
कृषि विश्वविद्यालय में ‘खेल स्पर्धा-2026’ का आयोजन Publish Date : 28/11/2026
कृषि विश्वविद्यालय में ‘खेल स्पर्धा-2026’ का आयोजन
-
स्पर्धा-2026’ में खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच जारी, बैडमिंटन बालक वर्ग में कृषि महाविद्यालय विजेता
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) त्रिवेणी दत्त के मार्गदर्शन में 25 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘स्पर्धा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के बालक वर्ग में कृषि महाविद्यालय (CoA) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय (CoVAS) की टीम उपविजेता रही।

इसी क्रम में कबड्डी प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का भी निर्धारण हुआ। दोनों वर्गों में फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों ने अन्य महाविद्यालयों की टीमों को पराजित करते हुए अपनी जगह सुनिश्चित की। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला पोस्ट हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी महाविद्यालय (CoPHT) एवं गन्ना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (CoSS&T) के मध्य खेला जाएगा। वहीं, बालिका वर्ग में पोस्ट हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी महाविद्यालय (CoPHT) एवं कृषि महाविद्यालय (CoA) की टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले 2 दिसंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना एवं खेल भावना का परिचय दिया। विश्वविद्यालय के खेल अधिकारियों, संकाय सदस्यों एवं विभिन्न महाविद्यालयों के खेल समन्वयकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। ‘स्पर्धा-2026’ के अंतर्गत 2 दिसंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रहेगा।