किडनी खराब होने पर दिखाई देने वाले लक्षण      Publish Date : 09/11/2024

                किडनी खराब होने पर दिखाई देने वाले लक्षण

                                                                                                                                                डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा

Symptoms of Damage Kidney: शुरुआती स्तर पर किडनी में होने वाली समस्याओं का उपचार संभव है, इसलिए पेशाब में दिखाई देने वाले कुछ परिवर्तनों/लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते इनका उपचार कराएं। ऐसे में यदि नीचे दिए गए लक्षणों में से कोई भी एक या अधिक लक्षण लंबे समय तक बने रहते है, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें, और उचित उपचार कराएं अन्यथा बाद में आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

खराब किडनी के लक्षण (Symptoms Of Damaged Kidney)

                                                               

पेशाब के माध्यम से किडनी की सेहत के बारे में विभिन्न संकेत प्राप्त होते हैं। हम जानते हैं कि किडनी का मुख्य कार्य शरीर के विषाक्त पदार्थों और अतिरिक्त तरल को बाहर निकालना होता है। ऐसे में यदि किडनी में कोई समस्या होती है, तो यह हमारे पेशाब में बदलाव के रूप में दिखाई दे सकती है, इसका हमें विशेष ध्यान रखना चाहिए। विशेषज्ञ बताते हैं कि किडनी के खराब होने के शुरुआती संकेत पेशाब में स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं, खासकर रात में बार-बार पेशाब आने के दौरान। यदि आपने इस समस्या पर समय पर ध्यान न दिया, तो यह समस्या गंभीर रूप भी धारण कर सकती है। हमारे प्रस्तुत लेख में 5 ऐसे ही सामान्य लक्षण दिए गए हैं, जो किडनी की परेशानी सम्बन्धित समस्याओं का संकेत भी हो सकते हैं।

पेशाब में झाग या फेन (Foamy Urine)

यदि रात में पेशाब करते समय पेशाब में झाग नजर आता है, तो यह प्रोटीन के रिसाव का संकेत हो सकता है। एक स्वस्थ किडनी प्रोटीन को फिल्टर कर वापस शरीर में स्टोर करती है, जबकि क्षतिग्रस्त किडनी ऐसा करने में असमर्थ होती है। इसलिए आपको इस लक्षण को पहचानना चाहिए और यदि आपको अपने पेशाब में झाग नजर आते हैं तो तुरंत ही डॉक्टर से सम्पर्क करें।

पेशाब के रंग का बदलना (Change In Urine Color)

                                                                

सामान्यतः पेशाब का रंग हल्का पीला होता है, लेकिन किडनी की समस्या होने पर यह गहरा पीला, नारंगी, भूरा या गुलाबी हो सकता है। पेशाब के रंग में आने वाला इस परिवर्तन का कारण रक्त का रिसाव या टॉक्सिन्स का अधिक मात्रा में निकलना हो सकता है। इसलिए अपने पेशाब के रंग पर जरूर ध्यान देना चाहिए।

पेशाब की मात्रा में बदलाव (Change In Urine Quantity)

रात में बार-बार पेशाब आने या पेशाब की मात्रा में कमी होना भी किडनी समस्या का संकेत हो सकता है। किडनी की क्षमता प्रभावित होने पर यूरिनेशन का पैटर्न भी बदल सकता है। इसलिए अगर आपकी पेशाब की मात्रा में बदलाव हो तो उस पर ध्यान दें और डॉक्टर से संपर्क करें।

पेशाब में जलन या दर्द (Burning Urine)

पेशाब के दौरान जलन या दर्द महसूस होना भी किडनी संक्रमण या अन्य समस्याओं का लक्षण हो सकता है। यह संकेत है कि किडनी फिल्टरिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पा रहा है। अगर आपको पेशाब के दौरान ऐसा लक्षण महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से संपर्क करने में देर न करें।

पेशाब से दुर्गंध आना (Smelly Urine)

                                                                     

पेशाब में अधिक दुर्गंध आना भी किडनी में होने वाले किसी संक्रमण का संकेत हो सकता है। किडनी की समस्या आने पर शरीर से टॉक्सिन्स सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाते और इसके कारण पेशाब में दुर्गंध हो सकती है। अधिकतर लोग इस लक्षण को इग्नोर ही कर देते हैं, जबकि ऐसा करना किडनी के स्वास्थ्य के लिए खतरा हो सकता है।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।