सर्दियों के मौसम में वजन कम करने के तरीके      Publish Date : 20/12/2025

               सर्दियों के मौसम में वजन कम करने के तरीके

                                                                                                                                                                       डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

सर्दी के मौसम में वजन को कम करना हमेशा ही बेहद चुनौती भरा काम होता है. अगर सर्दियों में आपका मन जिम या पार्क जाने का नहीं होता है, तो आप भी इस लेख में दिए गए तरीकों को अपनाकर अपने वजन को कम कर सकते हैं

सर्दियों का मौसम सेहत के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि इस मौसम में विशेष रूप से वजन का बढ़ जाना एक बहुत आम समस्या है। ठंड वजन घटाने के प्रयासों को कई तरह से प्रभावित कर सकती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सर्दियों में हमारी फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है। सर्दी के दौरान हम कम पानी पीते हैं और कभी-कभी आवश्यकता से अधिक खा लेते हैं। धूप की कमी से विटामिन D की कमी भी हो सकती है, जिसका प्रभाव हमारे मेटाबॉलिज्म पर पड़ सकता है। ऐसे में यदि आप इन सर्दियों में अपना वजन कंट्रोल में रखना चाहते हैं और अपने पेट की चर्बी को कम करना चाहते हैं, तो आपको इन सुझावों का पालन आवश्यक रूप से करना चाहिए।

                                                                      

घर पर ही करें कुछ आसान फिजिकल एक्टिविटी

अगर सर्दियों में जिम या पार्क जाने का मन नहीं है, तो आप कुछ इनडोर एक्टिविटीज करके खुद को एक्टिव रख सकते हैं। योग एक्सरसाइज का एक बेहतरीन तरीका है, इसके लिए आप सूर्य नमस्कार करें। तेज चलें. रस्सी कूदें, सीढ़ियां चढ़े और डांस करें। यह सर्दियों में आपको अपने घर पर ही एक्टिव रहने के कुछ बेहतरीन तरीके हैं।

नियंत्रित मात्रा में ही खाएं

वजन कम करने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपने खाने की मात्रा पर नियंत्रण रखें। तीन बार ज्यादा खाना खाकर खुद को भूखा रखने के बजाय, थोड़ा-थोड़ा करके खाना खाएं। इससे आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होगा, जिससे आप जंक फूड कम खा पाएंगे। साथ ही, कोशिश करें कि खाना न छोड़े। अपने खाने में संयम बरतें और अपनी प्लेट में प्रोटीन और सेहतमंद चीजें भरपूर मात्रा में रखें।

पानी का सेवन बढ़ाएं

सर्दियों में अक्सर लोग कम पानी पीते हैं, लेकिन इस गलती का शरीर पर बुरा प्रभाव पड़ता है। पानी की कमी से शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर के लिए वजन कम करना मुश्किल हो जाता है। डिहाइड्रेशन से फैट बर्न करने की क्षमता कम हो सकती है. इसलिए, अगर आप सर्दियों में ज्यादा सामान्य पानी नहीं पी पाते हैं, तो आप गर्म पानी पी सकते हैं।

गर्म पानी पीने से होने वाले लाभ

गर्म पानी पीने के बहुत से लाभ होते हैं जैसे यह हमारे शरीर में जमा चर्बी को कम करता है और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाए रखता है. इसके साथ ही चर्बी कम करने के लिए गर्म पानी में नींबू का रस और शहद मिलाकर सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, आप इसमें चिया सीड्स डालकर भी पी सकते हैं जो आपके पेट की चर्बी कम करने में काफी मददगार साबित होतेे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार गर्म पानी का सेवन करने से पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में सहायता मिलती है। जैसे-जैसे पानी आपके पेट और आंतों से होकर गुजरता है, आपका शरीर अपशिष्ट पदार्थों को बेहतर तरीके से बाहर निकालने में सक्षम होता है। गर्म पानी पीना आपके पाचन तंत्र को सक्रिय करने के लिए भी लाभकारी होता है।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, गर्म पानी नेचुरल डिटॉक्स ड्रिंक की तरह काम करता है। वर्कआउट करते समय गर्म पानी पीने से शरीर का तापमान बढ़ता है, और पसीना अधिक आता है, जिससे शरीर में मौजूद टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं।

सुबह खाली पेट गर्म पानी पीने से चर्बी को जलाने में मदद मिलती है तो वहीं रात को सोने से पहले गर्म पानी पीते हैं, तो इससे पेट भरा हुआ महसूस होता है और आप ओवरईटिंग से बच सकते है। ऐसे में वजन कम करना आके लिए आसान हो जाता है। जब आप गर्म पानी पीते हैं, तो आपके शरीर का टेंपरेचर कंट्रोल सिस्टम अचानक तापमान में वृद्धि के कारण एक्टिव हो जाता है।

इससे शरीर अपने इंटरनल टेंपरेचर को कम करके पानी के तापमान की भरपाई करना शुरू कर देता है. यह पूरा प्रोसेस आपके मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करती है, जो आपके वजन घटाने के प्रयासों की प्रभावशीलता को बढ़ाने में भी आपकी सहायता करती है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।