
विश्व पर्यावरण दिवस एवं मिशन लाइफ पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन Publish Date : 06/06/2026
विश्व पर्यावरण दिवस एवं मिशन लाइफ पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस एवं मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं द्वारा पोस्टर तथा प्रदर्शनी लगाई गई। पर्यावरण महत्ता पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कर पुरस्कार वितरित किये गए। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय वन सेवा (IFS) की वरिष्ठ अधिकारी सुश्री वंदना फोगाट रहीं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की एनईपी समन्वयक एवं यूजीसी नोडल अधिकारी डॉ. अर्चना आर्या ने मिशन लाइफ की अवधारणा, इसके उद्देश्यों तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मिशन लाइफ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण हेतु जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला एक जनांदोलन है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि सुश्री वंदना फोगाट, आईएफएस ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के अग्रदूत बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय ने विश्व पर्यावरण दिवस एवं मिशन लाइफ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय परिवर्तन का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा मिशन लाइफ के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अखिलेश वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, मिशन लाइफ के संदेश, तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।
