कृषि विश्वविद्यालय में सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, उत्तर प्रदेश द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव      Publish Date : 22/04/2026

कृषि विश्वविद्यालय में सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, उत्तर प्रदेश द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव

देश में दुग्ध उत्पादन एवं उनके प्रोडक्ट की असीम संभावनाएं: भास्कर तिवारी, हेड-सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में आज निदेशालय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट के तत्वावधान में सहज मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्राइवेट लिमिटेड, उत्तर प्रदेश द्वारा बी.टेक डेयरी टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया।

सहज मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन की स्थापना 17 अक्टूबर 2014 को हुई थी तथा इसका मुख्यालय आगरा में स्थित है। संस्था ने 12 दिसंबर 2014 से अपने व्यावसायिक कार्य प्रारंभ किए। वर्तमान में यह संगठन उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में कार्यरत है तथा प्रतिदिन लगभग 5.80 लाख किलोग्राम दूध का संग्रह अपने पंजीकृत सदस्यों से कर रहा है। संस्था के उत्पादों में मिनरल मिक्सचर, कैटल फीड, मिल्क वैन एटीएम एवं विभिन्न पैक साइज में घी शामिल हैं।

                

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में आयोजित इस प्लेसमेंट ड्राइव का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में सहज मिल्क के हेड क्वालिटी कंट्रोल अमित कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में दुग्ध उत्पादन एवं उससे संबंधित उत्पादों की असीम संभावनाएं हैं और इस क्षेत्र में युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य उपलब्ध है।

इस अवसर पर हेड एचआर भास्कर तिवारी एवं असिस्टेंट मैनेजर (रिक्रूटमेंट) राजीव रंजन ने भी विद्यार्थियों को डेयरी क्षेत्र में गुणवत्ता, उत्पादन एवं रोजगार अवसरों के विषय में विस्तृत जानकारी दी।

                 

पोस्ट हार्वेस्ट कॉलेज के डेयरी टेक्नोलॉजी के कुल 18 छात्र-छात्राओं ने साक्षात्कार में भाग लिया, जिनमें से प्रथम चरण में 11 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को दूसरे चरण के इंटरैक्शन हेतु आगरा आमंत्रित किया गया है, जिसके लिए कंपनी द्वारा यात्रा व्यय भी प्रदान किया जाएगा।

यह कार्यक्रम निदेशक, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डॉ. आर.एस. सेंगर के मार्गदर्शन तथा सहायक निदेशक, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट डॉ. निमिषा तेहरी के समन्वयन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सहयोग हेतु पोस्ट-हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी एवं फूड प्रोसेसिंग महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर इंजीनियर अनु कुमारी एवं इंजीनियर विशाल भी उपस्थित रहे।