
अपने होंठों की लालिमा को रखें बरकरार Publish Date : 21/10/2026
अपने होंठों की लालिमा को रखें बरकरार
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
नारी के आभायुक्त एवं स्वस्थ होंठ उसके व्यक्तित्व को आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। गुलाबी पतले होंठ नारी की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं। वह सबके आकर्षण का अनमोल केन्द्र बन जाती है। होंठ हर मौसम में नरम, कोमल, लालिमा लिए हुए तथा सुंदर बने रहें, इसके लिए उनकी उचित देखभाल की आवश्यकता होती है। गुलाब की पंखुड़ियों की तरह खिले होंठों की चाहत के लिए निम्नांकित उपायों को आजमाया जा सकता है-

- अगर होंठ तथा उसके आस-पास की त्वचा बहुत ज्यादा फटती है तो दिन में कई बार गुलाब की पंखुड़ियों की रस, में मलाई एवं थोड़ा शहद मिलाकर उन पर साफ-सुथरे हाथ से मालिश कीजिए।
- होंठों को सूखने से बचाने के लिए उन पर पहले नींबू का रस मलिये तथा बाद में उन पर नारियल का तेल लगाकर उन्हें चिकना कर लीजिए।
- पत्तों पर पड़ी सुबह की ओस को होंठ पर लगाने से वे नरम, नाजुक बने रहते हैं और उनकी चमक में वृद्धि होती है।
- बरसात के मौसम में होंठों पर सरसों का तेल लगाते रहने से होंठों की चमक बरकरार बनी रहती है।
- अगर गर्मी के दिनों में होंठ फट जाते हों तो औषधियुक्त हर्बल क्रीम लगाना अच्छा होता है। गुलाबजल से होंठों को तर करते रहकर भी होंठों को फटने से बचाया जा सकता है।
- होंठों को मुलायम बनाने के लिए नींबू के रस में गुलाब जल के साथ मलाई मिलाकर दिन में चार-पांच बार लगाते रहना चाहिए। अगर किसी कारण से होंठ अधिक ही फट रहे हों तो मेंहदी के फूल पीसकर उन पर लगाएं। ऐसे मामले में देरी होने से संक्रमण होने का भय सदैव बना रहता है। हेयर पिन, हेयर क्लिप, सेफ्टी पिन इत्यादि को होंठों से नहीं खोलना चाहिए क्योंकि इसमें होंठों के कटने-फटने का अधिक डर रहता है।

- होंठ सूखने के कारण उन पर अगर पपड़ियां जम गई हों तो उसे नोचें नहीं बल्कि हल्के गर्म पानी की सहायता से ही उसे हटाइए।
- चुटकी भर सूखी हुई हल्दी को गुलाबजल में मिलाकर होंठों पर लगाते रहने से होंठों की लालिमा बनी रहती है तथा उसका कालापन दूर होता है।
- टमाटर का रस, नींबू का रस तथा ग्लिसरीन को बराबर-बराबर मात्रा में मिलाकर रात को सोते समय लगाते रहने से होंठ सुंदर व नरम बने रहते हैं।
- प्रतिदिन कच्चे दूध का फेन लगाते रहने से होंठ सदैव नरम बने रहते हैं तथा उनकी चमक भी बनी रहती है।
- होंठों के फटने पर बादाम रोगन में चुटकी भर खाने का सोडा मिलाकर रात में सोते समय लगाते रहने से होंठ फटते नहीं हैं।
- फटे व दरार पड़े अधरों पर बेबी ऑयल या पेट्रोलियम जैली लगाते रहने से वे शीघ्र ही ठीक हो जाते हैं।
- गाय के शुद्ध घी को घुमाकर उससे होंठों पर हल्की-हल्की मालिश करते रहने से होंठ नर्म रहते हैं।
- मक्खन में केसर की बराबर मात्रा मिलाकर या थोड़े से शहद में मलाई मिलाकर होंठों पर लेप करते रहने से होंठ नरम व मुलायम बने रहते हैं।
- तेज धूप या तेज सर्दी में होंठ अधिक फटते हैं। गर्मी के दिनों में जब कभी बाहर जाना हो तो सनस्क्रीन लोशन तथा सर्दी में नमीयुक्त क्रीम लगाते रहने से होंठ फटते नहीं हैं तथा उनकी खूबसूरती बरकरार रहती है।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।