पेट दर्द के कारण, लक्षण और घरेलू उपचार      Publish Date : 09/11/2026

    पेट दर्द के कारण, लक्षण और घरेलू उपचार

                                                                                                       डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

आजकल पेट में दर्द होना आम समस्या बन चुकी है क्योंकि लोगों की जीवन शैली इतनी अधिक अनियमित हो चुकी है कि इसका प्रभाव सीधा उनके पाचन तंत्र पर पड़ता है। देर तक बैठ कर काम करना, समय के अभाव के कारण जंक फूड ज्यादा खाना, पर्याप्त मात्रा में नींद न ले पाना जैसी समस्याओं के कारण सामान्य तौर पर बदहजमी या पेट संबंधी समस्याएं होती है जिसके कारण पेट में दर्द होने लगता है।

आमतौर पर लोग पेट दर्द के लिए सबसे पहले घरेलू नुस्खे ही अपनाते हैं, क्योंकि पेट दर्द के लिए घरेलू नुस्ख़े ही घर में सबसे पहले मिल जाते हैं जिससे दर्द से जल्दी राहत मिल जाती है। तो चलिये अब जानते हैं कि आयुर्वेद में किस दोष के कारण पेट में दर्द होता है और इसका क्या आयुर्वेदिक उपचार है।

आयुर्वेद के अनुसार क्या है पेट का दर्द

                               

वातदोष के असंतुलित होने के कारण पेट में सुई या कील चुभोने के जैसा दर्द होता है जिसको पेट दर्द कहते है।

पेट दर्द होने के कारण

पेट में दर्द होने के पीछे बहुत से कारण हो सकते है, जैसे- खान-पान और जीवनशैली लेकिन इसके अलावा कुछ विशेष बीमारियों के कारण भी पेट में दर्द होता है।

पेट दर्द होने के कुछ सामान्य कारण

  • जरूरत से ज्यादा भोजन करने से।
  • ज्यादा पानी पीने से।
  • तेल, मिर्च मसाला वाला खाना अधिक समय तक खाने से।
  • गंदा (अस्वच्छ) पानी पीने से।
  • बाहर का खाना जैसे पिज्जा, बर्गर, आइसक्रीम, समौसा आदि ज्यादा खाने से।
  • खाली पेट अधिक समय तक काम करने से।
  • रात का बचा बासा खाना खाने से।
  • महिलाओं में मासिक स्राव के समय
  • संक्रमित भोजन का सेवन करने से।
  • अंकुरित दालों को ज्यादा खाने से।
  • सूखा माँस खाने से।
  • खाना खाने के बाद ज्यादा तेज दौड़ने से।

(ब) अन्य कारण

  • इरिटेबल बॉवल सिन्ड्रोम (आई.बी.एस.)।
  • गैस समस्या (गैस्ट्रिक प्रॉबल्म)।
  • गॉल ब्लेडर स्टोन होेने से।
  • किडनी स्टोन के कारण।
  • हर्निया की समस्या।
  • एसीडिटी की समस्या के होने से।
  • इन्टेसटाइनल ओब्स्ट्रकसन के कारण।
  • आत्रपुच्छ शोथ होने से।
  • यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यूटिआई) के कारण।

आयुर्वेद के अनुसार किस दोष के कारण पेट दर्द होता है-

इन सभी कारणों की वजह से शरीर में उपस्थित वात दोष असंतुलित होकर पाचन क्रिया को कमजोर कर देता है और पेट में सुई या कील चुभोने जैसा दर्द होने लगता है। पेट दर्द मुख्यतः वात दोष के असंतुलित होने की वजह से होता है पर वात दोष शरीर में उपस्थित अन्य दो दोष (पित्त और कफ) को दूषित कर देता है। जिसके कारण पेट में जलन, किडनी में दर्द होना, अधिक प्यास लगना, जी मिचलाना, पेट में रुक-रुक कर दर्द होना, यह सब पित्त व कफ दोष के असंतुलित होने की वजह से होता है।

पेट दर्द होने के लक्षण

पेट दर्द के आम लक्षण निम्न प्रकार के होते हैंः-

  • जलन होना।
  • रुक-रुक कर पेट में दर्द होना।
  • पेट में गुड़गुड़ाहट होना।
  • ज्यादा मात्रा में खट्टी डकार आना।
  • बुखार का आना।
  • ज्यादा गैस बनना।
  • उल्टी होना या जी मिचलाना।
  • पेट में सुई चुभोने जैसा दर्द होना।
  • पेट फूलना या भारी महसूस होना।
  • पेशाब त्यागते समय कभी-कभी पेट में दर्द होना।

पेट दर्द से राहत पाने के उपायः

पेट दर्द से तत्काल रूप से आराम पाने के लिए सबसे पहले आहार और जीवनशैली में बदला लाना जरूरी होता है। चलिये इनके बारे में जानते हैं।

