
कम पानी का सेवन करना यानी कि स्वास्थ्य का बंटाधार Publish Date : 16/03/2026
कम पानी का सेवन करना यानी कि स्वास्थ्य का बंटाधार
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
अगर आप बहुत कम पानी पीते हैं, तो आपको अपने शरीर में यह लक्षण दिखाई दे सकते हैं, हमारे स्वास्थ्य विशेषज्ञ बता रहे हैं कि आपको प्रतिदिन कितना पानी पीना चाहिए?
पोषण विशेषज्ञ बातते हैं कि शरीर में पर्याप्त पानी की कमी के कारण खून का थक्का जम जाता है और इससे ब्लड सर्कुलेशन भी बाधित होता है।
हेल्दी शरीर के लिए पानी उतना ही जरूरी है जितना कि भोजन। विशेषज्ञों का कहना है कि पानी शरीर के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि सांस लेना। इसलिए ही जल को जीवन कहा जाता है, क्योकिं, मानव शरीर 70 प्रतिशत पानी से बना होता है। पानी न केवल आपकी प्यास बुझाता है, बल्कि कई महत्वपूर्ण शारीरिक क्रियाओं को पूर्ण करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वैसे तो हम पानी पीने के महत्व को समझते हैं, फिर भी कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि पर्याप्त पानी न पीने से आपको विथिन्न प्रकार की समस्याएं हो सकती हैं। उनका कहना है कि बहुत कम पानी पीने से शरीर को कई संकेत मिल सकते हैं। पोषण विशेषज्ञ बताते हैं कि जब हम बहुत कम पानी पीते हैं तो हमारे शरीर में क्या होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, आइए जानते हैं बहुत कम पानी पीने से होने वाली समस्याओं के बारे में-
न्यूट्रिशनिस्ट बताते र्हैं कि बहुत से लोग अपने शरीर की जरूरत से कम पानी पीते हैं। इसके सम्बन्ध में उन्होंने कुछ ऐसे संकेत भी बताए हैं जो शरीर में पानी की कमी का संकेत देते हैं, तो चलिए जानते हैं कि वह लक्षण कौन से हैं-
बालों का झड़ना
बहुत कम पानी पीने से भी आपके बालों को नुकसान पहुंच सकता है। पानी की कमी से आपकी स्कैल्प रूखी हो सकती है, जिससे आपके बाल कमजोर हो सकते हैं और टूटने लगते हैं। अगर आपको कुछ समय से बाल झड़ने की समस्या हो रही है, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए. क्योंकि इसका मतलब है कि आप बहुत कम पानी पी रहे हैं।
सांसों से बदबू आना
अगर रोजाना ब्रश करने के बाद भी आपकी सांसों से बदबू आती है, पोषण विशेषज्ञ कहते हैं कि ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि आप पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पी रहे हैं। कम पानी पीने से आपका मुंह सूख सकता है और इसके चलते लार के कम उत्पादन से बैक्टीरिया पनप सकते हैं। इससे ब्रश करने के बाद भी सांसों से बदबू भी आ सकती है।
हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में पर्याप्त पानी की कमी से खून का थक्का जम सकता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन बाधित हो सकता है और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। पर्याप्त पानी पीने से पसीने और मूत्र के माध्यम से शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं।
अधिक थकान होना
पर्याप्त पानी पीने से शरीर संतुलित रहता है। बहुत कम पानी पीने से असंतुलन हो सकता है और पर्याप्त पानी न पीने से थकान की समस्या भी हो सकती है।
- इसके अलावा, शरीर में पानी की कमी के कारण से सिरदर्द, भ्रम और तनाव जैसी अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
- शरीर में पानी की कमी मोटापे का कारण बनता हैं। भोजन और नाश्ते के बीच पानी पीने से ज्यादा खाने से बचा जा सकता है, इससे वजन कम करने में भी मदद मिल सकती है।
- पानी की कमी के कारण ब्लड सर्कुलेशन ठीक नहीं होता, जिससे सिरदर्द और भारीपन महसूस होता है।
- कम पानी पीने से पेशाब गाढ़ा हो जाता है, बैक्टीरिया पनपते हैं, जिससे मूत्र-संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
- पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिससे हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो सकता है और कमजोरी हो सकती है।
- बहुत कम पानी पीने से चेहरे पर झुर्रियां, दाग-धब्बे, मुंहासे, रंग उड़ना और शुष्क त्वचा जैसी अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
आपको रोजाना कितना पानी पीना चाहिए
यह आपके वजन, मौसम और आपकी गतिविधि के स्तर पर निर्भर करता है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि आपको दिन में कम से कम 2.5 से 3 लीटर पानी अवश्य ही पीना चाहिए। इसके अलावा, वे कहते हैं कि आपको अपने आहार में पानी से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। इसके अलावा, विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि अगर ऊपर बताए गए लक्षण नियमित रूप से दिखाई देते हैं, तो आपको सावधान रहना चाहिए।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।
