बारिश के मौसम में हाइड्रेट रखेगा नींबू और चुटकी भर सेंधा नमक      Publish Date : 22/07/2025

बारिश के मौसम में हाइड्रेट रखेगा नींबू और चुटकी भर सेंधा नमक

                                                                                                                                                       डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

बारिश का मौसम अपनी ठंडी फुहारों के साथ तन-मन को तरोताजा कर देता है, लेकिन यह मौसम अपने साथ डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी लाता है। हालांकि, मानसून में प्यास कम लगने की समस्या आम है, जिसे आमतौर पर नजरअंदाज कर दिया जाता है। इन समस्याओं से निजात दिलाने में नींबू और सेंधा नमक फायदेमंद है।

डॉ0 सुशील शर्मा बताते हैं कि बारिश के मौसम में प्यास नहीं लगती तो इसका मतलब यह नहीं कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बताया कि नमी और ठंडक के कारण पसीना जल्दी नहीं सूखता, जिससे दिमाग को प्यास का एहसास कम होता है। फिर भी, शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स निकलते रहते हैं, जिसके परिणामस्वरूप थकान, सुस्ती, भूख की अधिक इच्छा या कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

                                                         

डॉ0 सुशील शर्मा ने बताया कि हाइड्रेशन का मतलब सिर्फ प्यास बुझाना नहीं, बल्कि शरीर को सुचारु रूप से कार्य करने के लिए पर्याप्त पानी और पोषक तत्व प्रदान करना है। मानसून में बारिश और नमी के कारण हमारा दिमाग गलत संकेत लेता है और सोचता है कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं है। लेकिन, वास्तव में शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की हानि होती रहती है, जो स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। ठंडा और नम मौसम प्यास के संकेतों को दबा देता है, जिससे हम पानी पीना भूल जाते हैं।

इन समस्याओं से बचने के लिए एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि पानी में नींबू और चुटकी भर सेंधा नमक मिलाकर पीना चाहिए। यह मिश्रण सादे पानी की तुलना में शरीर को बेहतर हाइड्रेट करता है, क्योंकि नींबू विटामिन-सी और एंटीऑक्सिडेंट्स प्रदान करता है, जबकि सेंधा नमक इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करता है। यह शरीर में पानी के अवशोषण को बढ़ाता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है। साथ ही वह सुझाव देते हैं कि पानी की बोतल हमेशा अपने पास रखें, ताकि पीने की याद बनी रहे।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।