आंवला है सेहत का रखवाला      Publish Date : 24/08/2025

                     आंवला है सेहत का रखवाला

                                                                                                                                                         डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

आंवला एक ऐसा फल है जो कि हमारे शरीर के प्रत्येक अंग को लाभ प्रदान करता है। पर, इन फायदों के लिए नियमित रूप से आंवले का सेवन जरूरी है। आंवले के नियमित सेवन से क्या-क्या लाभ होते हैं बता रहें हैं हमारे आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ0 सुशील शर्मा विस्तार से-

मुरब्बा नाम सुनने के बाद एक ही ऐसा है जो सबसे पहला नाम मुंह से निकलता है, वह है आंवले का मुरब्बा। आंवला, जो कि मात्र स्वाद से ही नहीं, बल्कि सेहत से भी भरपूर होता है। आंवला में मौजूद विटामिन-सी हमारी रोगप्रतिरोधक क्षमता को बढ़ता है, जिससे वैसे भी कोई शारीरिक परेशानी नहीं होती है। पर, दुख की बात तो यह है कि अधिकांश लोग नियमित रूप से आंवले का सेवन नहीं कर पाते हैं, जबकि सेहतमंद रहने की चाहत है तो आंवला आपकी थाली में जरूर शामिल करना चाहिए। ऐसे में यकीन मानिए, आंवला आपको सिर से लेकर पांव तक की हर बीमारी से बचाता है।

हड्डियां होती हैं मजबूत

                                                       

आंवले में मौजूद तत्व हट्टियों के लिए काफी लाभकारी सिद्व होते हैं। दरअसल इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को कमजोर होने ही नहीं देता है। आंवला ऑस्टियोक्लेट्स का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों का क्षय होने से बचाता है। इसका नियमित रूप से सेवन करना आपको गठिया, ऑस्टियोपोरेसिस और जोड़ों से जुड़ी अन्य परेशानियों से छुटकारा दिलाने में आपकी मदद करता है। आंवला कैल्शियम के अवशोषण को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।

अतिरिक्त वजन से मिलता है छुटकारा

अगर आपका वजन अधिक है तो आप अविलम्ब नियमित रूप से आंवले का सेवन शुरू कर दें। आंवला शरीर से सारे टॉक्सिन को बाहर निकाल देता है। इसके चलते खाना अच्छे से पचता है। इसके अलावा आंवले का सेवन बैड कोलेस्ट्रॉल को भी कम करता है। आंवले के फायदे की फेहरिस्त यहीं नहीं पूरी होती है। खनिज हों या लवण या फिर दूसरे विटामिन, आंवला सबको अच्छे से अवशोषित भी कर लेता है, जिससे आपका वजन भी स्वतः ही कम हो जाता है।

दिल भी बना रहता है स्वस्थ

आंवले का सेवन करने वालों को दिल की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं होती है, क्योंकि यह बैड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने ही नहीं देता है। दरअसल, आंवला दिल के दुश्मन बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता रहता है, जिससे दिल को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंच पाता है। इतना ही नहीं, इसमें मौजूद अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स के कारण दिल की गति सही बनी रहती है। मतलब दिल सुचारू रूप से धड़कता रहता है। आंवला रक्तचाप से जुड़ी परेशानियों को भी दूर करता है। यही वजह है कि नियमित रूप से आंवले का सेवन करने वालों का दिल भी सेहतमंद बना रहता है।

त्वचा के लिए है अति गुणकारी

आंवला खाने वालों की त्वचा दमकती रहती है क्योंकि त्वचा के लिए आंवला बेहतरीन काम करता है। इससे शरीर को ढेर सारी रोगप्रतिरोधक क्षमता मिलती है, साथ ही इसमें एंटीफंगल गुण भी होते हैं। अतः जो लोग आंवला समय-समय पर खाते रहते हैं, उन्हें त्वचा से जुड़े फंगल व बैक्टीरियल इंफेक्शन की समस्या नहीं होती है। ऐसे लोगों की त्वचा ऐसे इंफेक्शन से लड़ने के लिए हमेशा तैयार रहती है। आंवले में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो खून को साफ रखते हैं और टॉक्सिन से भी लड़ते हैं। जब खून साफ रहता है तो आपकी त्वचा भी दमकती रहती है।

बाल भी रहेंगे काले-घने

घर के बड़े-बुजुर्ग अकसर काले बालों के लिए आंवला खाने की सलाह देते हैं। यह सलाह बिल्कुल भी गलत नहीं है। आंवला बालों का भी खूब ध्यान रखता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, आयरन और विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो कि बालों को गिरने से रोकता है। इसके अलावा इसके एंटीबैक्टीरियल गुण डैंड्रफ की समस्या से भी बालों को बचाते हैं।

आंखों की रोशनी के लिए लाभकारी

आंवला आंखों की रोशनी बढ़ाने में काफी मददगार होता है। इसको खाते रहने से आंखों की रोशनी उम्र के बढ़ने पर भी अच्छी बनी रहती है, साथ ही आंखों की दूसरी दिक्कत जैसे जलन और खुजली आदि से भी राहत मिलती है। दरअसल, इसमें मौजूद विटामिन-सी, एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा 3 फैटी एसिड, आंखों की देखने की क्षमता बढ़ाता है। इसके साथ ही आंवला शरीर के रक्तसंचार को ठीक रखकर आंखों के देखने की क्षमता को ठीक बनाए रखता है।

पहुंचा सकता है नुकसान भी

                                                           

ऐसा नहीं है कि आंवला सिर्फ शरीर को लाभ ही लाभ प्रदान करता है। इसका गलत समय या अधिकता में प्रयोग बीमारी को न्योता भी देता है। जैसे सर्दी या कफ की मसस्या में इसका सेवन बहुत नुकसान करता है। इसके साथ ही यदि आप आंवले का अचार खाने के शौकीन हैं तो अपनी इस आदत पर थोड़ा कंट्रोल करें क्योंकि यह अचार आपके रक्तचाप को भी बढ़ा सकता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।