
गर्मी में शरीर रहेगा शीतल Publish Date : 28/06/2025
गर्मी में शरीर रहेगा शीतल
डॉ0 सुशील शर्मा एवं मुकेश शर्मा
आजकल ग्लोबल वार्मिंग के चलते तापमान में लगातार वृद्धि ही होती जा रही है। ऐसे में अपने और अपनों को स्वस्थ रखना भी एक बड़ी चुनौति बनती जा रही है। गर्मी के दिनों में जिस प्रकार से तालाबों, झीलों और नदियों में पानी कम होने लगता है, ठीक इसी तरह से हमारे शरीर के जलीय अंश में भी कमी होने लगती है। जल की कमी होने से लू लगने, कब्ज, थकान और कई अन्य समस्याएं होने की आशंका बढ़ जाती है। अतः इन दिनों हमें किस प्रकार के खानपान को वरीयता देनी चाहिए जिससे कि हमारे शरीर में संतुलित जल की मात्रा एवं बनी रहे शीतलता भी बनी रहे, इसके बारे में बता रहे हैं हमारे आयुवेर्दिक एक्सपर्ट डॉ0 सुशील शर्मा-
प्रकृति ने हर मौसम के हिसाब से विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं है। इनका सेवन करके हम स्वस्थ और ऊर्जावान रह सकते हैं। हर मौसम में आने वाले फलों और सब्जियों की यह विशेषता होती है कि वे उस मौसम में होने वाली विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत दिलाते हैं। गर्मी के दिनों में आने वाले मौसमी फलों और सब्जियों में जल की मात्रा काफी अधिक होती है। इनके सेवन से हमारे शरीर के लिए आवश्यक बहुत से पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। अतः गर्मी के मौसम में ऐसे खाद्य पदार्थो का सेवन करना चाहिए, जिनमें जल की मात्रा अधिक हो और शरीर को पोषण भी पर्याप्त मात्रा में मिलता रहे।
गर्मी में भुने चने और जी को मिलाकर बनाए गए सत्तू का सेवन करना बहुत लाभदायक रहता है। इसमें सेंधा नमक या काला नमक और भुना हुआ जीरा डालने से शरीर को काफी आराम मिलता है। सत्तू को पेय के रूप में भी उपयोग किया जा सकता है। अगर आप मीठा सत्तू खाना चाहते है तो इसमे आपको शक्कर की जगह गुड़ का प्रयोग करना चाहिए। सतू के सेवन से शरीर के लिए आवश्यक कार्बाेहाइड्रेटस, प्रोटीन, कैल्शियम और कई विटामिंस प्राप्त होते हैं। सतु के सेवन से लू लगने की संभावना काफी कम ही जाती है और साथ ही शरीर में जलीय अंश संतुलित बना रहता है।
इन दिनों बाजार में खरबूजा और तरबूज भारी मात्रा में मिलते है। खरबूजा का सेवन न केवल गर्मी से राहत दिलाता है, बल्कि यह हमारे लीवर के लिए भी लाभकारी होता है। तरबूज का सेवन भी शरीर के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमे जल की मात्रा काफी अधिक होती है। बस एक बात का ध्यान रखें कि इनका सेवन करने के पश्चात आपको पानी नहीं पीना चाहिए। तरबूज में प्राकृतिक रूप ने नमक, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं. जो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं।
गर्मी के मौसम में प्याज का सेवन बहुत लाभकारी माना गया है। हालांकि इसका सेवन कच्चे अर्थात सलाद के रूप में ही करना चाहिए। भूनने से इसके पोषक तत्वों में कमी आ जाती है। प्याज का सेवन करने से लू लगने की संभावना नहीं रहती है। इसके साथ ही इसमें मिलने वाले कई पोषक तत्व शरीर को गर्मी से राहत दिलाते हैं। प्याज का सेवन करना, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी बहुत कारगर भूमिका निभाता है।
हर मौसम में नींबू का किसी भी रूप सेवन स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभकारी होता है। इसके सेवन से लू लगने की आशंका कम हो जाती है साथ ही दस्त आदि से भी राहत मिलती है। नींबू में मिलने वाले विटामिंस और अन्य पोषक तत्व ब्लड प्रेशर की समस्या से छुटकारा दिलाते हैं। फिर चाहे वह लो ब्लड प्रेशर हो या हाई। नींबू शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता की मजबूत बनाता है। इसका सेवन हृदय के लिए बहुत लाभकारी होता है साथ ही यह रक्त को साफ करने का काम करता है और शरीर में आक्सीजन की मात्रा भी बढ़ाता है।
गर्मी में दही और छाछ का सेवन करना भी बहुत लाभकारी माना जाता है। हालांकि एक बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि दही में नमक मिलाकर नहीं खाना चाहिए। सादा दही खा सकते हैं या फिर इसे गुड़ के साथ खाना चाहिए। इससे इसके पोषक तत्वों में कमी नहीं हो पाती है। आप चाहे तो दही में पानी मिलाकर भी ले सकते हैं। छाछ में भुना हुआ जीरा और सेधा या काला नमक मिलाकर पीना चाहिए। छाछ का सेवन गुड के साथ भी किया जा सकता है। इसका सेवन चाय की तरह करना चाहिए अर्थात एक-एक घूंट पीकर, एक साथ नहीं। अगर अर्थराइटिस की समस्या है तो ठंडा दही नहीं खाना चाहिए।
लेखकः डॉ0 सुशील शर्मा, जिला मेरठ के कंकर खेड़ा क्षेत्र में पिछले तीस वर्षों से अधिक समय से एक सफल आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में प्रक्टिस कर रहे हैं।