पर्यावरण की सुरक्षा हेतु एक पौधा लगाएं, अभियान प्रारंभ      Publish Date : 31/07/2026

पर्यावरण की सुरक्षा हेतु एक पौधा लगाएं, अभियान प्रारंभ

सोसायटी और ग्रीन वर्ल्ड फॉर सस्टेनेबल एनवायरनमेंट की ओर से गांव दुल्हेड़ा में ग्राम प्रधान बाल किशोर चौहान के साथ बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में गाँव तथा आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा कर बड़े करने तक का संकल्प दिलाया गया। सोसाइटी ऑफ़ ग्रीन वर्ल्ड 4 सस्टेनेबल एनवायरनमेंट के सचिव डॉ॰ आर. एस. सेंगर ने कहा कि मुझे श्रावण का महीना बहुत अच्छा लगता है, क्योंकि इस समय चारों ओर हरियाली छा जाती है। बारिश की ठंडी फुहारें मन को सुकून देती हैं और प्रकृति अपने सबसे सुंदर रूप में दिखाई देती है। इस बार सोसाइटी के सभी सदस्यों ने तय किया है कि सावन का स्वागत केवल उत्सव मनाकर नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रकृति के लिए कुछ अच्छा करके किया जाएगा। इसी उद्देश्य से, हमने अपनी थीम “सावन ड्राइव” के अंतर्गत एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया है।

                                          

पौधे पर्यावरण के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं और यह प्रदूषण कम करने और अपने गुणों के कारण लोगों को राहत देते हैं। आज लगाया गया एक छोटा सा पौधा आने वाले वर्षों में एक विशाल वृक्ष बनेगा और लोगों को छाया, स्वच्छ वातावरण तथा जीवन दाई ऑक्सीजन प्रदान करेगा।

सोसाइटी की प्रेसिडेंट सरिता सेंगर ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग, बढ़ते प्रदूषण, जंगलों की कटाई और अनियमित वर्षा जैसी गंभीर पर्यावरण चुनौतियों का सामना कर रही है। लगातार बढ़ते तापमान का असर हमारे जीवन और प्रकृति दोनों पर दिखाई दे रहा है। ऐसे समय में, मुझे लगता है कि केवल चिंता करने से कुछ नहीं होने वाला, हम सभी को अपने स्तर पर छोटे छोटे कदम उठाने होंगे और पौधारोपण, उनमें सबसे सरल तथा प्रभावी उपाय है। सावन का मौसम पौधे लगाने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस समय पर्याप्त वर्षा होने से पौधों की जड़ें आसानी से मजबूत हो जाती हैं और उनकी बढ़वार भी अच्छी होती है। इसलिए हमने निश्चय किया है कि एक पौधा लगाकर ही नहीं, बल्कि उसे नियमित पानी देकर उसकी सुरक्षा और उसकी देखभाल करके भी अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगी। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करके उसे संभालना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को एक पौधे को लगाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए तो हमारी धरती फिर से हरी भरी बन सकती है। हमारे लिए ग्रीन सावन ड्राइव एक गतिविधि नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति प्रेम जिम्मेदारी और भविष्य के प्रति प्रकृति को अच्छा करने का संकल्प है। हमें पूरा विश्वास है कि आज लगाया गया एक छोटा सा पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ सुरक्षित खुशहाल पर्यावरण को मजबूत करेगा।

कृषि  वैज्ञानिक डा आर. एस. सेंगर ने बताया कि सावन का महीना हरियाली, वर्षा और प्रकृति की सुंदरता का प्रतीक माना जाता है। बारिश के बाद पेड़ पौधे अधिक हरे भरे और ताजगी से भरपूर दिखाई देते हैं। इसके पीछे एक वैज्ञानिक कारण भी है। वर्षा के दौरान वातावरण मौजूद नाइट्रोजन से जुड़े यौगिक मिट्टी में पहुंचते हैं जो पौधों की वृद्धि में सहायक होते हैं। नाइट्रोजन पौधों के लिए एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो पत्तियों को हरा भरा रखने, नई शाखाएं विकसित करने और बेहतर विकास में मदद करता है। बिजली चमकने और अन्य प्राकृतिक प्रक्रियाओं से वायुमंडलीय नाइट्रोजन ऐसे रूप में बदलती है जिसे पौधे मिट्टी के माध्यम से ग्रहण कर सकते हैं। हालाँकि, पौधे हवा से सीधे नाइट्रोजन नहीं लेते, बल्कि इसे मिट्टी से प्राप्त करते हैं, सावन हमें प्रकृति के इस अद्भुत चक्र को समझने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करता है। हमें अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। इस मुहिम में ज्यादा से ज्यादा बच्चों के अलावा, घर के सभी सदस्यों का योगदान होना चाहिए।