एसी में त्वचा की देखभाल      Publish Date : 11/07/2025

                       एसी में त्वचा की देखभाल

                                                                                                                                                   डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा

एसी आपको ठंडा रखता है, लेकिन यह आपकी त्वचा की नमी को खत्म भी करता है। वातानुकूलित कमरे में रहने के बाद आपने देखा होगा कि आपकी त्वचा कुछ रूखी हो जाती है।

भीषण गर्मी के मौसम में एसी की हवा का सुख अपने आप में एक अनोखा सुख है। लेकिन क्या आपको पता है, शरीर को ठंडा रखने वाला एसी त्वचा की नमी यानी मॉइश्चर को प्रभावित करता है। घर या दफ्तर के एसी में रहने पर आपने देखा होगा कि आपकी त्वचा सूखी और बेजान-सी हो जाती है। इसका कारण होती है एसी की ठंडी हवा में ह्यूमिडिटी की कमी, जो त्वचा को रूखा और बेजान बना देती है। जिनको पहले से ही त्वचा संबंधी समस्या है, उनको एसी से अधिक दिक्कत हो जाती है। अगर आप भी एसी से होनी वाली रूखी त्वचा से परेशान हैं तो कुछ आसान उपाय अपनाकर इससे राहत पा सकते हैं।

                                                       

दहीः दही यानी योगर्ट में एंटी-इन्फ्लेमेटरी प्रॉपर्टीज होती हैं, जो त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद करती हैं। गर्मी के मौसम में दही जितना पेट को ठंडा रखने में मदद करता है, उतना ही कारगर यह रूखी त्वचा पर भी है। बस सादा दही लें और उसे चेहरे पर फेसपैक की तरह लगा लें। 10-15 मिनट बाद त्वचा को साफ पानी से धो लें।

शहदः शहद में एंटी-बैक्टीरियल तत्व होते हैं, जो रूखी और बेजान त्वचा के लिए वरदान हैं। यह त्वचा की नमी को बरकरार रखता है। इसे 10 मिनट के लिए चेहरे पर लगाएं, फिर साफ पानी से चेहरा धो लें। बस यह ध्यान रखें कि शहद मिलावटी न हो।

नारियल का तेलः नारियल का तेल सिर्फ बालों को सुंदर बनाने या चेहरे के दाग-धब्बों को दूर करने में मदद नहीं करता है, बल्कि यह सूखी त्वचा को मुलायम भी बनाता है। इसमें इमोलियंट होता है, जो स्किन सेल्स को भरने का काम करता है। इसमें सैचुरेटेड फैट भी होता है, जो त्वचा को हाइड्रेट करता है। यह तेल आसानी से चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगाया जा सकता है।

पेट्रोलियम जेलीः पेट्रोलियम जेली न सिर्फ रूखे होंठों को नरम और मुलायम बनाती है, बल्कि यह रूखी त्वचा को भी मुलायम करके उसकी नमी को लॉक करती है। नहाने के तुरंत बाद चेहरे पर पेट्रोलियम जेली लगाएं और हल्का मसाज करें।

एसी का उचित तापमान 26-28 डिग्री

  • एसी का उपयोग अगर घर में कर रही हैं तो तापमान को 26-28 डिग्री के बीच ही रखें।
  • त्वचा पर अच्छे मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें। जरूरी नहीं कि बाजार से महंगी चीज ही लें। नारियल का तेल और वैसलीन भी इसमें आपकी मदद कर सकते है।
  • बहुत गरम या ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें, बल्कि गुनगुने पानी से नहाएं।
  • ग्लिसरीन वाले साबुन से ही नहाएं।
  • नहाने के बाद त्वचा और शरीर पर नारियल का तेल लगाएं।
  • आज के समय में बार-बार हाथ धोना पड़ता है। ऐसे में जब भी साबुन से हाथ धोएं, उसके बाद अपने हाथों पर नारियल का तेल अवश्य लगाएं।
  • इस मौसम में कम से कम दो से तीन लीटर पानी जरूर पीएं।

लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।