
अगर आपका लिवर हो जाए फैटी Publish Date : 22/10/2026
अगर आपका लिवर हो जाए फैटी
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
हमारा आजकल का खानपान ही ऐसा है कि अधिकतर उच्च मध्यवर्गीय लोगों का भोजन न केवल अधिक फैट वाला होता है बल्कि ओवरईटिंग भी हो जाती है और धीरे-धीरे यह हमारी जीवन शैली का अंग बन जाता है। इस प्रकार के खानपान से हमारे शरीर का मोटापा तो बढ़ता ही है साथ ही बहुत बार फैटी लिवर की समस्या भी पैदा हो जाती है। लिवर की इस स्थिति को मेडिकली भाषा में नॉन एल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज कहते हैं। यदि यह समस्या अधिक समय तक चलती रहे तो आपके लिवर को गम्भीर रूप से क्षतिग्रस्त भी कर सकती है। ऐसे में इस समस्या से छुटकारा पाना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है।
अपनी आहारशैली में सुधारकर और उसको ठीक कर और सही मात्रा में संतुलित आहार लेकर इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
इसके लिए हमारे भोजन में कॉर्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, फैट की मात्रा 5:2:3 होनी चाहिए और ऐसा आहार लेना चाहिए जिससे शरीर में सूजन न बढ़े। हमें लो ग्लाइकेमिक इंडेक्स वाले कॉर्बोहाइड्रेट जैसे साबुत अनाज, सब्जियां और बींस का सेवन करना चाहिए और दूध, चीनी जैसे सिंपल कॉर्बोहाइड्रेट्स का सेवन कम से कम करना चाहिए।

- अपने खाने में घी और तेल की मात्रा कम करने की ओर विशेष ध्यान दें। विशेष रूप से सैचुरेटेड फैट जैसे मक्खन, म्योनीज आदि का प्रयोग तो न के बराबर ही करें। अपने भोजन में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाएं वाले अंडे का सफेद भाग और कम फैट वाले डेयरी उत्पादों का सेवन करने को प्राथमिकता से शामिल करें।
- वैसे इसके लिए आप ओमेगा 3 वाली फिश का सेवन भी कर सकते हैं। अपने डॉक्टर से सलाह लेकर नमक की मात्रा तय करें और हरी सब्जियां प्रचुर मात्रा में सेवन करें। हरी, लाल, ऑरेंज और पीले रंग की सब्जियों और फलों को अपने भोजन में नियमित रूप से स्थान दें। अपने आहार में आंवला, हल्दी, अलसी के बीज, सूरजमुखी के बीज और अखरोट आदि को भी शामिल कर सकते हैं। इसी के साथ अपने आहार में दही, लस्सी, पनीर, प्याज लहसुन व सेब जैसे प्रोबायोटिक भी शामिल करेंगे तो आपको अधिक लाभ मिलेगा।
अपनी जीवन शैली को अधिक सक्रिय बनाएं। सप्ताह में कम से कम पांच दिन तैरना, साइकिलिंग या ब्रिस्क वॉक आदि को भी इसमें शामिल कर इनका लाभ उठा सकते हैं। इसके अतिरिक्त सप्ताह में दो बार साठ मिनट तक रेजिस्टेंस एक्सरसाइज कर सकें तो उसे अवश्य ही करें। यह एक्सरसाइज हैवी एक्सरसाइज होती है अतः इस एक्सरसाइज को किसी ट्रेनर के मार्गदर्शन में ही करना चाहिए।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।