सुपर फूड जो कम करें आपका वजन      Publish Date : 15/10/2026

        सुपर फूड जो कम करें आपका वजन

                                                                                                          डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

वजन कम करना सच में बहुत मुश्किल काम है, क्योंकि हमारे पेट को आदत पड़ चुकी होती है अधिक खाने की। फूडीज तो खाने को देखकर अपने आप को रोक भी नहीं पाते और बाद में पछताते हैं। ऐसे में हम आपको जानकारी दे रहे हैं कि वह कौन कौन से सुपर फूड हैं जो वजन कम करने में सहायता कर सकते हैं।

अंडे का करें प्रयोग

                                   

अंडों में जरूरी विटामिन्स और प्रोटीन मौजूद होते हैं। इसमें जो फैट होता है वह स्वास्थ्यवर्धक होता है, इसे कम खाकर भी पेट भरा भरा लगता है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो नाश्ते में उबले अंडों का सेवन करें। ध्यान रहे कि अंड़े का सफेद भाग ही खाना चाहिए।

मौसमी फलों में होती प्राकृतिक शुगर

जिस मौसम में जो फल उपलब्ध हो, उसी का सेवन करें। मौसमी फलों में प्राकृतिक शुगर होती है जो भूख को नियंत्रित रखने में मदद करती है। फलों में विटामिन सी की भरपूर मात्रा होती है जिससे त्वचा तंदुरुस्त रहती है। फलों का विटामिन सी एक्स्ट्रा फैट कम करता है। अनार, स्ट्रॉबेरी संतरा, अमरूद और आम का सेवन करें। आम को दो भोजन के अंतराल में स्नैक के रूप में खाएं। वजन कम करने में सहायता मिलेगी पर सीमित मात्रा में एक से दो फांक आम ही खाएं।

टमाटर वजन घटाने में सहायक

टमाटर में लाइकोपेन एंटीऑक्सीडेंट होता है जो वजन घटाने में मदद करता है। अपने आहार में टमाटर का सेवन जरूर करें।

अलसी में होता है फाइबर

अलसी में फाइबर की प्रचुर मात्रा होती है। इसके साथ इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होता है जो वजन को नियंत्रण में रखने में मदद करता है। अलसी का सेवन भोजन खाने से पहले करने से जल्दी पेट भरने का एहसास होता है। अलसी लिवर के लिए भी अच्छी होती है।

डार्क चाकलेट करता है पाचन को धीमा

डार्क चाकलेट पाचन को धीमा करता है। भूख लगने पर अगर खाना खाने में समय हो तो थोड़ा सा डार्क चाकलेट खाने से पेट भरा लगेगा और भूख कम लगेगी। डार्क चाकलेट त्वचा और दिल दोनों के लिए अच्छा होता है। हालांकि इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

दलिया खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर गिराता है

दलिये में भी फाइबर प्रचुर होता है और इसका फाइबर घुलनशील होता है जो पाचन तंत्र के माध्यम से धीरे धीरे निकलता है जिससे पेट अधिक समय तक भरा रहता है। दलिये का सेवन खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है, धमनियों को साफ रखने में मदद करता है और रक्त शर्करा के स्तर को स्थिर रखता है। दलिया वजन घटाने में मदद करता है।

सोया खाने से भूख देर में लगती है

सोया में लीन प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होता है जिसे खाने के बाद काफी समय तक भूख नहीं लगती।

दालों का सेवन करता है वजन कम

दालों में प्रोटीन अधिक होता है और फैट नहीं होता। दाल का सेवन वजन कम करने में मदद करता है बशर्ते इसे बहुत कम तेल में छौंका जाए या उबली दाल में प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, नींबू डालकर खाया जाए। शरीर की क्षति ग्रस्त कोशिकाओं को दुरुस्त रखता है। दिन में एक बार दाल का सेवन अवश्य करें। दालें स्वास्थ्य के लिए अच्छी होती हैं।

सेब भी गिराता है वजन

                                  

सेब में विटामिन, खनिज और फाइबर की मात्रा होती है। इसमें कैलोरी, वसा और सोडियम कम मात्रा में होता है जो वजन कम करने में मदद करते हैं।

हरी सब्जियां निकालती हैं शरीर के विषैले पदार्थ

हरी सब्जियों में विटामिन के, आयरन प्रोटीन के साथ फाइबर भी होता है। ये सभी वजन कम करने में सहायता करते हैं। सब्जियों के सेवन से शरीर के हानिकारक विषैले पदार्थों की सफाई होती है।

कुछ और बातों पर ध्यान दें

  • उचित आहार के साथ खाने में समय का अंतराल भी महत्व रखता है।
  • नाश्ता उठने के 45 मिनट या एक घंटे के अंदर अवश्य लें, ताकि मेटाबॉलिज्म ठीक बना रहे, नहीं तो वजन कम नहीं होगा।
  • लंच से पहले सलाद लें और लंच नाश्ते के 4 घंटे के बाद ले लें।
  • लंच और डिनर के बीच कोई स्नैक लें। प्रयास कर फल ही खाएं और शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच खाएं।
  • डिनर सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पूर्व करें, ताकि पाचन क्रिया सुचारू रह सके।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।