
मोबाइल की लत से बच्चों को घेर रहा अवसाद Publish Date : 21/11/2026
मोबाइल की लत से बच्चों को घेर रहा अवसाद
डॉ0 दिव्यांशु सेंगर एवं मुकेश शर्मा
मोबाइल फोन और टीवी की अत्यधिक लत बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। इससे बच्चों के परिवार और समाज से भावनात्मक संबंध टूट रहे हैं। संवाद की प्राकृतिक प्रक्रिया समाप्त हो रही है, जिससे बच्चों में अवसाद के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
मेरठ मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में प्रतिदिन 35 से 40 बच्चे परामर्श के लिए आ रहे हैं। ये बच्चे दिन में 12 से 14 घंटे स्क्रीन के सामने बिताते हैं। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से उनमें अनिंद्रा की समस्या, एकाग्रता में कमी और चिड़चिड़ापन आदि देखने को मिल रहा है। साथ ही गंभीर अवसाद के लक्षण भी सामने आ रहे हैं।
बच्चे अधिक आलसी हो रहे हैं

बाल रोग विभाग की अध्यक्ष अनुपमा वर्मा के द्वारा इस समस्या पर एक विस्तृत अध्ययन किया गया है। उन्होंने बताया कि अब गर्मियों की छुट्टियों में बच्चे अधिक आलसी हो रहे हैं। वास्तविक दुनिया से उनका संपर्क लगभग समाप्तप्रायः हो चुका है। बच्चे अपनी आंतरिक भावनाएं भी परिवार के साथ साझा नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते वे अवसाद का शिकार होते जा रहे हैं।
8 से 14 वर्ष के बच्चों में है अधिक समस्या
इस अध्ययन में पाया गया कि 8 से 14 वर्ष के बच्चों में यह समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। छोटे बच्चे भी दोस्तों के साथ खेलने के बजाय वीडियो गेम्स और सोशल मीडिया में खोए रहते हैं। माता-पिता की व्यस्तता भी इसका एक बड़ा कारण है, जो बच्चों को खेलने के लिए मोबाइल थमा देते हैं। स्क्रीन की लत से बच्चों का सामाजिक विकास प्रभावित हो रहा है।
’’माता-पिता अक्सर बच्चों को मोबाइल दिखाते हुए खाना खिलाते हैं। बाल मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि पालन-पोषण शैली में बदलाव और स्क्रीन पर बिताए गए समय की सीमा तय करना जरूरी है। समय रहते इसे नियंत्रित न करने पर भावी पीढ़ी मानसिक रूप से कमजोर हो सकती है।’’
ऐसे करें बच्चों का स्क्रीन टाइम कम

स्क्रीन टाइम सीमा तय करें: 2-5 साल के बच्चों के लिए 1 घंटे से कम, 6-12 साल के लिए 2 घंटे से कम प्रतिदिन।
परिवार के साथ भोजन और बातचीत का समयः प्रतिदिन कम से कम एक समय मोबाइल-फ्री रखें और बच्चों से आप स्वयं बात करें।
आउटर गतिविधियां बढ़ाएं: खेल, साइकिलिंग, पार्क जाना आदि को प्रोत्साहित करें। इन दिनों समर कैंप चलते हैं, बच्चों को कुछ नया सिखाया जाना चाहिए।
शैक्षिक ऐप्स का संतुलित उपयोगः मनोरंजन के साथ पढ़ाई संबंधी कंटेंट को प्राथमिकता दें।
समय पर नींदः रात 9 बजे के बाद मोबाइल बंद रखें और बच्चों की नींद को आवश्यक रूप से पूरी करवाने का प्रयास करें।

लेखक: डॉ0 दिव्यांशु सेंगर, प्यारे लाल शर्मां, जिला चिकित्सालय मेरठ मे मेडिकल ऑफिसर हैं।