प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग सिकनेस हेतु घरेलू समाधान      Publish Date : 07/05/2026

   प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग सिकनेस हेतु घरेलू समाधान

                                                                                                                        डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग सिकनेस को कम करने के लिए इन घरेलू उपाय, उल्टी और जी मिचलाने की समस्या को कम करने के लिए अपनाया जा सकता है। अगर आप प्रेग्नेंट हैं और आपको रोज सुबह उल्टी, जी मिचलाने जैसी समस्याएं होती हैं, तो इस समस्या में यह घरेलू उपाय कारगर साबित हो सकते हैं।

क्या आप प्रेग्नेंट हैं और आपको सुबह के समय उल्टी या जी मिचलाने जैसी समस्याएं होती हैं? अगर हां, तो आपको बता दें कि ये मॉर्निंग सिकनेस के संकेत होते हैं। प्रेग्नेंसी के शुरुआती महीनों में मॉर्निंग सिकनेस होना एक बहुत ही आम समस्या है। ऐसा शरीर में होने वाले हॉर्मोनल बदलावों के कारण होता है। इसकी वजह से गर्भवती महिलाओं को थकान और भूख में कमी जैसे लक्षण भी महसूस हो सकते हैं। यह समस्या शुरुआत में ज्यादा होती है, समय के साथ धीरे-धीरे यह कम होती जाती है। अगर आपको प्रेग्नेंसी के दौरान बार-बार उल्टी और मतली जैसा महसूस होता है, तो इसके लिए प्रस्तुत लेख में दिए गए कुछ घरेलू उपाय कारगर साबित हो सकते हैं। हमारे आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ0 सुशील शर्मा आपको इन उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान कर रहे हैं-

मॉर्निंग सिकनेस की समस्या को कम करने के लिए असरदार घरेलू उपायः

                                             

1. अदरक का सेवन

प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग सिकनेस की समस्या को कम करने के लिए आपको अदरक का सेवन जरूर करना चाहिए। अदरक में मौजूद तत्व मतली और उल्टी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करते हैं। अगर प्रेग्नेंसी के दौरान आपको मॉर्निंग सिकनेस हो रही है, तो आप अदरक की चाय पी सकते हैं। आप चाहें तो अदरक का काढ़ा या रस का सेवन भी कर सकते हैं। अदरक शरीर की इम्यूनिटी को बूस्ट करके मौसमी बीमारियों से भी सुरक्षा प्रदान करता है।

2. नींबू के रस का सेवन

प्रेग्नेंसी में मॉर्निंग सिकनेस को कम करने के लिए आप नींबू के रस का सेवन भी कर सकते हैं। नींबू की खुशबू और स्वाद से उल्टी की भावना को कम करने में मदद मिल सकती है। उल्टी, जी मिचलाने और मतली जैसी समस्याओं को कम करने के लिए आप सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू का रस मिलाकर पी सकते हैं। इसमें विटामिन सी होता है, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत बनती है।

3. सौंफ का सेवन

प्रेग्नेंसी में उल्टी और जी मिचलाने जैसी समस्याओं को कम करने के लिए आप सौंफ भी चबा सकते हैं। सौंफ पाचन-तंत्र में सुधार करता है और मतली को कम करने में मदद करता है। आप थोड़ी-सी सौंफ ले और इसे चबाएं, इससे आपको काफी आराम मिलेगा। आप चाहें तो सौंफ के पानी का सेवन भी कर सकते हैं।

4. इलायची का सेवन

अगर प्रेग्नेंसी के दौरान आपको भी मॉर्निंग सिकनेस की समस्या अधिक होती है, तो इलायची का सेवन करना भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इलायची की खुशबू और स्वाद से मतली को कम करने में मदद मिल सकती है। आप एक हरी इलायची लें और इसे धीरे-धीरे चबाएं। इसका रस मतली और उल्टी जैसी समस्याओं को कम करने में मदद करता है।

5. ठंडी चीजों का सेवन

प्रेग्नेंसी में स्वस्थ रहने के लिए ठंडी तासीर की चीजों का सेवन करना फायदेमंद होता है। इसके लिए आप नारियल पानी, नींबू पानी, ठंडा दूध, फल और दही जैसी चीजों का सेवन कर सकते हैं। इससे पेट की गर्मी शांत होती है और एसिडिटी में भी आराम मिलता है। इसके अलावा, शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। प्रेग्नेंसी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पिएं।

प्रेग्नेंसी के दौरान मॉर्निंग सिकनेस होना बेहद आम है। शुरुआती महीनों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। लेकिन, इन घरेलू उपायों की मदद से आपको उल्टी और जी मिचलाने जैसी समस्याओं में आराम मिल सकता है। हालांकि, अगर प्रेग्नेंसी के दौरान कुछ भी असहज लगे या सेहत में कुछ गड़बड़ी महसूस हो तो तुरंत अपने डॉक्टर से कंसल्ट करें।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।