पेट दर्द होने पर आहार कैसा होना चाहिएः पेट दर्द के दौश्रान आपको हल्का भोजन जैसे मूंग की दाल, दलिया, मठ्ठा (छाछ), पपीता, अनार का जूस भोजन में लेना चाहिए।

  • चाय, कॉफी, दूध का सेवन नहीं करना चाहिए।
  • मठ्ठे (छाछ) में भूनी हुई अजवायन का पाउडर 1/2 छोटा चम्मच मिलाकर लेना चाहिए।
  • खाने खट्टी चीजे जैसे अचार, नींबू नहीं लेना चाहिए।

अगर पेट दर्द की वजह से उल्टी भी हो रही है तो कुछ देर तक कुछ नहीं खाना चाहिए (6 घण्टे) और बाद में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चावल का पानी, मूंग की दाल का पानी लेना चाहिए क्योंकि यह गुण में हल्की होती है जिसकी वजह से आसानी से पच भी जाता है।

ठोस आहार जैसे गेहूं की रोटी, अरहर की दाल, पालक की सब्जी, बेसन के बने समान, खीरा, ककडी, आदि नहीं देना चाहिए।

पेट दर्द होने पर जीवनशैली में आवश्यक बदलावः

सुबह-सुबह उठते ही गुनगुना पानी 1 या 2 गिलास पीना चाहिए जिससे हमारा पेट अच्छी तरह से साफ हो सके।

खाने में ज्यादा तैलीय चीज जैसे समौसा-पकौड़े नही खाना चाहिए और मैदे और बेसन से बनी चीजें कम खानी चाहिए।

चाय, कॉफी, नहीं पीनी चाहिए।

मल को ज्यादा देर तक रोककर नहीं रखना चाहिए।

व्यायाम करने के बाद तुरन्त बहुत ज्यादा पानी नही पीना चाहिए।

रात को खाना हल्का जैसे लौकी, तोरई, टिण्डे, परवल खाना चाहिए क्योंकि यह सब्जियां हल्के गुण वाली होती है। और आसानी से पच जाती है और पेट में गैस नहीं बनाती है।

रात के समय ज्यादा तैल मिर्च मसाला वाला खाना नही खाना चाहिए।

रात में ज्यादा देर तक नही जगना चाहिए क्योंकि ज्यादा देर तक जागने से वातदोष असंतुलित हो जाते है आर पेट में गैस बनाते है जिसके कारण कभी-कभी पेट और सीने में दर्द होने लगता है।

रात में खाना जल्दी या समय ज्यादा से लेना चाहिए जिससे खाना अच्छे से पच सके।

पेट दर्द के घरेलू उपायः

बच्चों  के लिए पेट दर्द में फायदेमंद रसपीपरीः

यह दवा बच्चों की बिमारी के लिए बहुत लाभकारी साबित हुई है। दवा को चूर्ण या 1-2 गोली को शहद के साथ या जायफल के साथ पीसकर या घोटकर खाली पेट या भरे पेट 3-3 घण्टे के अन्दर में दो या तीन बार देने से बच्चों के पेट दर्द, उल्टी, गैस, बुखार में बहुत चमत्कारी लाभ करती है। इस दवा के सेवन से बच्चों को कोई भी हानि नही पहुंचती है। यह दवा छोटे बच्चों के लिए रामबाण का काम करती है। यह दवा चिकित्सक परामर्श के बिना भी दे सकते है।

हींग बच्चों के पेट दर्द में लाभकारीः

आधा छोटा चम्मच हींग को पानी के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें। इसी पेस्ट को शिशु की नाभी के किनारे-किनारे लगा दे ऐसा करने से शिशु के पेट दर्द में बहुत जल्दी आराम मिलता है।

जायफल और नींबू पेट दर्द से दिलाये आरामः

जायफल को नींबू रस में मिलाकर शिशु को चटाने से पेट दर्द और गैस की समस्या ठीक हो जाती है।

काला नमक पेट दर्द से दिलाये राहतः

काला नमक, सोंठ, हिंग, यवक्षार, अजवायन इन सभी को समान भाग में मिलाकर चूर्ण कर ले फिर 2-2 ग्राम की मात्रा में सुबह-शाम नाश्ते और रात के खाने के बाद गुनगुने पानी से देवे इसका सेवन करने से पेट की गुड़गुड़ाहट और पेट के ऐंठन में आराम मिलता है।

दशमूलारिष्ट पेट संबंधी समस्या से दिलाये राहतः

दशमूलारिष्ट 4 चम्मच दवा 4 चम्मच पानी को एक साथ मिलाकर सुबह-शाम नाश्ते और रात के खाने के बाद देना चाहिए। यह अरिष्ट आसानी से हर आयुर्वेदिक स्टोर पर मिल जाता है।

