
कृषि विश्वविद्यालय में महिलाओं को सुगंधित तेलों से उत्पाद बनाने पर तीन दिवसीय कौशल कार्यशाला का आयोजन Publish Date : 19/06/2025
कृषि विश्वविद्यालय में महिलाओं को सुगंधित तेलों से उत्पाद बनाने पर तीन दिवसीय कौशल कार्यशाला का आयोजन
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के माननीय कुलपति डा0 के. के. सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली के द्वारा वित्त पोषित परियोजना के अन्तर्गत ग्रामीण महिलाओं के लिये कौशल विकास प्रशिक्षण पर तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मौलिक विज्ञान विभाग, कृषि महाविद्यालय दिनांक 19 जून से लेकर 21 जून, 2025 तक किया जा रहा है। यह परियोजना सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ एवं भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मेरठ के साझा रूप में क्रियान्वित की जा रही है।
कार्यक्रम में डा0 रश्मि, प्रोफेसर व परियोजना अन्वेषक ने गांव से आई हुई सभी महिलाओं का स्वागत किया एवं लैमन घास से सुगंधित तेल बनाने की प्रक्रिया प्रयोगशाला में सिखाई तथा महिलाओं को सुगंधित तेल व उनसे बनने वाले अन्य उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। डा0 रश्मि ने अपने शब्दों में बताया कि आज की नारी शिक्षा व कौशल के दम पर पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है और अब वह दिन दूर नही जब लोगों की सोच उन्हें समानता की नजरों से देखेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डा0 कमल खिलाड़ी, निदेशक शोध ने की। अध्यक्ष महोदय ने महिलाओं को कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके आस-पास पाए जाने वाले सुगंधित पौधों के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम में डा0 विवेक धामा, अधिष्ठाता कृषि के द्वारा महिलाओं को परियोजना में जुड़ने व विश्वविद्यालय में चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने का आवाह्न किया।
इस अवसर पर डा0 निशा वर्मा, वैज्ञानिक, भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मेरठ के द्वारा प्रतिभागियों को प्राकृतिक रंगों से रंगाई व छपाई के बारे में जानकारी प्रदान की गई। अगले दो दिनों में कार्यशाला में महिलाओं को सुगंधित फूलों से अगरबत्ती, धूपबत्ती व सुगंधित मोमबत्ती बनाने की जानकारी प्रदान की जायेगी। कार्यक्रम में दौराला ब्लॉक की 40 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागेदारी की।
कार्यक्रम में भावना यादव, व मनीशा मलिक, सदस्य नेचर फाउन्डेशन ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन वर्णिका त्यागी द्वारा किया गया। अन्त में सभी अतिथियों का धन्यावाद डा0 निशा वर्मा द्वारा पारित किया गया।