कृषि विश्वविद्यालय में एनसीसी के विशेष कार्यक्रम का आयोजन      Publish Date : 30/08/2026

कृषि विश्वविद्यालय में एनसीसी के विशेष कार्यक्रम का आयोजन

  • एनसीसी CATC-264 एवं प्री-टीएससी कैंप के नौवें दिन कुलपति का जताया आभार, रजिस्ट्रार डॉ. वी.पी. सिंह हुए सम्मानित

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ के सहयोग से आयोजित एनसीसी CATC-264 एवं प्री-टीएससी कैंप के नौवें दिन गांधी भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैंप के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वी. पी. सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैंप कमान अधिकारी कर्नल सौरभ डिमरी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए एनसीसी के माध्यम से उनमें एकता, अनुशासन, नेतृत्व, जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने पर जोर दिया। कर्नल डिमरी ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को जीवन की कठिन परिस्थितियों का दृढ़ता से सामना करने, अनुशासित जीवन जीने तथा एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कैंप में गार्ड ऑफ ऑनर के लिए विश्वविद्यालय की दो छात्राओं अक्षा बानो एवं शीत सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल सौरभ शाही, सूबेदार मेजर संजय शर्मा, एएनओ लेफ्टिनेंट अहमद फहीम, एएनओ अवधेश कुमार, एएनओ राकेश शर्मा, एएनओ कमलेश, पीआई स्टाफ सहित लगभग 400 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।