
मोटापा और मधुमेह से छुटकारा दिलाने में कारगर है भिण्ड़ी Publish Date : 30/03/2026
मोटापा और मधुमेह से छुटकारा दिलाने में कारगर है भिण्ड़ी
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
आजकल मधुमेह के खतरे और वजन को कम करने के लिए भिण्ड़ी एक ‘सुपर फूड’ के रूप में लोगों बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। भिण्ड़ी को आमतौर पर लेडीफिंगर्स के नाम से भी जाना जाता है। भिण्ड़ी अन्य विभिन्न स्वास्थ्य लाभों के बीच ब्लड शुगर के नियंत्रण पर सकारात्मक प्रभाव डालती है। विभिन्न अध्ययनों में साबित हुआ है कि भिण्ड़ी डायबिटीज में काफी असरदार होती है और इसका नियमित रूप से सेवन करने पर ब्लड शुगर लेवल काफी हद तक नियंत्रित रहता है।
इसके अतिरिक्त भिण्ड़ी एक बहुत ही कम कैलोरी वाली सब्जी है, जिसमें फाइबर की मात्रा भी काफी अधिक पाई जाती है, जिसके चलते यह सब्जी हमारे वजन को कम कर मोटापे को दूर करने में भी मददगार साबित होती है।
रोग प्रतिरोध क्षमता का विकासः
भिण्ड़ी में विटामिन ‘A’ प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जिसके चलते यह मानव के इम्यून सिस्टम को मजबूती प्रदान कर उसके स्वास्थ्य में होने वाले मौसमी व्याधियों को कम करने में सहायता प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त भिण्ड़ी में विटामिन ‘सी’ के साथ अन्य कई महत्वपूर्ण तत्व जैसे कि मैग्नीशियम, मैंगनीज, कैल्शियम और आयरन आदि भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होते हैं, जिसके चलते यह फ्री रेडिकल्स के विरूद्व एक मजबूत एवं सक्षम प्रणाली को स्थापित करने में भी सहायता प्रदान करती है।
ब्लड शुगर लेवल के नियंत्रण में लाभकारीः

भिण्ड़ी में तनाव को कम करने वाले तत्व पाए जाते हैं, जो कि डायबिटीज से ग्रसित मरीजों के लिए लाभकारी रहता है। दरअसल, डायबिटीज के दौरान होने वाला तनाव प्रभावित व्यक्ति के ब्लड शुगर लेवल में वृद्वि करता है और भिण्ड़ी का सेवन करने से तनाव का स्तर कम हो जाता है। इसके अतिरिक्त भिण्ड़ी में पाया जाने वाला यूगेनॉल डायबिटीज से बचाने में भी सहायता प्रदान करता है। यह फाइबर रक्त में शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने का कार्य करता है। यह अण्ड़कोषों में शर्करा के अवशोषण की प्रक्रिया को धीमा कर डायबिटीज को दूर रखने अथवा उसे निंयत्रित करने में सहायता प्रदान करता है।
केशों के लिए भी उत्तमः अगर आप अपने बालों को लम्बे समय तक काले और घना बनाए रखना चाहते हैं तो भिण्ड़ी इसमें आपकी काफी मदद कर सकती है। इसके साथ ही भिण्ड़ी बालों में होने वाली रूसी की समस्या का भी निराकरण करने में सक्षम होती है। बाउंसी हेयर प्राप्त करने के लिए भिण्ड़ी के छोटे-छोटे टुकड़े काटें और इसमें नींबू निचौड़कर इसे सिर को धोने में उपयोग करें। ऐसा करने से आपके बालों को काफी लाभ प्राप्त होता है। जानकार बताते हैं कि भिण्ड़ी के पानी से सिर को धेने पर सिर में जुओं की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाती है।
वजन पर नियंत्रणः
ऐसे व्यक्ति जो कि अपना वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए भिण्ड़ी में मौजूद फाइबर किसी वरदान से कम नहीं है। भिण्ड़ी में प्राकृतिक रूप से कैलोरी नहीं होती है, जिसके कारण भिण्ड़ी को वजन को कम करने के लिए एक अच्छा उपाय माना जाता है।
हृदय के लिए भी उपकारीः
भिण्ड़ी में उपलब्ध घुलनशील फाइबर मानव के रक्त में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में सहायता प्रदान करता है। भिण्ड़ी का सेवन करने से हार्ट अटैक का खतरा काफी कम हो जाता है। भिण्ड़ी कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करने वाला एक प्राकृतिक उपाय है, इसमें मौजूद पैक्टिन हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को नियंत्रित करने में सहायता करता है।
कब्ज की समस्या से राहतः

भिण्ड़ी, डायटरी फाइबर का समृद्व स्रोत होने के चलते, जो कि हमारी पाचन क्रिया के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है, कब्ज की समस्या से भी राहत प्रदान करती है। हमारे शरीर में मौजूद पानी में यह घुलनशील फाइबर काफी आसानी से घुल जाता है, जिससे हमारी पाचन क्रिया दुरूस्त बनी रहती है।
रक्ताल्पता से बचाव में भी उपयोगीः
भिण्ड़ी में पाया जाने वाला आयरन तत्व हमारे शरीर के लिए काफी लाभकारी होता है। यह हमारे रक्त में हीमोग्लोबिन का निर्माण करते हैं, जिसके चलते लोग एनीमिया की समस्या से बच जाते हैं। इसके साथ ही भिण्ड़ी में पाया जाने वाला विटामिन ‘के’ शरीर से होने वाले रक्तस्राव को रोकने में भी सहायता प्रदान करता है, जिसके चलते विपरीत परिस्थितियों में होने वाला रक्तस्राव भी काफी कम मात्रा में होता है, जिससे होने वाली जीवन की हानि से प्रभावी बचाव होता हैै।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
