
दांत के कीड़े का घरेलू उपचार Publish Date : 25/07/2025
दांत के कीड़े का घरेलू उपचार
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
दांत में लगे कीड़े को खत्म करने के लिए रामबाण घरेलू इलाज, फिर कभी नहीं होगा दांत में दर्द।
दांत में कीड़े का लगना एक काफी आम समस्या है, लेकिन अगर समय रहते घरेलू उपायों से इसका उपचार किया जाए, तो दांतों को सड़ने से बचाया जा सकता है। हमारे इस लेख में बताए गए घरेलू नुस्खे न केवल दांत के दर्द से राहत देते है, बल्कि कीड़े को भी जड़ से खत्म करने में भी सहायता प्रदान करते हैं।
वर्तमान में बच्चों से लेकर बड़ों तक, दांतों में कीड़े लगने की समस्या बहुत आम हो चुकी है। इसका कारण है हमारा गलत खानपान, मीठी चीजों का अधिक सेवन करना और मुंह की ठीक से सफाई न करना आदि होते हैं। जब दांत में कीड़ा लग जाता है, तो धीरे-धीरे दांत सड़ने लगता है और उसमें तेज दर्द होना शुरू हो जाता है। दांत का दर्द इतना तेज होता है कि उसे सहन करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दांत के कीड़े का इलाज करना बहुत जरूरी हो जाता है।
आजकल बहुत से लोग मेडिकल इलाज करने से पहले दांत के कीड़े के लिए घरेलू उपाय की तलाश करते हैं। अतः आज के अपने इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी सहायता से आप अपने दांत में लगे कीड़े को जड़ से खत्म कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कुछ आसान घरेलू उपायों के बारे में जो आपको दांत के दर्द एवं उसमें लगे कीड़े से मुक्ति प्रदान कर सकते हैं-
1. सबसे असरदार उपाय है - लौंग का तेल
लौंग में नेचुरल एंटीसेप्टिक और दर्दनाशक गुण होते हैं। अक्सर जब भी दांत में दर्द या कीड़ा लग जाता है तो लौंग का यह घरेलू नुस्खा आपके लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है।
कैसे करें लौंग के तेल का उपयोग?
- सबसे पहले एक रुई का टुकड़ा ले लें।
- उस टुकड़े के ऊपर 2-3 बूंद लौंग का तेल डालें।
- अब इस रूई के टुकड़े को कीड़ा लगे दांत पर रखें और 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें।
- लौंग के तेल का यह नुस्खा आपके दर्द को तुरंत शांत करता है और कीड़े को भी धीरे-धीरे खत्म कर देता है।
2. प्रतिदिन करें नीम की दातून
नीम में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो दांतों से कीटाणुओं को हटाते हैं। ऐसे दांत में कीड़े लगने का ये घरेलू नुस्खा भी बेहद लाभकारी माना जाता है।
कैसे करें उपयोग?
- प्रतिदिन प्रातः काल के समय नीम की दातून करें।
- यदि किेसी कारणवश दातून संभव न हो, तो नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर उस पानी से आप कुल्ला भी कर सकते हैं।
- नीम की दातून करने से आपके दांत मजबूत होते हैं और दांतों में कीड़ा लगने की संभावना खत्म हो जाती है।
3. करें हल्दी और नमक का पेस्ट का मंजन
हल्दी और नमक दोनों में बैक्टीरिया मारने वाले गुण होते हैं, जिसके चलते यह घरेलू उपाय भी दांत के कीड़े खत्म करने में बहुत अच्छा काम करता है।
कैसे बनाएं और लगाएं?
- एक चुटकी हल्दी में थोड़ा सेंधा नमक मिलाएं।
- इसमें कुछ बूंद सरसों का तेल मिलाएं और पेस्ट बनाएं।
- इस पेस्ट को कीड़ा लगे दांत पर लगाएं और 10 मिनट तक रखें।
- यह तरीका कीड़े को खत्म करता है और दांत को सुरक्षित भी रखता है।
4. लहसुन की कली चबाएं
लहसुन में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो दांत के कीड़े और सूजन को कम करते हैं। इसलिए यह दांत के कीड़े से छुटकारा दिलाने में सबसे ज्यादा कारगर उपाय माना जाता है।
कैसे करें इस्तेमाल?
- एक ताजी लहसुन की कली लें और उसे चबा लें।
- या फिर उसका रस निकालकर दांत पर लगाएं।
- लहसुन का स्वाद भले ही तीखा हो, लेकिन इसका असर बहुत अच्छा होता है।
5. तेजपत्ते का चूर्ण और नारियल तेल
यह घरेलू उपाय भी दांत के कीड़ों को साफ करता है। दांत में दर्द होने या कीड़ा लगने पर यह घरेलू नुस्खा भी बहुत लाभकारी साबित हो सकता है।
कैसे बनाएं?
- सूखे तेजपत्ते को पीसकर चूर्ण बनाएं।
- उसमें थोड़ा सा नारियल तेल मिलाकर पेस्ट तैयार करें।
- इस पेस्ट को प्रभावित दांत पर लगाएं।
यह मिश्रण कीड़े को बाहर निकालता है और दांत को मजबूत करता है।
जरूरी सावधानीः
- दिन में दो बार ब्रश जरूर करें।
- मीठी चीजें खाने के बाद कुल्ला जरूर करें।
- हर 6 महीने में डेंटिस्ट से जांच करवाएं।
- कभी भी दांत के दर्द को नजर अंदाज न करें।
दांत में कीड़ा लगना आम बात है, लेकिन अगर समय रहते घरेलू उपायों से इलाज किया जाए, तो दांतों को बचाया जा सकता है। ऊपर बताए गए नुस्खे न केवल दर्द से राहत देंगे, बल्कि कीड़े को भी जड़ से खत्म कर देंगे. साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी परेशानी भी नहीं होगी।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।