घर बैठे कान का मैल साफ के आसान घरेलू टिप्स      Publish Date : 17/07/2025

        घर बैठे कान का मैल साफ के आसान घरेलू टिप्स

                                                                                                                                                        डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

कान का मैल हद से ज्यादा हो जाता है तो इससे विभिन्न प्रकार की परेशानी उत्पन्न होने लगती है। हालांकि कुछ आसान घरेलू नुस्खों से भी ईयरवैक्स को बाहर निकाला जा सकता है। हालांकि, इसके लिए कान में किसी तरह की कोई नुकीली चीज बिल्कुल नहीं डालनी चाहिए।

  • गुनगुना नारियल तेल या ऑलिव ऑयल कान में डालें।

  • हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का प्रयोग करने से भी कान का मैल साफ होता है।

  • गुनगुने पानी से कान को फ्लश करने से भी राहत मिलती है।

कान में कई बार ईयरवैक्स जरूरत से ज्यादा हो जाती है, जिसकी वजह से लोगों को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे आम भाषा में कान का मैल कहा जाता है। ईयरवैक्स हमारे कान को धूल, बैक्टीरिया और अन्य गंदगी से प्रोटेक्ट करने का काम करती है। यह कानों को इंफेक्शन से बचाने का काम भी करती है। हालांकि यह ज्यादा बढ़ जाए, तो कान में दर्द, खुजली और सुनने में परेशानी होने लगती है। अगर आप ईयरवैक्स से परेशान हैं, तो इसे सही तरीके से आप अपने घर पर साफ कर सकते हैं। कुछ आसान घरेलू नुस्खे आपको कान के मैल से छुटकारा दिला सकते हैं।

कान का मैल साफ करने के कुछ प्रभावी घरेलू नुस्खे

                                                       

1. गुनगुना नारियल तेल या ऑलिव ऑयल को कान में डालना एक पुराना और प्रभावी तरीका है, जो हमारे देश में सदियों से अपनाया जाता रहा है। यह तेल ईयरवैक्स को मुलायम करने में मदद करते हैं, जिससे वह आसानी से बाहर आ जाता है। इसके लिए कुछ बूंदें हल्का गर्म तेल की ड्रॉपर की सहायता से कान में डालें और सिर को कुछ मिनट के लिए तिरछा रखें। इसके बाद दूसरे साइड भी यही प्रक्रिया दोहराएं। कुछ घंटों या 1-2 दिन में कान का मैल अपने आप बहकर बाहर आ जाता है।

2. हाइड्रोजन पेरॉक्साइड एक मेडिकल केमिकल है, जो ईयरवैक्स को घोलने में मदद करता है। इसे किसी भी मेडिकल स्टोर से 3 प्रतिशत सॉल्यूशन के रूप में लिया जा सकता है। आधा चम्मच हाइड्रोजन पेरॉक्साइड को आधे चम्मच पानी में मिलाकर ड्रॉपर की मदद से कान में डालें और सिर को तिरछा करें। यह थोड़ी झुनझुनी दे सकता है, लेकिन यह ईयरवैक्स को घोलकर साफ करने में आपकी मदद करता है।

3. अगर कान में मैल ज्यादा जमा हो गया है, तो गुनगुना पानी से फ्लशिंग करना भी एक सुरक्षित तरीका है। इसके लिए एक साफ रबर बल्ब सिरिंज लें, उसमें हल्का गर्म पानी भरें और सिर को तिरछा करते हुए धीरे-धीरे कान में पानी छोड़ें. कुछ बार ऐसा करने से ईयरवैक्स अपने आप ही बाहर निकल आता है। इस प्रक्रिया को करने से पहले कान को नरम करने के लिए 1 दिन पहले तेल डालना अधिक असरकारक होता है।

4. नमक और पानी का घोल भी कान की सफाई के लिए एक प्रभावी उपाय होता है। एक चम्मच नमक को आधे कप गुनगुने पानी में मिलाकर एक कॉटन बॉल की मदद से कुछ बूंदें कान में डालें। सिर को कुछ मिनट तक तिरछा रखें और फिर साफ कपड़े से बहा हुआ मैल पोंछ लें। यह तरीका सस्ता, सुरक्षित और काफी प्रभावी माना जाता है।

5. आजकल बाजार में कई प्रकार की ईयर क्लीनिंग किट्स उपलब्ध हैं, जो घरेलू उपयोग के लिए सुरक्षित होती हैं। इनमें ड्रॉप्स, फ्लशिंग सिरिंज और निर्देश शामिल होते हैं। इन किट्स का सही तरीके से उपयोग करने पर बिना किसी दर्द या जोखिम के कान का मैल साफ किया जा सकता है। हालांकि यह ध्यान रखें कि किसी भी वस्तु को कान के अंदर ज्यादा गहराई तक कदापि न डालें क्योंकि इससे कान की झिल्ली को नुकसान हो सकता है।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।