
“साधना सप्ताह– “iGOT कर्मयोगी” विषयक बैठक का आयोजन Publish Date : 09/04/2026
“साधना सप्ताह– “iGOT कर्मयोगी” विषयक बैठक का आयोजन
तकनीकी महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में “साधना सप्ताह–iGOT कर्मयोगी” के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन अधिष्ठाता, तकनीकी महाविद्यालय डॉ. जयवीर सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों एवं गैर-तकनीकी कर्मचारियों की उपस्थितिर ही।
बैठक के दौरान अधिष्ठाता महोदय ने “साधना सप्ताह–iGOT कर्मयोगी” के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पहल केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्म-विकास, कर्तव्यनिष्ठा एवं कार्य कुशलता को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से सभी को आधुनिक ज्ञान, नई कार्यशैली एवं डिजिटल दक्षता को अपनाने का अवसर प्राप्त होता है, जिससे कार्य की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता में वृद्धि होती है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज हम सभी “साधना सप्ताह–iGOT कर्मयोगी” के अवसर पर एकत्रित हुए हैं, जो हमें एक जिम्मेदार, सक्षम एवं परिणामोन्मुख कर्मयोगी बनने की दिशा में प्रेरित करता है। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न ऑनलाइन कोर्सों में सक्रिय भागीदारी की, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का भी विकास हुआ।

बैठक में यह भी बताया गया कि इस सप्ताह ने यह स्पष्ट किया है कि निरंतर सीखना ही सफलता की कुंजी है। बदलते समय के साथ नई तकनीकों एवं कौशलों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे हम अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।
अधिष्ठाता महोदय ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं विशेष रूप से नोडल अधिकारी का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस प्रकार की सीखने की प्रक्रिया को आगे भी निरंतर जारी रखें तथा प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का अपने कार्यस्थल पर प्रभावी उपयोग करें। अंत में उन्होंने कहा कि “साधना सप्ताह” केवल एक सप्ताह तक सीमित न रहकर हमारी दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
