सेहत की रक्षा एवं देखभाल करता है आंवला      Publish Date : 21/08/2025

            सेहत की रक्षा एवं देखभाल करता है आंवला

                                                                                                                                                 डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

आंवला एक ऐसा फल है जो शरीर के प्रत्येक अंग को लाभ प्रदान करता है, परन्तु, इन लाभों को प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से आंवले का सेवन करना जरूरी है। आंवले के नियमित सेवन से क्या-क्या होंगे फायदे की जानकारी दे रहे हैं, डॉ0 सुशील शर्मा-

मुरब्बा बोलते ही जो एक नाम सबसे पहले ध्यान में आता है, वो है आंवला। वही आंवला, जो सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि सेहत से भी भरपूर होता है। इसमें इसमें मौजूद विटामिन-सी रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ा देता है, जिससे वैसे भी कोई शारीरिक परेशानी नहीं होती है। पर, अफसोस की बात यह है कि अधिकांश लोग नियमित रूप से आंवले का सेवन नहीं करते हैं। जबकि सेहतमंद रहने की चाहत है तो आंवला आपकी थाली में जरूर शामिल होना चाहिए। यकीन मानिए, ये सिर से लेकर पांव तक आपको हर बीमारी से बचाएगा।

हड्डियां होगी मजबूत

                                                        

आंवले में मौजूद तत्व हड्ड़ियों के लिए काफी लाभकारी होते हैं। दरअसल इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को कमजोर होने ही नहीं देता है। यह ऑस्टियोक्लेट्स का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों को टूटने से बचाता है। इसके नियमित सेवन से गठिया, ऑस्टियोपोरेसिस और जोड़ों से जुड़ी परेशानियों से छुटकारा मिलता है। आंवला कैल्शियम के अवशोषण में भी शरीर की मदद करता है।

अतिरिक्त वजन से मिलेगा छुटकारा

अगर आपका वजन ज्यादा है तो नियमित रूप से आंवले का सेवन शुरू कर दें। आंवला शरीर से सारे टॉक्सिन को बाहर निकाल देता है। इस वजह से खाना अच्छे से पचता है। इसके अलावा आंवले का सेवन बैड कोलेस्ट्रॉल को भी कम करता है। आंवले के फायदे की फेहरिस्त यहीं नहीं पूरी होती है। खनिज हों या लवण या फिर दूसरे विटामिन, आंवला सबको अच्छे से अवशोषित भी कर लेता है, जिससे आपका वजन कम होता है।

दिल रहेगा सेहतमंद

आंवल सेवन करने वालों को दिल के स्वास्थ्य की चिंता करने की कोई जरूरत नहीं होती है, क्योंकि यह बैड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ने ही नहीं देता है। दरअसल, आंवला दिल के दुश्मन बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता है, जिससे दिल को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंच पाता है। इतना ही नहीं, इसमें मौजूद अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स की वजह से दिल की गति सही बनी रहती है। मतलब दिल सुचारू रूप से धड़कता रहता है। आंवला रक्तचाप से जुड़ी परेशानियों को भी दूर रखता है। यही वजह है कि नियमित रूप से आंवले का सेवन करने वालों का दिल भी सेहतमंद रहता है।

त्वचा के लिए गुणकारी

                                                          

आंवला खाने वालों की त्वचा बहुत दमकती रहती है क्योंकि त्वचा के लिए आंवला बेहतरीन काम करता है। इसका सेवन करने से शरीर की रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, साथ ही इसमें एंटीफंगल गुण भी होते हैं, जो लोग आंवला समय-समय पर खाते हैं, उन्हें त्वचा से जुड़े फंगल व बैक्टीरियल इंफेक्शन की समस्या नहीं होती है। ऐसे लोगों की त्वचा इन इंफेक्शन से लड़ने के लिए हमेशा तैयार रहती है। आंवले में ऐसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो खून को साफ रखते हैं और शरीर में जमा हुए टॉक्सिन से भी लड़ते हैं। जब खून साफ रहता है तो त्वचा भी दमकती रहती है।

बाल भी रहेंगे काले-घने

बड़े-बुजुर्ग अकसर काले बालों के लिए आंवला खाने की सलाह देते हैं। यह सलाह बिल्कुल भी गलत नहीं है। आंवला बालों का भी खूब ध्यान रखता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, आयरन और विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो कि बालों को गिरने से रोकता है। इसके अलावा इसके एंटीबैक्टीरियल गुण डैंड्रफ से भी बालों को बचाते हैं।

आंखों की रोशनी रहेगी दुरुस्त

आंवला आंखों की रोशनी बढ़ाने में काफी मददगार होता है। इसको खाते रहने से आंखों की रोशनी उम्र बढ़ने पर भी दुरुस्त रहती है, साथ ही आंखों की दूसरी दिक्कत जैसे जलन और खुजली में भी राहत मिलती है। दरअसल, इसमें मौजूद विटामिन-सी, एंटीऑक्सीडेंट और ओमेगा 3 फैटी एसिड, आंखों की देखने की क्षमता बढ़ाता है। साथ ही आंवला रक्तसंचार को ठीक रखकर आंखों के देखने की क्षमता को ठीक रखता है।

पहुंचा सकता है नुकसान भी

ऐसा नहीं है कि आंवला सिर्फ शरीर को फायदा ही पहुंचाता है। इसका गलत समय या अधिकता में प्रयोग बीमारी को न्योता भी देता है। जैसे सर्दी या कफ में इसका सेवन बहुत नुकसान करता है। इसके अलावा आंवले का अचार खाने के शौकीन हैं तो थोड़ा कंट्रोल करें क्योंकि यह अचार आपके रक्तचाप को भी बढ़ा सकता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।