
सब्जियों से सौन्दर्य उपचार Publish Date : 06/05/2026
सब्जियों से सौन्दर्य उपचार
सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
अब यह बात बिलकुल साफ हो गई है कि बाजार में मिलने वाले कृत्रिम सौन्दर्य प्रसाधन, क्रीम, लोशन, पाउडर, लिपिस्टिक एवं सेंट महंगे होने के साथ-साथ शरीर एवं त्वचा के लिए हानिकारक भी होते हैं। साधारण आय वाले घरों की महिलाएं उन्हें खरीदने में सदा संकोच करते हैं। ऐसे में उन्हें रोजाना उपलब्ध ताजी सब्जियों के द्वारा घर में ही तैयार हो सकने वाले सौन्दर्य प्रसाधनों के बारे में उपयोगी जानकारी दे रहे हैं। आप भी उन्हें आजमा कर देख सकते हैं-

पालक
पालक में लौह (आयरन) पाया जाता है। यह आपकी त्वचा के लिए बहुत उपयोगी सिद्ध होगा। शरीर की तंदुरूस्ती, सुन्दरता एवं शुद्ध. खून की आवश्यकता की पालक से पूर्ति की जा सकती है। पालक द्वारा सौन्दर्य प्रसाधन तैयार करने की विधि इस प्रकार है-
पालक को रात के समय पानी में उबाल लीजिए। ऊपर से झाग आदि निकाल दीजिए। इस उबले हुए पानी को छानकर बोतल में भर लीजिए। इसे नित्य प्रतिदिन चेहरे व हाथ-पांवों में मलने से त्वचा तरोताजा रहती है और इससे आपका रंग भी निखरता है।
आलू

आलू से सौन्दर्य प्रसाधन तैयार करने के लिए आलू को महीन पीस लें। अब पिसे हुए आलू को साफ कपड़े में बांधकर आंखों के ऊपर रखिए। लगभग पन्द्रह दिन तक ऐसा करने से आंखों की झाइयों व भारीपन दूर होने लगेगा तथा आप स्वयं को पर्याप्त तरोताजा अनुभव करने लगेंगी।
मूली
सब्जी मण्डी से ताजी मूली खरीदकर उससे लगभग बीस ग्राम रस निकाल लीजिए। इसके बराबर ही उसमें मक्खन मिलाकर लेप बना लीजिए। इस लेप को चेहरे पर मलिए और लगभग आधा घण्टा बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लीजिए। रोजाना ऐसा करने से चेहरे की झुर्रियां खत्म हो जाती हैं। साथ ही चेहरा चमक उठता है।
गोभी का रस
गोभी की पत्तियों को पीस कर रस निकालिए और उसमें थोड़ा सा खीरा मिलाइये। दोनों को अच्छी तरह से हिलाएं। जब दोनों अच्छी तरह से मिल जाएं तो इस लोशन को चेहरे व गर्दन पर लगाकर बीस-पच्चीस मिनट तक सूखन दीजिए। फिर साफ पानी से चेहरे को धो लीजिए। इससे त्वचा का सूखापन, कालापन एवं झुर्रियां दूर होती हैं।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
