गुणों का खजाना हैं ड्राई फ्रूट्स      Publish Date : 21/07/2025

                  गुणों का खजाना हैं ड्राई फ्रूट्स

                                                                                                                                              डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

  • डिप्रेशन की स्थिति में मूंगफली और काजू का सेवन करना रहता है लाभप्रद।

  • तनाव की स्थिति में बादाम का सेवन करने से मिलता है लाभ।

  • थकान और कमजोरी के मामले में अखरोट का कोई सानी नहीं है।

यदि आपके चेहरे पर थकान की शिकन है या आप कमजोरी महसूस कर रहे हैं, तो सूखे मेवों का सेवन करें। डायटीशियनों का कहना है कि यदि ड्राई फ्रूट्स को सुपर फूड्स कहा जाए, तो यह कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। ड्राइड फ्रूट्स अत्यंत महत्वपूर्ण पोषक तत्व ओमेगा-3 फैटी एसिड के समृद्व स्रोत होते हैं। ये फ्रूट्स आपके रक्त में मौजूद कोलेस्ट्राल के स्तर को भी नियंत्रित करते हैं। ऐसे में जब भी आपको स्नैक्स खाने की इच्छा हो, तो उसमें ड्राई फ्रूट्स या नट्स मिलाकर उनका सेवन करें। ऐसा करने से आपको एक अलग ही स्वाद मिलेगा।

कई अध्ययनों से यह पता चला है कि कि अपरिष्कृत (अनप्रोसेस्ड) नट्स का सप्ताह में तीन-चार बार सेवन करने से हृदय रोग होने का खतरा 25 फीसदी तक कम हो जाता है। केवल यही नहीं यदि आप लंबे अर्से से कमजोरी व थकान आदि की शिकायत से ग्रस्त हैं, तो आपके लिए नट्स का सेवन करना बहुत लाभप्रद रहेगा। आहार विशेषज्ञों के अनुसार नट्स में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपके शरीर को ही नहीं, बल्कि मस्तिष्क को भी तरोताजगी प्रदान करते हैं। इनका सेवन करने से आपका मूड खुशनुमा बनता है। इनमें एंटी ऑक्सीडेंट व कई विटामिन्स पाए जाते हैं, जो बढ़ती उम्र में भी आपको चुस्त-दुरुस्त रखते हैं।

                                                                  

नट्स में प्रोटीन भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। प्रोटीन हमारे शरीर के विभिन्न अंगों, मांसपेशियों, एंटीबॉडीज, हार्मोंस और विभिन्न एंजाइमों के निर्माण में सहायक होता है। नट्स में पर्याप्त मात्रा में जिंक भी उपलब्ध पाया जाता है। कुल मिलाकर नट्स आपके स्वास्थ्य के पहरेदार होते हैं।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।