अजवाइन पेट दर्द या पेट के गैस से दिलाये छुटकाराः

अजवायन चूर्ण का प्रयोग अजवायन 1 या 2 ग्राम, सोठ 1 ग्राम दोनों को साथ में अच्छी तरह से पीसकर गुनगुने पानी के साथ खाली पेट या नाश्ते के बाद लेना चाहिए। यह पाउडर पेट दर्द को कम करता है तथा भूख बढ़ाता है। यह पाउडर दिन में दो बार सुबह और शाम को लेना चाहिए।

हरड़ पेट दर्द दूर करने में सहायकः

हरड़ का प्रयोग भिंगी हुई हरड़ 2 नग, काला नमक 1 ग्राम, पिप्पली 1 नग, अजवायन 1 ग्राम इन सभी को एक साथ अच्छी तरह पीसकर गर्मपानी के साथ सुबह और शाम नाश्ते और रात के खाना खाने के बाद देना चाहिए। इस पाउडर को लेने से ज्यादा गैस बनना कम हो जाती है और पेट भी अच्छी तरह से साफ हो जाता है।

पुदीना पेट दर्द कम करने में मददगारः

10 मि.ग्रा. दो चम्मच पुदीना का रस, 10 मि.ग्रा. दो चम्मच शहद, 2.5 मि.ग्रा. नींबू का रस, 20 मि.ग्रा. ताजा पानी एक साथ मिलाकर पीने से पेट दर्द से आराम मिलता है।

सूखी अदरक उदरशूल में फायदेमंदः

2 ग्राम सूखी अदरक, 2 ग्राम काली मिर्च, 2 ग्राम हींग, 2 ग्राम  सेंधा नमक का मिलाकर पेस्ट जैसा बना लें। सबसे पहले नाभि के चारों ओर गीले आटे की कटोरी जैसी बना ले फिर इस पेस्ट को हल्के गुनगुने पानी में डालकर नाभि में डाल दें। यह क्रिया उदर शूल या पेट दर्द से राहत दिलाती है।

3 ग्राम गुड में 3 ग्राम अजवायन कूट कर मिलाए और इसके दो भाग कर ले सुबह-शांम खिलाने से उल्टियाँ रुक जाती है और पेट का फूलना भी कम हो जाता है।

अजवायन 1/2 छोटा चम्मच, हींग 1/4 चम्मच मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लेने से पेटदर्द, गैस, जी मिचलाना आदि में बहुत जल्दी आराम मिलता है।

लहसुन का रस पेट दर्द और गैस से दिलाये आरामः

1 छोटा चम्मच लहसुन का रस और 3 छोटे चम्मच सादा पानी एक साथ मिलाकर 1 हफ्ते तक रोज सुबह या शाम खाने के बाद पीना चाहिए। इसके सेवन से गैस तथा पेट के दर्द में बहुत जल्दी लाभ मिलता है।

नींबू के रस का मिश्रण पेट दर्द में लाभकारीः

5 मि.ली नींबू रस,5 नग का चूर्ण काली मिर्च और 1 ग्राम सोंठ चूर्ण और 1/2 गिलास गर्म पानी इन सभी को एक साथ मिलाकर सुबह या शांम 2 दिन तक देने से पेट दर्द और उल्टी में आराम मिलता है।

पेट दर्द दूर करने के आयुर्वेदिक उपायः

100 ग्राम अविपत्तिकर चूर्ण, 20 ग्राम कामदुधा रस और 10 ग्राम मुक्ताशुक्ति इन सभी को एक साथ मिलाकर रख ले रोज सुबह-शाम खाली पेट 1/2-1/2 छोटा चम्मच गुनगुने पानी के साथ लेने से बहुत जल्दी लाभ मिलता है।

हिंगावाष्टक चूर्णः यह चूर्ण आधा-आधा छोटे चम्मच रोज सुबह-शाम नाश्ते और रात के खाने के बाद गुनगुने पानी से लेना चाहिए। यह चूर्ण पेट का दर्द, पेट का फूलना आदि में बहुत कारगर साबित हुआ है। इसके सेवन से पेट का दर्द कुछ ही घण्टों में ठीक हो जाता है। ये पाउडर आसानी से हर आयुर्वेदिक स्टोर पर मिल जाता है।

पंचसकार चूर्ण का प्रयोग रात को पंचसकार चूर्ण आधा चम्मच या 1 छोटा चम्मच गुनगुने पानी के साथ रात में खाना खाने के बाद लेना चाहिए। इस पाउडर को लेने से पेट अच्छे से साफ होता है और पेट का भारीपन कम हो जाता है। ये पाउडर आसानी से हर आयुर्वेदिक स्टोर पर मिल जाता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।