, तो आपको अपनी त्वचा के अनुसार हल्का और अनुकूल तेल का प्रयोग करना चाहिए। हालांकि, सरसों के तेल को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लेना चाहिए।
अगर आपके बाल ऑयली हैं: अगर आपकी स्कैल्प पहले से ही ऑयली रहती है, तो सिर की त्वचा पर ज्यादा तेल लगाने से आपको बचना चाहिए। आपको अपने बालों के सिरों पर मात्र कंडीशनर का उपयोग करना भी पर्याप्त हो सकता है।
यदि स्कैल्प में खुजली और डैंड्रफ हैः अगर आपके सिर में लगातार खुजली, पपड़ी या लालिमा आदि की समस्या बनी रहती है, तो आपको केवल तेल लगाकर ही इस समस्या को ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, आवश्यकता के होने पर आपको किसी त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
सर्दियों में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए कुछ आसान टिप्स
- बालों को तेज गर्म पानी से धोने से आपको बचना चाहिए।
- आप अपने बालों के प्रकार के अनुसार ही किसी माइल्ड शैंपू का उपयोग करें।
- हर बार शैंपू करने के बाद अपने बालों में कंडीशनर अवश्य लगाएं।
- आपको अपने गीले बालों को जोर से रगडने से बचना चाहिए।
- बालों में जरूरत से ज्यादा तेल लगाने से भी आपको बचना चाहिए।
- स्कैल्प में जलन होने पर तेल का उपयोग करना तुरंत ही बंद कर देना चाहिए।
- संतुलित आहार लें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना चाहिए।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।