कृषि विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन      Publish Date : 28/06/2026

कृषि विश्वविद्यालय के 19वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, मेरठ के 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले आगामी 19वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति समिति कक्ष में माननीय कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में माननीय कुलपति ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन है, अतः इसकी प्रत्येक व्यवस्था गरिमापूर्ण, अनुशासित एवं उत्कृष्ट होनी चाहिए। उन्होंने सभी समितियों एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

              

बैठक में दीक्षांत समारोह से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, जैसे समारोह स्थल की तैयारी, उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण, शैक्षणिक शोभायात्रा, विशिष्ट अतिथियों के आमंत्रण, प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था, आतिथ्य, परिवहन, बैठक व्यवस्था, मीडिया समन्वय, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, स्वर्ण एवं अन्य पदक विजेता विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को समय से आमंत्रण भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समारोह में समय पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।

             

विभिन्न समितियों के संयोजकों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा आश्वासन दिया कि सभी तैयारियाँ निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएंगी।

बैठक में विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. वी. पी. सिंह, वित्तनियंत्रक श्री पंकज चतुर्वेदी, अधिष्ठाता, स्नातकोत्तर अध्ययन डॉ. डी. के. सिंह, विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, विभिन्न निदेशालयों के निदेशक, विभिन्न समितियों के संयोजक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

           

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित अधिकारियों एवं समितियों के समन्वित प्रयासों से विश्वविद्यालय का 19वाँ दीक्षांत समारोह गरिमामय, भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।