शरीर में आयरन की कमी लक्षण      Publish Date : 07/08/2026

       शरीर में आयरन की कमी लक्षण

                                                                                                   डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

आयरन की कमी होने पर आपके शरीर में थकान, कमजोरी, चक्कर आने और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर इस तरह के लक्षण महसूस हो तो आपको तुरंत ही आयरन की जांच जरूर करानी चाहिए।

क्या आपको हर समय थकान महसूस होती है? थोड़ी-सी सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूल जाती है या बार-बार चक्कर आते हैं? अगर ऐसा है, तो इसे केवल काम का तनाव या कमजोरी समझकर नजरअंदाज न करें। यह आपके शरीर में आयरन की कमी के संकेत भी हो सकते हैं। यह समस्या खासतौर पर किशोरियों, मासिक धर्म वाली महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और नई माताओं में अधिक देखी जाती है।

आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए जरूरी होता है, जो ऑक्सीजन को पूरे शरीर तक पहुंचाने का काम करता है। जब शरीर में आयरन कम हो जाता है, तो ऑक्सीजन की सप्लाई प्रभावित होने लगती है और कई तरह के लक्षण दिखाई देने लगते हैं। ऐसे में हमारे आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ0 सुशील शर्मा आपको जानकारी प्रदान कर हैं कि आयरन की कमी होने पर आपको कौन-कौन से लक्षण दिखाई दे सकते हैं?

शरीर में आयरन की कमी के लक्षण

थकान और कमजोरी बनी रहना

अगर बिना ज्यादा काम किए हर व्यक्त थकान और कमजोरी बनी रहती है, तो इस संकेत की अनदेखी न करें। यह आयरन की कमी का एक सबसे आम संकेत हो सकता है। दरअसल, जब शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बनता है, तो मांसपेशियों और अंगों तक ऑक्सीजन कम पहुंचती है। इसका असर ऊर्जा के स्तर पर पड़ता है और व्यक्ति थका हुआ महसूस करता है।

त्वचा का पीला पड़ना

जब शरीर में आयरन की कमी होने लगती है, तो त्वचा पर पीलापन नजर आ सकता है। आयरन की कमी की वजह से चेहरे, होंठों या आंखों के अंदर की परत का रंग सामान्य से ज्यादा फीका दिखाई दे सकता है। हीमोग्लोबिन की कमी के कारण त्वचा पर पीलापन नजर सकता है।

दिल की धड़कन तेज होना

अगर सीढ़ियां चढ़ना या थोड़ा तेज चलना मुश्किल लगने लगे या सांस फूलने लगे, तो ये भी आयरन की कमी के संकेत हो सकते हैं। दरअसल, इस स्थिति में शरीर ऑक्सीजन की कमी पूरी करने के लिए दिल को तेजी से काम करने के लिए मजबूर करता है, जिससे धड़कन भी तेज महसूस हो सकती है। अगर आपको ये लक्षण महसूस होता है, तो आयरन की जांच कराना जरूरी है।

चक्कर आने की समस्या होना

शरीर में आयरन की कमी होने पर मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाता है। इसकी वजह से चक्कर आने, सिर भारी लगने या बार-बार सिरदर्द होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर ये समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से जांच जरूर करानी चाहिए।

बार-बार नाखून टूट जाना

आयरन की कमी होने पर नाखू कमजोर पड़ सकते हैं और आसानी से टूट सकते हैं। अगर आपके नाखून बड़े होने पर बार-बार टूट जाते हैं, तो ये आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। इसलिए इस स्थिति की बिल्कुल अनदेखी न करें।

आयरन की कमी से बचने के लिए क्या खाएं?

डॉ0 शर्मा के अनुसार, आयरन की कमी को पूरा करने के लिए आपको कुछ चीजों का सेवन आवश्यक रूप से करना चाहिए। जैसे-

  • हरी पत्तेदार सब्जियां, पालक, चना, राजमा, सोयाबीन और दालों का सेवन करें।
  • गुड़, तिल, किशमिश और खजूर जैसे आयरन युक्त खाद्य पदार्थ डाइट में शामिल करें।
  • आयरन वाले भोजन के साथ विटामिन C से भरपूर चीजें जैसे नींबू, आंवला, संतरा या अमरूद खाएं, इससे आयरन का अवशोषण बेहतर होता है।
  • खाना खाने के तुरंत बाद चाय और कॉफी का सेवन न करें। इससे आयरन का अवशोषण कम हो सकता है।

कब डॉक्टर से मिलना चाहिए?

अगर कई दिनों से लगातार थकान, कमजोरी, चक्कर, सांस फूलना या पीली त्वचा जैसे लक्षण नजर आए, तो सिर्फ घरेलू उपायों पर निर्भर न रहें। डॉक्टर की सलाह पर CBC, हीमोग्लोबिन और फेरिटिन जैसी जांच कराकर आयरन की स्थिति का पता लगाया जा सकता है। सही समय पर पहचान और इलाज से आयरन की कमी को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।